Begin typing your search above and press return to search.

राम पर रार: साय बोले- कांग्रेसियों के मुंह में राम बगल में छुरी, शुक्ला का पलटवार- भाजपाई राम के नाम पर चंदा बटोरने वाले

राम के नाम पर कांग्रेस और भाजपा ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप

राम पर रार: साय बोले- कांग्रेसियों के मुंह में राम बगल में छुरी, शुक्ला का पलटवार- भाजपाई राम के नाम पर चंदा बटोरने वाले
X
By NPG News

रायपुर, 11 अप्रैल 2022। राम के नाम पर सोमवार को भाजपा और कांग्रेस ने फिर एक-दूसरे पर हमला बोला और एक-दूसरे को कालनेमि बताया। इसकी शुरुआत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय के बयान से हुई। साय ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि कांग्रेसियों के मुंह में राम और बगल में राम भक्तों के लिए छुरी है। रामसेतु मामले में भारत की सांस्कृतिक पहचान भगवान श्रीराम का अस्तित्व सुप्रीम कोर्ट में नकारने वाले रामधुन गाने का ढोंग कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ के जनमानस में भगवान राम और माता कौशल्या के लिए अगाध श्रद्धा भाव है, इसलिए सीएम भूपेश बघेल राजनीतिक प्रपंच कर कालनेमि की तरह राम भक्ति का ढोंग कर रहे हैं। खैरागढ़ में चुनाव है तो हिंदू मतदाताओं को फुसलाने के लिए राम-राम जप रहे हैं और कांग्रेसी उनके साथ ढोल मंजीरा बजा रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भूपेश सरकार के 3 साल में छत्तीसगढ़ राममय हो गया। छत्तीसगढ़ को राममय होता देख राम के नाम से राजनीति करने वाली और चंदा बटोरने वाली भाजपा के पेट में दर्द शुरू हो गया। भाजपा अब छत्तीसगढ़ के भांचा श्री राम और बेटी कौशल्या माता के विरोध में उतर आई है। भाजपा अध्यक्ष को यह मालूम है कि भगवान राम और माता कौशल्या के लिए अगाध श्रद्धा का भाव है, फिर भाजपा के 15 साल के शासन काल में भाजपा ने भगवान राम के वन गमन पथ और माता कौशल्या के मंदिर को भव्य बनाने और संरक्षित करने का काम क्यों नहीं किया? आज जब भूपेश बघेल भगवान राम वन गमन मार्ग को विकसित कर रहे हैं, प्रभु राम की स्मृतियों को सहेज रहे हैं तो कालनेमि रूपी भाजपाई उसमें विघ्न पैदा करने का काम कर रहे हैं।

Next Story