बिहार के सीएम होंगे निशांत कुमार? बड़े जदयू नेता बोले-तय निशांत तीर निशांत, फ्यूचर CM के पोस्टर भी लग गए
Nishant Kumar News : बिहार में नए सीएम को लेकर हर दिन नए दावे सामने आ रहे हैं। कभी भाजपा तो कभी जदयू के नेता इशारों-इशारों में कुछ कह रहे हैं।

Bihar Next CM: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो चुके हैं। अब राज्य के नए सीएम को लेकर सियासत काफी गर्म है। इस बीच राजधानी पटना की सड़कों से पार्टी दफ्तरों तक नए नेतृत्व की मांग सामने आ रही है। सड़कों पर लगे पोस्टर इस बात का इशारा कर रहे कि सत्ता परिवर्तन की आहट तेज हो चुकी है। खास बात है कि इन पोस्टरों में निशांत कुमार को फ्यूचर सीएम के तौर पर पेश किया गया है।
एनडीए की सबसे बड़ी घटक पार्टी भाजपा अब बिहार में अपना मुख्यमंत्री बनाना चाहती है। वहीं, जदयू नेता कह रहे कि नीतीश के बाद अब निशांत को बिहार की कमान मिलनी चाहिए। इस मुद्दे को लेकर जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री कौन होगा, यह राष्ट्रीय नेतृत्व तय करेगा या गठबंधन के घटक दल तय करेंगे। मगर, तय निशांत-तीर निशांत है। मैंने कहा है कि भविष्य की उड़ान निशांत कुमार हैं। अब क्या दायित्व मिलेगा, नहीं मिलेगा यह अलग विषय है। नेतृत्वकर्ता के रूप में माना गया कि तीर निशान तय निशांत।
सार्वजनिक रूप से है निशांत कुमार की स्वीकारता
नीरज कुमार ने कहा कि हाल में मैं नालंदा गया था। जब मैंने वहां के लोगों से सवाल किया कि आप तय निशांत-तीर निशांत के नाम पर आशीर्वाद दीजिए तो वहां के लोगों ने दोनों हाथ उठाकर आशीर्वाद दिया। मतलब निशांत कुमार की स्वीकारता नालंदा की भूमि पर सार्वजनिक रूप से है। सुशासन के साथ बढ़ता बिहार इसकी पहचान नीतीशे कुमार तो अब हमें सिर्फ नीतीश कुमार के रोडमैप पर चलना है।
जदयू ने खींची 'लक्ष्मण रेखा'
सीएम नीतीश कुमार के पद छोड़ने से पहले जदयू इस पर विस्तार से चर्चा चाहती है। जदयू नेता बिहार में भाजपा की मध्य प्रदेश और राजस्थान वाली रणनीति के पक्ष में बिल्कुल नहीं हैं। भाजपा ने इन राज्यों में अपेक्षाकृत कम चर्चित नेताओं को मुख्यमंत्री बनाकर सबको चौंकाया था। मगर, बिहार में जदयू ऐसे फैसले में भाजपा के साथ खड़ी नहीं दिख रही। जदयू ने इस मुद्दे पर अपनी लक्ष्मण रेखा खींच दी है। पार्टी अपनी राजनीतिक जमीन और सामाजिक समीकरण को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री का चयन करने की बात कह रही।
