Begin typing your search above and press return to search.

प्रज्ञान ओझा ने शेयर किया धोनी से जुड़ा एक मजेदार किस्सा…

प्रज्ञान ओझा ने शेयर किया धोनी से जुड़ा एक मजेदार किस्सा…
X
By NPG News

नईदिल्ली 17 अगस्त 2020। मास्टर रणनीतिकार धोनी विरोधी बल्लेबाजों को आउट करने के लिए अपनी योजना को अलग-अलग अंदाज में कारगर बनाते थे। कुलदीप यादव या यजुवेंद्र चहल को दिशानिर्देश देते हुए धोनी की आवाज कई बार माइक पर सुनी गई है। इन दोनों गेंदबाजों ने कई मौकों पर कहा है कि उनके करियर में धोनी का अहम रोल रहा है। ऐसा ही एक और वाकया है- जब धोनी ने प्रज्ञान ओझा को इयान बेल को आउट करने के लिए मजेदार तरीके से सलाह दी थी।

पूर्व भारतीय गेंदबाज प्रज्ञान ओज्ञा ने उस वाकये को याद किया है। ओज्ञा ने क्रिकेटनेक्सट से बातचीत में कहा, ”धोनी के साथ बेस्ट पल वे थे, जब हम इंग्लैंड के खिलाफ खेल रहे थे। धोनी ने विकेट के पीछे से कहा था कि ओज्ञा इसकी घंटी बजा दे। बेहद तनाव के पलों में यह मजाकिया पल थे। वह हर चीजों को शांत रखने का हर संभव प्रयास करते थे। उनके मजाक दूसरे के अपमान के बिना आते थे।”

महेंद्र सिंह धोनी को एक ग्रेट लीडर बताते हुए ओझा ने कहा, ”जिन कप्तानों के साथ मैं खेला हूं, उनमें धोनी बेस्ट हैं। मुझे यह भी स्वीकार करना होगा कि गेंदबाजों के कप्तान थे। यह बल्लेबाजी आधारित गेम है। कप्तान आपको समर्थन देता है और आत्मविश्वास देता है। लेकिन वह हमेशा कहते थे कि गेंदबाज आपको मैच जिताते हैं। मैच से पहले धोनी पिच का विश्लेषण करते और खिलाड़ियों से बात करते थे।”

उन्होंने आगे कहा, ”वह हमेशा हमें गाइड करते, विकेट के पीछे लगे माइक से आप उनके सुझावों को सुन सकते हैं। यदि आप कुलदीप यादव से बात करेंगे तो वह बताएंगे कि धोनी कभी सीधी बात नहीं कहते थे। वह आपको क्ल्यू देते थे, आपको उसे समझना होता था। वह चाहते थे कि आप इंटेलिजेंट बनें। वह आपको चम्मच से दूध नहीं पिलाते थे। आपको स्वयं ही खोजना होता था कि आपको क्या करना है।”

महेंद्र सिंह धोनी ने शनिवार (15 अगस्त) की शाम को अचानक इंटरनैशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया। पिछले साल भर से धोनी के भविष्य को लेकर तमाम तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन धोनी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर अपने संन्यास की जानकारी दी और इन अटकलों पर विराम लगा दिया।

Next Story