Begin typing your search above and press return to search.

वार-पलटवारः बीजेपी प्रेसिडेंट साय बोले...भूपेश सरकार ने वैट टैक्स कम करने के नाम पर छत्तीसगढ़ी जनता से किया छल, पीसीसी प्रेसिडेंट मरकाम का जवाबी प्रहार, बीजेपी पेट्रोल-डीजल पर बढ़ाये गए एक्साइज ड्यूटी पहले कम करवाए

वार-पलटवारः बीजेपी प्रेसिडेंट साय बोले...भूपेश सरकार ने वैट टैक्स कम करने के नाम पर छत्तीसगढ़ी जनता से किया छल, पीसीसी प्रेसिडेंट मरकाम का जवाबी प्रहार, बीजेपी पेट्रोल-डीजल पर बढ़ाये गए एक्साइज ड्यूटी पहले कम करवाए
X
By NPG News

रायपुर, 22 नवंबर 2021। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा है कि पेट्रोल-डीज़ल पर वैट घटाने के नाम पर प्रदेश की जनता के साथ मज़ाक़ किया है। वहीं, पीसीसी प्रेसिडेंट मोहन मरकाम ने कैबिनेट के फैसले का स्वागत करते हुए पलटवार किया है कि भाजपा पहले एक्साइज ड्यूट कम करवाए।

साय ने कहा कि पेट्रोल और डीज़ल में वैट घटाने के नाम पर प्रदेश सरकार ने प्रदेश की जनता के साथ सरासर धोखा किया है। पेट्रोल में सिर्फ़12 आने से लेकर 1 रुपए तक की और डीज़ल में सवा रुपए से डेढ़ रुपए तक की छूट दे रही प्रदेश सरकार ने अपनी क़रतूत और धोखाधड़ी छिपाने के लिए वैट में कटौती जान-बूझकर प्रतिशत में घोषित की।

साय ने कहा कि प्रदेश सरकार ने छत्तीसगढ़ को इस क़दर कंगाल बनाकर रख छोड़ा है कि 12 आने से ज्यादा की राहत जनता को देने की शायद इस प्रदेश सरकार की क्षमता नहीं रह गई है। अगर केंद्र सरकार की 5-10 रुपए की छूट ऊंट के मुँह में जीरा थी तो आज प्रदेश सरकार और कांग्रेस का एक भी नेता यह बता दे कि 5-10 रुपए के मुक़ाबले 75 पैसा कितना होता है? प्रदेश के वित्त मंत्री का भी भार सम्हाल रहे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी को यह बताना चाहिए कि, एक रुपए 44 पैसे की कमी से बस यात्रियों को कितनी राहत होगी? बस का किराया कितना कम होगा ?

भाजपाई एक्साइज ड्यूटी घटाने केंद्र के खिलाफ आंदोलन करें

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस सरकार ने पेट्रोल पर 1 रू. और डीजल पर 2 रू. की कटौती कर राज्य की जनता को महंगाई से बड़ी राहत दी है। कांग्रेस पार्टी केंद्र से भी मांग करती है कि वह पेट्रोल-डीजल में बढ़ाये गये एक्साइज ड्यूटी को पूरा हटाये ताकि राज्य की जनता का पेट्रोल और डीजल के दाम में और राहत मिल सके। छत्तीसगढ़ सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर लगने वाले वैट में कटौती करके यह बता दिया कि कांग्रेस सरकार की प्राथमिकता में जनता को राहत पहुंचाना है। छत्तीसगढ में कांग्रेस सरकार बनने के बाद पेट्रोल-डीजल पर लगने वाले वैट में कांग्रेस सरकार ने 1 भी पैसे की बढ़ोतरी नहीं किया था, उसके बावजूद भूपेश सरकार ने जनता को महंगाई से राहत पहुंचाने के लिये वैट में कटौती किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने कोरोना काल में पेट्रोल पर लगने वाले एक्साइज टैक्स को ढाई गुना बढ़ाया था तथा डीजल पर लगने वाले एक्साइज टैक्स को दस गुना बढ़ाया था। जब सरकार पर चौथरफा दबाव पड़ा तो मात्र 5 रू. और 10 रू. की कटौती किया। कोरोना काल में पेट्रोल पर 9.48 पैसे तथा डीजल पर लगभग 3.56 पैसे एक्साइज लगता था जिसे मोदी सरकार ने बढ़ा दिया था। आज मोदी सरकार पेट्रोल पर 27.90 रू और डीजल पर 21.80 रू. एक्साइज ड्यूटी वसूलती है। पेट्रोल और डीजल के दाम मोदी सरकार की मुनाफाखोरी वाली नीति के कारण बढ़े है। मोदी सरकार पेट्रोल-डीजल पर बढ़ाये गये एक्साइज ड्यूटी को पुराने दर पर कर देगी तो देश की जनता को महंगाई से बड़ी राहत मिलेगी। वैट कम करने की मांग करने वाले भाजपाई अब एक्साइज ड्यूटी कम करने की मांग को लेकर मोदी सरकार के खिलाफ आंदोलन करें।

Next Story