Begin typing your search above and press return to search.

पुरंदेश्वरी ने दूसरे दिन भी दिखाए तल्ख तेवर, युवा मोर्चा अध्यक्ष से पूछा सीधा सवाल – “हाउ डिड यू डू इट..”

पुरंदेश्वरी ने दूसरे दिन भी दिखाए तल्ख तेवर, युवा मोर्चा अध्यक्ष से पूछा सीधा सवाल – “हाउ डिड यू डू इट..”
X
By NPG News

रायपुर,14 फ़रवरी 2021। समय ठीक एक बजकर तीस मिनट.. और कक्ष के भीतर भाजयुमो की वह बहुप्रतीक्षित बैठक शुरु हुई जिस पर पूरे प्रदेश की निगाहें टिकी हुई थीं। इस बैठक में भाजयुमो अध्यक्ष अमित साहू मौजुद थे जो तलब किए जाने पर दिल्ली से भागते हुए पहुँचे थे।बीस मिनट तक चली इस बैठक में कुल जमा पाँच लोग थे, जिनमें प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी के साथ सह प्रभारी नितिन नबीन, युवामोर्चा के दो प्रभारी ओ पी चौधरी, अनुराग सिंहदेव के अलावा मौजुद थे भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू।
सूत्रों ने बताया,भाजयुमो को लेकर शिकायतों से मुकम्मल वाक़िफ़ प्रदेश संगठन प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने बेहद तल्ख अंदाज में पूछा –

“हाउ डिड यू डू इट..पैंतीस वर्ष के उपर को कैसे लिया. क्यों लिया”

प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने जानना चाहा कि, कार्यकारिणी बनाने के पहले प्रभारियों से सलाह मशवरा क्यों नहीं किया गया.. उन्होंने अगला सवाल किया –

“यू डिडंट डिस्क्स्ड विथ पिपुल इन चार्ज एदर”

पूरे मसले पर प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी के तल्ख़ तेवर के आगे भाजयुमो अध्यक्ष अमित साहू कुछ बोल नहीं पाए। भाजयुमो अध्यक्ष अमित साहू के पास दरअसल कुछ ऐसा था नहीं कि, वे कोई तर्क दे पाते और सवालों को संतुष्ट कर पाते।
भीतरखाने से मिली जानकारी के अनुसार शिकायतों के अंबार के साथ मौजुद प्रदेश संगठन प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने भाजयुमो के प्रदेश प्रभारियों से सवाल किया

“ आप लोगों ने क्या किया”

इस पर दोनों ही प्रदेश भाजयुमो प्रभारियों ने कल के जवाब को दोहरा दिया, दोनों ने ही कहा
“हमें कोई जानकारी ही नहीं थी, एक बार सुची बनने के पहले बात की गई थी, पर जब कार्यकारिणी घोषित हो गई तो उसमें वे नाम नहीं थे जिनके हवाले से पहले चर्चा हुई थी”
पूरे हालात से मुकम्मल वाक़िफ़ प्रदेश भाजपा संगठन प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने फिर फैसला दिया –
“बोथ इनचार्ज शूड एनेलाईज एव्हरी कंपलेंट एंड एव्हरी ऑब्जेक्शन इन प्रेजेंस ऑफ़ प्रेसिडेंट”
दरअसल शिकायतों का अंबार है और पूरा मसला चकित करने वाला है, प्रदेश कार्यकारिणी में क़रीब सोलह नाम राजधानी की ही एक विधानसभा के हैं। कई जगहों पर 42-43 आयु वर्ग के नाम शामिल हो गए तो शिकायतों में कोरबा की ओर से पहुँची एक शिकायत की भी चर्चा है।
प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने भाजयुमो के दोनों प्रदेश प्रभारी को निर्देशित किया है कि हर शिकायत की समीक्षा करें और रिपोर्ट तैयार कर सीधे उन्हें सौंपे। लेकिन मसला यह है कि इस पूरी नियुक्ति में जिन जिन की प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष दखल रही है क्या भाजयुमो छत्तीसगढ़ के ये दोनों प्रभारी उन जवाबदेहों के नाम का उल्लेख भी कर पाएंगे, क्योंकि कोई पद और प्रभाव में बड़ा है तो कोई पद अनुभव दोनों में।
हालाँकि इस बीस मिनट की बैठक को लेकर किसी ने भी अधिकृत रुप से कोई भी जानकारी देने से स्पष्ट मना कर दिया। एक प्रभारी ने कहा-

“ पार्टी का आंतरिक मसला है, इसे लेकर मीडिया को जानकारी देने वे लोग अधिकृत नहीं है”
वैसे यह माना जा रहा है कि, यह रिपोर्ट जैसे ही डी पुरंदेश्वरी तक पहुँचेगी तो कार्यकारिणी में काफ़ी रद्दोबदल हो सकती है।

Next Story