Begin typing your search above and press return to search.

rajnath visit in Chhattisgarh: केंद्रीय रक्षा मंत्री बोले- छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार का सहयोग मिलता तो नक्सलवाद का हो गया होता सफाया

प्रदेश में एक के बाद एक भाजपा के वरिष्‍ठ नेताओं का दौरा चल रहा है। शुक्रवार को भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा आए थे, उन्‍होंने बिलासपुर में जनसभा की। आज केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांकेर का दौरा किया।

rajnath visit in Chhattisgarh: केंद्रीय रक्षा मंत्री बोले- छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार का सहयोग मिलता तो नक्सलवाद का हो गया होता सफाया
X
By Sanjeet Kumar

कांकेर। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नक्‍सलवाद को लेकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर बड़ा हमला बोला है। यहां आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने देशभर में वामपंथी उग्रवाद (नक्सलवाद) पर सख्ती से काबू पाया है और अब कुछेक जिलों में ही नक्सली वारदातें जारी हैं। सिंह ने कहा कि यदि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने अपेक्षित सहयोग किया होता तो यहां भी नक्सलवाद का सफाया हो जाता।

धर्मांतरण को रोकने में केंद्र से सहयोग का वादा

छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण को अवैध बताते हुए सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार इस पर रोक लगाए और इस काम में जिस सहयोग की आवश्यकता होगी, केंद्र सरकार वह सहयोग करेगी। उन्‍होंने राज्य गठन के दौरान कांग्रेस शासनकाल की चर्चा भी की और कहा कि 2003 के चुनावों में भाजपा की सरकार बनने के बाद छत्तीसगढ़ का समुचित विकास हुआ। भाजपा शासनकाल में छत्तीसगढ़ के विकास और कायाकल्प के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को श्रेय देते हुए सिंह ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार जिन वादों के साथ सत्ता में आई, उससे मुकरकर प्रदेश को उल्टी दिशा में ले जा रही है, जबकि केन्द्र की सरकार ने राजनीतिक आधार पर प्रदेश सरकार के साथ कोई सौतेला बर्ताव नहीं किया, केंद्र की सरकार ने छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार की दिल खोलकर मदद की। उन्होंने कहा मुझे खुशी है तेज तर्रार अरुण साव आपके अध्यक्ष है।

नौ वर्षों के कार्यकाल में मोदी सरकार ने क्रांतिकारी, युगांतरकारी परिवर्तन की नींव रखी

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अपने नौ वर्षों के कार्यकाल में क्रांतिकारी, युगांतरकारी परिवर्तन की नींव रखी है। आज पूरी दुनिया गौर से सुनती है कि भारत क्या बोल रहा है? उन्‍होंने कहा कि आदिवासियों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी ने छत्तीसगढ़ राज्य का गठन किया। यह पहली बार हुआ कि आदिवासियों के कल्याण की चिंता करके अलग राज्य बनाए गए जबकि लंबे समय तक हुकूमत में रही कांग्रेस ने आदिवासियों की कोई फिक्र नहीं की।


