महिला कर्मचारियों को अब मां बनने पर मिलेगी 6 महीने की छुट्टी... सरकारी नौकरियों में भर्ती की आयु सीमा 6 साल बढ़ी

भुवनेश्वर 11 जनवरी 2022। ओडिशा सरकार ने मंगलवार को कैबिनेट बैठक के दौरान युवा वर्ग को दो बड़े तोहफे दिए हैं। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में राज्य सिविल सेवा परीक्षाओं में भाग लेने के लिए ऊपरी आयु सीमा छह वर्ष बढ़ा दी गई है। वहीं, महिला कर्मचारियों को भी मातृत्व अवकाश सुविधा में बढ़ोतरी का तोहफा दिया गया है।
ओडिशा सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग के तहत सहायता प्राप्त कॉलेजों की महिला कर्मचारियों के लिए मातृत्व अवकाश के लाभ को 90 दिनों से बढ़ाकर 180 दिन कर दिया है। उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत सभी पात्र महिलाएं इस अवकाश का लाभ प्राप्त कर सकती हैं।
राज्य सरकार ने सामान्य वर्ग के सरकारी नौकरी के उम्मीदवारों के लिए ऊपरी आयु सीमा को 32 वर्ष से बढ़ाकर 38 वर्ष करने का भी निर्णय लिया है। महिलाओं, अनुसूचित जनजातियों, अनुसूचित जातियों, सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग और शारीरिक रूप से विकलांग व्यक्तियों के लिए ऐसी नौकरियों के लिए ऊपरी आयु सीमा पांच और वर्ष बढ़ाकर 43 वर्ष कर दी गई।
मातृत्व लाभ (संशोधन) अधिनियम 2017 के अनुसार, मातृत्व अवकाश को 12 सप्ताह से बढ़ाकर 26 सप्ताह कर दिया गया है। प्रसव पूर्व छुट्टी को भी छह से आठ सप्ताह तक बढ़ा दिया गया था। हालांकि, पहले से ही दो या दो से अधिक बच्चों वाली महिला 12 सप्ताह के मातृत्व अवकाश की हकदार है। इस मामले में प्रसवपूर्व अवकाश छह सप्ताह का रहता है।
