राजस्थान: सियासी संकट के बीच कल 10 बजे विधायक दल की बैठक, पायलट को न्योता…..उधर कांग्रेस को इस सहयोगी दल ने दिया झटका

जयपुर 13 जुलाई 2020। राजस्थान की कांग्रेस सरकार में अशोक गहलोत बनाम सचिन पायलट की लड़ाई में सोमवार को गहलोत भारी साबित हुए. लेकिन कांग्रेस विधायक दल की एक बैठक फिर से मंगलवार को बुलाई गई है. कांग्रेस पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने इस बारे में मीडिया से कहा है, “सुबह 10 बजे कांग्रेस विधायक दल की एक और बैठक बुलाई जाएगी. एक बार फिर सचिन पायलट के सभी विधायक साथियों से हमने अनुरोध किया है कि आइए और राजनीतिक यथास्थिति पर चर्चा कीजिए, अगर किसी व्यक्ति विशेष से कोई मतभेद है तो वो भी कहें. सोनिया गांधी और राहुल गांधी सबकी बात सुनने और उसका हल निकालने के लिए तैयार हैं.”
राजस्थान के मुख्यमंत्री गहलोत से खटपट के बीच सचिन पायलट को मनाने की कोशिश लगातार की जा रही है. पहले बताया गया था कि सचिन पायलट को राजी करने के लिए पार्टी के पांच शीर्ष नेता मसलन राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, पी. चिदंबरम और अहमद पटेल ने उनसे बात की थी. हालांकि सचिन पायलट इस बात से इनकार कर रहे हैं कि उनकी किसी आलाकमान से बातचीत हुई है.
लेकिन इन सबके बीच अशोक गहलोत सरकार को समर्थन देने वाली भारतीय ट्राइबल पार्टी ने अपने दो विधायकों का समर्थन वापस ले लिया है.हालांकि गहलोत सरकार पर भारतीय जनता पार्टी के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने निशाना साधा है. अमित मालवीय ने कहा कि अगर गहलोत के पास बहुमत है तो उन्हें तुरंत फ्लोर टेस्ट करा कर अपना बहुमत साबित करना चाहिए. अमित मालवीय ने ये भी लिखा है कि वे अपने विधायकों को रिसॉर्ट में ले जा रहे हैं तो स्पष्ट रूप से उनके पास संख्या नहीं है.