साव बोले- सभी राष्ट्र प्रमुखों की निगाहें भारत की तरफ

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि हम सबके लिए गर्व की बात है कि जब समूची दुनिया में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिंदुस्तान आज परचम लहरा रहा है, जब दुनिया फिर से भारत की तरफ हर समस्या के समाधान के लिए टकटकी लगाए देख रही है, विश्व के किसी भी कोने में कोई भी संकट होने पर जब आज सभी राष्ट्र प्रमुखों की निगाहें भारत की तरफ ही उम्मीद भारी दृष्टि से देखती है। ऐसे में हमारे पास रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हैं, जिन्होंने आज भारत के रक्षा क्षेत्र का चेहरा ही बदल दिया है। उन्होंने कहा कि राजनाथ जी का छत्तीसगढ़ से संबंध काफ़ी पुराना है। उन्होंने प्रदेश प्रभारी के रूप में 2003 में कांग्रेस को ऐसा परास्त किया था कि फिर पंद्रह वर्ष तक फिर कांग्रेस की हिम्मत नहीं हुई थी प्रदेश की तरफ आंख उठा कर देखने की भी, तब हमारे उस विजय के शिल्पकार तब के संगठन प्रभारी राजनाथ सिंह ही थे। साव ने कहा कि राजनाथ सिंह के नेतृत्व में ही जब वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे, तभी हमने 2014 में भ्रष्टाचारी कांग्रेस को ऐसा सबक़ सिखाया कि पिछले दो लोकसभा चुनाव से आपने केंद्र में उसे सत्ता में कौन कहे बल्कि मुख्य विपक्ष की हैसियत में भी नहीं रहने दिया है।




कांग्रेस शासनकाल में घोटालों का चल रहा है सिलसिला: डॉ. रमन

सभा को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिह ने प्रदेश की पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के कार्यकाल की उपलबिधयों की चर्चा की और कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में कांग्रेस शासनकाल में घोटालों-भ्रष्टाचार का सिलसिला चला हुआ है। अपराध बढ़ रहे हैं। डॉ. सिंह ने टीएस सिंहदेव की उपमुख्यमंत्री पद पर नियुक्ति पर कटाक्ष कर कहा कि कांग्रेस अब चाहे जितना जतन करे, प्रदेश की जनता ने परिवर्तन का संकल्प लेकर कांग्रेस को सत्ता से उखाड़ फेंकने का निश्चय कर लिया है। इसीलिए कांग्रेस अब सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ने की बात कर रही है।



सभा के पूर्व राजनाथ सिंह प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने पद्मश्री अजय मंडावी के निवास पहुंचकर उनसे भेंट की इसके पश्चात गुंडाधुर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनका आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम को पूर्व प्रदेशाध्यक्ष विक्रम उसेंडी, पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू, लता उसेंडी, अजजा आयोग के पूर्व अध्यक्ष देवलाल दुग्गा, सांसद संतोष पांडे, मोहन मंडावी ने भी संबोधित किया। मंच संचालन यशवंत जैन व बृजेश चौधरी ने किया, आभार प्रदर्शन कांकेर जिला अध्यक्ष सतीश लटिया ने किया।

भाजपा प्रदेश मंत्री केदार कश्यप, बस्तर संगठन प्रभारी सांसद संतोष पांडेय, कार्यक्रम के संयोजक शिवरतन शर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय,पूर्व विधायक देवलाल दुग्गा, सुमित्रा मारकोले, सेवक राम नेताम, भोजराज नाग, वीरेंद्र साहू, पिंकी शिवराज शाह, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भरत मटियारा, महावीर सिंह राठौर, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष हलधर साहू, चेतराम अट्ठामी देवलाल दुग्गा कोंडागांव जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा, धमतरी जिलाध्यक्ष शशि पवार, बालोद जिलाध्यक्ष केसी पवार, जिला महामंत्री बृजेश चौहान, दिलीप जायसवाल विशेष तौर पर उपस्थित रहे।

Sanjeet Kumar

संजीत कुमार: छत्‍तीसगढ़ में 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय। उत्‍कृष्‍ट संसदीय रिपोर्टिंग के लिए 2018 में छत्‍तीसगढ़ विधानसभा से पुरस्‍कृत। सांध्‍य दैनिक अग्रदूत से पत्रकारिता की शुरुआत करने के बाद हरिभूमि, पत्रिका और नईदुनिया में सिटी चीफ और स्‍टेट ब्‍यूरो चीफ के पद पर काम किया। वर्तमान में NPG.News में कार्यरत। पंड़‍ित रविशंकर विवि से लोक प्रशासन में एमए और पत्रकारिता (बीजेएमसी) की डिग्री।

Read MoreRead Less

Next Story