Begin typing your search above and press return to search.

हसदेव अरण्य पर रण: पुरंदेश्वरी का सवाल- राहुल आदिवासियों के साथ फिर कहां हैं? कांग्रेस का पलटवार- केंद्र ने कोयला खदान क्यों आबंटित किया?

चेहरे पर रार: भाजपा प्रभारी ने पूछा- कांग्रेस बताए कि भूपेश, टीएस और ताम्रध्वज में कौन होगा 2023 का चेहरा, कांग्रेस संचार प्रमुख का हमला- रमन, धरम और साय के साथ धोखा कर रहीं पुरंदेश्वरी।

हसदेव अरण्य पर रण: पुरंदेश्वरी का सवाल- राहुल आदिवासियों के साथ फिर कहां हैं? कांग्रेस का पलटवार- केंद्र ने कोयला खदान क्यों आबंटित किया?
X
By NPG News

रायपुर, 26 मई 2022। हसदेव अरण्य में कोयला खदान के विरोध के बीच गुरुवार को राजनीतिक लड़ाई छिड़ गई। राजधानी पहुंचीं भाजपा प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने मीडिया से कहा कि हसदेव अरण्य के मुद्दे पर यदि राहुल गांधी आदिवासियों के साथ हैं तो फिर कहां हैं? इस बयान पर कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने पलटवार किया कि भाजपा प्रभारी घड़ियाली आंसू बहाने के बजाय यह बताएं कि मोदी सरकार ने हसदेव अरण्य में कोयला खदान क्यों आबंटित किया। यही नहीं, 2023 के विधानसभा चुनाव में चेहरे को लेकर भी तीखी बयानबाजी हुई। पुरंदेश्वरी से जब यह सवाल किया गया कि 2023 में भाजपा का चेहरा कौन होगा? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का विकास ही भाजपा का चेहरा होगा। साथ में सवाल दागा कि कांग्रेस बताए कि 2023 में भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव और ताम्रध्वज साहू में से कांग्रेस का चेहरा कौन होगा। इस पर शुक्ला ने कहा कि पुरंदेश्वरी पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय के साथ धोखा कर रही हैं। यदि भाजपा पीएम नरेंद्र मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ेगी तो क्या हार की जिम्मेदारी भी मोदी की होगी?

छत्तीसगढ़ में केंद्र सरकार के फंड से हो रहे सभी काम: पुरंदेश्वरी

भाजपा प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने आरोप लगाया है कि छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार कोई भी विकास के काम नहीं कर पा रही है। सिर्फ वही काम हो रहे हैं, जिसके लिए केंद्र सरकार फंड दे रही है। इससे पहले जो भी विकास के काम हुए हैं, वे भाजपा के कार्यकाल में ही हुए हैं। कांग्रेस की सरकार बनने के बाद विकास के काम रुक गए हैं। भाजपा प्रभारी ने बताया कि भाजपा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका, स्व सहायता समूह की महिलाओं सहित सभी वर्गों के साथ बातचीत करेगी। मोदी सरकार के कार्यों को बताएगी। यह भी बताएंगे कि कांग्रेस सरकार में किस तरह पीएम आवास नहीं उपलब्ध हो रहा है। बिरसा मुंडा की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मोदी सरकार ने अपने 8 साल में जो भी काम किए हैं, उसे लोगों तक पहुंचाएंगे। इसका कोई जश्न नहीं होगा, बल्कि सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के रूप में मनाएंगे।

कांग्रेस भूपेश सरकार की योजनाओं और क्रियान्वयन के दम पर लड़ेगी: शुक्ला

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस का मत स्पष्ट है, कांग्रेस 2023 का चुनाव मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, भूपेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं और उनके बेहतरीन क्रियान्वयन के दम पर लड़ेगी। कांग्रेस सरकार ने साढ़े तीन साल में हर वर्ग के लिए काम किया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से किसान, मजदूर, युवा, आदिवासी, ओबीसी, अनुसूचित जाति, सभी वर्ग के लोग खुश हैं। छत्तीसगढ़ ऐसा राज्य है, जहां भाजपा के पास मुद्दे नहीं हैं। वह कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनसरोकारों के किसी मुद्दे को आज तक नहीं उठा पाई और न ही कांग्रेस सरकार पर भाजपा भ्रष्टाचार के एक भी प्रमाणिक आरोप लगा पाई है। ऐसे में 2023 का चुनाव भाजपा के लिए 2018 की पुनरावृत्ति ही साबित होगा। छत्तीसगढ़ में भाजपा की खस्ता हालत और गुटबाजी से पुरंदेश्वरी खुद हताशा में लग रही हैं। उन्हें मालूम है कि वे एक कमजोर और बेलगाम सेना को लेकर लड़ाई लड़ने की कोशिश में लगी हैं, लेकिन उनकी सेना को 15 सालों तक भ्रष्टाचार की लत लग गयी है।

Next Story