गणतंत्र दिवस उपद्रव : दिल्ली पुलिस ने राकेश टिकैत को जारी किया नोटिस.. राकेश टिकैत की अकड़ बरक़रार.. सरकार को सीधी धमकी – “ग़ाज़ीपुर में लाईट बंद कर दी गई.. कोई भी हरकत हुई तो किसान थानों में घुसेंगे.. हरकत मत करो”

नई दिल्ली,28 जनवरी 2021। गणतंत्र दिवस पर ट्रेक्टर रैली के ज़रिए दिल्ली के भीतर पहुँच कर उपद्रव करने,लाल क़िले को क्षतिग्रस्त करने और पंथ विशेष का झंडा लगाए जाने के मसले में मीडिया रिपोर्ट है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के सख़्त तेवर के बाद पुलिस ने दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज किए हैं। रिपोर्टस के अनुसार इनमें गंभीर धाराओं के साथ एफआईआर दर्ज की गई है। भारतीय किसान यूनियन के राकेश टिकैत को एक नोटिस दिल्ली पुलिस की ओर से भेजा गया है जिसमें यह पूछा गया है –
“26 जनवरी को ट्रेक्टर रैली के संबंध में पुलिस के साथ समझौते को तोड़ने के लिए उनके खिलाफ क़ानूनी कार्यवाही क्यों ना की जाए”
इधर उत्तर प्रदेश पुलिस ने ग़ाज़ीपुर आंदोलन स्थल पर फ़्लैग मार्च किया है। किसान यूनियन की ओर से आरोप लगाया गया है कि देर रात धरना स्थल की बिजली बंद कर दी गई।
भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत के तेवर अब भी ढीले नही पड़े हैं, ग़ाज़ीपुर का जिक्र करते हुए राकेश टिकैत ने सरकार को धमकी के अंदाज में कहा है –
“कोई भी हरकत हुई तो किसान थानों में घुसेंगे..हरकत मत करो”
लाल क़िले प्रकरण पर राकेश टिकैत ने पल्ला झाड़ा है और पुलिस पर ही उँगली उठाई है। राकेश टिकैत ने कहा –
“कोई वहां जाता है और झंडा फहराता है, कोई फायरिंग क्यों नहीं की गई? पुलिस कहां थी? वह वहां कैसे गया? पुलिस ने उसे छोड़ने की अनुमति दी और उसे गिरफ्तार नहीं किया। अभी भी कुछ नहीं किया गया है। वह व्यक्ति कौन था जिसने पूरे समुदाय को परेशान किया”
