रजनीकांत को दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड, केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने की घोषणा… इन हस्तियों को भी मिल चुका है अवॉर्ड, जानिए इसकी खासियत

नईदिल्ली 1 अप्रैल 2021। साउथ सुपरस्टार रजनीकांत को साल 2019 का दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड दिया जाएगा। यह घोषणा सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। जावड़ेकर ने ट्विटर हैंडल पर इस बारे में पोस्ट किया है साथ ही जूरी को धन्यवाद भी दिया। रजनीकांत को 51वां दादा साहेब फाल्के सम्मान मिलेगा। प्रकाश जावड़ेकर ने ट्विटर पर रजनीकांत की तस्वीर के साथ पोस्ट किया, यह बताते हुए खुशी हो रही है कि साल 2019 का दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड भारतीय सिनेमा के इतिहास के महान एक्टर्स में से एक रजनीकांत को दिया जा रहा है। बतौर एक्टर, प्रोड्यूसर और स्क्रीनराइटर उनका योगदान आइकॉनिक रहा है। साथ ही उन्होंने जूरी आशा भोसले, सुभाष घई, मोहनलाल, शंकर महादेवन और बिस्वजीत चटर्जी को धन्यवाद दिया।
दादा साहब फाल्के को भारतीय सिनेमा का जन्मदाता कहा जाता है। उनका जन्म 30 अप्रैल 1870 को हुआ था। 1913 में उन्होंने ‘राजा हरिशचंद्र’ नाम की पहली फुल लेंथ फीचर फिल्म बनाई थी। दादा साहब सिर्फ एक निर्देशक ही नहीं बल्कि एक जाने माने निर्माता और स्क्रीन राइटर भी थे। उन्होंने 19 साल के फिल्मी करियर में 95 फिल्में और 27 शॉर्ट फिल्में बनाईं। लेकिन ‘द लाइफ ऑफ क्रिस्ट’ उनके करियर का टर्निंग प्वाइंट माना जाता है। भारतीय सिनेमा में दादा साहब के ऐतिहासिक योगदान के चलते 1969 से भारत सरकार ने उनके सम्मान में ‘दादा साहब फाल्के’ अवार्ड की शुरुआत की गई थी। बता दें कि दादा साहब फाल्के पुरस्कार भारतीय सिनेमा का सर्वोच्च और प्रतिष्ठित पुरस्कार माना जाता है।
ऐसे चुना जाता है ?
हर साल किसी एक कलाकार को इस पुरस्कार के लिए चुना जाता है। विजेता को एक स्वर्ण कमल (Golden Lotus) मेडल, शॉल और 10 लाख रुपये नकद पुरस्कार से नवाजा जाता है।
डायरेक्टरेट ऑफ फिल्म फेस्टिवल्स द्वारा नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स समारोह (National Film Awards) में विजेता को इस पुरस्कार से नवाजा जाता है।
यह पूरी प्रक्रिया केंद्र सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (MIB – Ministry of Information and Broadcasting) के अधीन आती है।
सबसे पहला दादा साहब फाल्के अवॉर्ड अभिनेत्री देविका रानी को दिया गया था। उन्हें 17वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स समारोह में इस पुरस्कार से नवाजा गया था। देविका रानी को भारतीय सिनेमा पहली सुपरस्टार भी कहा जाता है।
रजनीकांत को मिलाकर अब तक कुल 51 लोगों को यह सम्मान दिया जा चुका है। चलिए जानते हैं अब तक किस किस को यह पुरस्कार मिल चुका है।
विजेता
1969 – देविका रानी
1970 – बिरेंद्रनाथ सरकार
1971 – पृथ्वीराज कपूर
1972 – पंकज मल्लिक
1973 – रूपी मियर्स (सुलोचना)
1974 – बीएन रेड्डी
1975 – धीरेंद्रनाथ गांगुली
1976 – कानन देवी
1977 – नितिन बोस
1978 – रायचंद बोरल
विजेता
1979 – सोहराब मोदी
1980 – पैदी जयराज
1981 – नौशाद
1982 – एलवी प्रसाद
1983 – दुर्गा खोटे
1984 – सत्यजीत रे
1985 – वी. शांताराम
1986 – बी नागी रेड्डी
1987 – राज कपूर
1988 – अशोक कुमार
1989 – लता मंगेशकर
1990 – अक्कीनेनी नागेश्वर राव
1991 – भालजी पेंधरकर
1992 – भूपेन हजारिका
1993 – मजरूह सुल्तानपुरी
1994 – दिलीप कुमार
1995 – राजकुमार
1996 – शिवाजी गणेसन
1997 – कवि प्रदीप
1998 – बीआर चोपड़ा
1999 – ऋषिकेश मुखर्जी
2000 – आशा भोसले
2001 – यश चोपड़ा
2002 – देवानंद
2003 – मृणाल सेन
2004 – अदूर गोपालकृष्णन
2005 – श्याम बेनेगल
2006 – तपन सिन्हा
2007 – मन्ना डे
2008 – वीके मूर्ति
2009 – डी. रामनायडू
2010 – के. बालचंद्र
2011 – सौमित्र चटर्जी
2012 – प्राण
2013 – गुलजार
2014 – शशि कपूर
2015 – मनोज कुमार
2016 – कासीनाथुनी विश्वनाथ
2017 – विनोद खन्ना
2018 – अमिताभ बच्चन
2019- रजनीकांत
