Begin typing your search above and press return to search.

Video ब्रेकिंग न्यूज: ब्रह्मानंद नहीं एजेंट पहुंचे थाने, विधायक सौरभ सिंह के साथ चुनाव एजेंट ने दिया जवाब, चुनाव में हैं नेताम, 8 के बाद मिलेंगे

Video ब्रेकिंग न्यूज: ब्रह्मानंद नहीं एजेंट पहुंचे थाने, विधायक सौरभ सिंह के साथ चुनाव एजेंट ने दिया जवाब, चुनाव में हैं नेताम, 8 के बाद मिलेंगे
X
By NPG News

कांकेर। झारखंड पुलिस की नोटिस के बाद मंगलवार को दोपहर भानुप्रतापपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम थाने नहीं पहुंचे, लेकिन उनके इलेक्शन एजेंट ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि ब्रह्मानंद चुनाव प्रचार में हैं, इसलिए नहीं आ पाए। चुनाव परिणाम आने तक 8 दिसंबर तक का समय दिया जाए।

अकलतरा विधायक सौरभ सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल दोपहर को कांकेर थाने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में नेताम के इलेक्शन एजेंट नंदू ओझा भी थे। उन्होंने बताया कि नेताम चुनाव प्रचार में हैं। उनकी गैरमौजूदगी में इलेक्शन एजेंट को मिले अधिकार के आधार पर वे जवाब देने पहुंचे हैं। करीब डेढ़ घंटे तक थाने में बैठक चली। इसके बाद झारखंड पुलिस के डीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि वे टेल्को थाने में दर्ज केस के सिलसिले में आए हैं। कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापे मारे गए हैं।

बता दें कि आज सुबह भानुप्रतापपुर उपचुनाव के भाजपा प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम सहित बाकी आरोपियों को झारखंड की पुलिस ने थाने में उपस्थित होने के लिए नोटिस दिया है। झारखंड पुलिस की टीम नेताम सहित अन्य आरोपियों के घर पहुंची और मंगलवार को सुबह 10 बजे थाने पहुंचने के लिए नोटिस तामील किया है। इसे लेकर मामला गरमाने के आसार थे, क्योंकि तब ऐसी खबर थी कि भाजपा दल-बल के साथ नेताम को सरेंडर कराने ले जा सकती है। हालांकि ऐसा नहीं हुआ और नेताम के बजाय उनके प्रतिनिधि थाने पहुंचे।

उपचुनाव के लिए स्क्रूटनी का समय बीतने के बाद कांग्रेस ने भाजपा प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम पर दुष्कर्म, सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो और देह व्यापार में धकेलने जैसे मामलों में अपराध दर्ज होने का खुलासा किया था। इसके बचाव में भाजपा ने कहा था कि 2019 से दर्ज मामले में अब तक झारखंड पुलिस की ओर से कोई समंस या नोटिस नहीं दिया गया है। पॉक्सो जैसे संगीन जुर्म में गिरफ्तारी नहीं की गई है। इस आधार पर भाजपा ने झूठा मामला दर्ज होने का आरोप लगाया था।

झारखंड के टेल्को थाने की पुलिस सोमवार को कांकेर पहुंच गई। पुलिस की टीम नेताम के अलावा अन्य आरोपी नरेश सोनी, दीपांकर सिन्हा और केशव सिन्हा के घर गई। उनके परिजन से पूछताछ की। नेताम दिनभर भाजपा कार्यालय में थे, लेकिन गिरफ्तारी करने नहीं पहुंची। इसे लेकर यह कयास शुरू हो गए कि पुलिस टीम गिरफ्तारी करने नहीं, बल्कि डराने आई है। हालांकि सोमवार रात से ही प्रशासन और पुलिस की टीम को मंगलवार को संभावित लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति से निपटने के लिए सुबह तैयार रहने के निर्देश दिए गए थे।

Next Story