बस्तर के सभी जिलों के समाज प्रमुख हुए राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल, बस्तर के लोक संगीत से झूमा महोत्सव परिसर

रायपुर 30 अक्टूबर 2021। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में बस्तर के लोक कलाकारों ने अपनी परंपरागत लोक नृत्य शैली से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आमंत्रण पर बस्तर संभाग के सभी 7 जिलों के समाज प्रमुख भी इस राज्योत्सव में सम्मिलित हुए है। 28 अक्टूबर से शुरू हुए इस राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में देश-विदेश के लोक कलाकार हिस्सा ले रहे हैं एवं हजारों दर्शक उनके प्रदर्शन का आनंद ले रहे हैं। बस्तर के लोकधुन पर उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने भी इन कलाकारों का साथ देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री बघेल के आमंत्रण पर बस्तर संभाग के कांकेर, कोण्डागांव, सुकमा, नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और बस्तर जिले से समाज प्रमुख राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में विशेष रूप से सम्मिलित हुए। लगभग 150 की संख्या में राजधानी पहुंचे इन समाज प्रमुखों की अगवानी रायपुर स्मार्ट सिटी लिमि. के महाप्रबंधक अरविंद मिश्रा एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने की एवं इनके आगमन, भोजन, परिवहन व स्वागत की संपूर्ण जिम्मेदारी निभाई।
राज्योत्सव में आज बस्तर के सुकमा, बीजापुर एवं दंतेवाड़ा के लोक नर्तकों ने छत्तीसगढ़ के समृद्ध, सांस्कृतिक वैभव की अनोखी झलक प्रस्तुत की। इन कलाकारों ने मुख्य मंच के अलावा प्रांगण में अपनी लोक शैली की अभिनव प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन किया।
