आरोग्य सेतु ऐप पर राहुल गांधी ने उठाए सवाल…. निजता और डेटा सुरक्षा का दिया हवाला…. बोले- भय दिखाकर बिना सहमति किसी को ट्रैक करना अनुचित

नयी दिल्ली 2 मई 2020।एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरोग्य सेतु ऐप पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राहुल गांधी ने भी निजता और डेटा सुरक्षा को लेकर नया विवाद खड़ा कर दिया है। राहुल ने कहा कि टेक्नॉलजी हमें सुरक्षित रहने में मदद कर सकता है, लेकिन भय का लाभ उठाकर लोगों को उनकी सहमति के बिना ट्रैक नहीं किया जाना चाहिए।
राहुल गांधी ने शनिवार को ट्वीट किया, ‘आरोग्य सेतु ऐप एक अत्याधुनिक सर्विलांस सिस्टम है, जिसे प्राइवेट ऑपरेटर को आउटसोर्स किया गया है और कोई संस्थागत निगरानी नहीं है, इससे डेटा सुरक्षा और प्राइवेसी को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी हो रही हैं। टेक्नॉलजी हमें सुरक्षित रहने में मदद कर सकती है, लेकिन भय का लाभ उठाकर लोगों को उनकी सहमति के बिना ट्रैक नहीं किया जाना चाहिए।’
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आरोग्य सेतु ऐप को कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में अहम बता चुके हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों से आरोग्य सेतु ऐप को मोबाइल में डाउनलोड करने की अपील कर चुके हैं.
