PresidentVisit : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा: मुझे गर्व है कि मैं आदिवासी समाज की बेटी हूं, छत्तीसगढ़ में अपनापन महसूस होता है
जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अंबिकापुर प्रवास हुआ। विशाल सभा को संबाेधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि जनजातीय समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है। मुझे इस बात का गर्व है कि मैं आदिवासी समाज की बेटी हूं। इस बात पर मुझे हमेशा गर्व की अनुभूति होती है। राष्ट्रपति ने जब यह कहा कि छत्तीसगढ़ आकर अपनापन का भाव महसूस होता है तो सभा में बैठी विशाल भीड़ ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका अभिवादन किया।

सरगुजा। जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अंबिकापुर प्रवास हुआ। विशाल सभा को संबाेधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि जनजातीय समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है। मुझे इस बात का गर्व है कि मैं आदिवासी समाज की बेटी हूं। इस बात पर मुझे हमेशा गर्व की अनुभूति होती है। राष्ट्रपति ने जब यह कहा कि छत्तीसगढ़ आकर अपनापन का भाव महसूस होता है तो सभा में बैठी विशाल भीड़ ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका अभिवादन किया।
विशाल जनसभा को संबोधित करने से पहले राष्ट्रपति ने अपनी बात नमस्कार और जय जोहार से प्रारंभ की। भगवान बिरसा मुंडा को याद किया। कुछ मिनट छत्तीसगढ़ी में अपनी बात रखी। भगवान बिरसा मुंडा के साथ ही छत्तीसगढ़ महतारी को स्मरण करते हुए अपनी बात शुरू की। राष्ट्रपति ने कहा कि आज जिनके त्याग तपस्या और बलिदान को याद करने के लिए यहां आप लोगों के साथ मैं भी उपस्थित हुआ हूं। उनका जय जयकार करेंगे। उनकी त्याग तपस्या और बलिदान को नमन करेंगे।
छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्षों की यात्रा की चर्चा करते हुए कहा कि आज से 20 दिन पहले छत्तीसगढ़ नवनिर्माण का रजत जयंती वर्ष आप सबने मनाया है। यह 25 वर्षों का गौरवशाली इतिहास रहा है। विकास यात्रा के लिए आप सबको बधाई। मुझे यह जानकार प्रसन्नता हो रही है कि राज्य सरकार द्वारा एक से 15 नवंबर तक जनजातीय गौरव पखवाड़ा मनाया जा रहा है। राज्य स्थापना के रजत जयंती के दिन नवा रायपुर में जनजातीय संग्राहालय का लोकार्पण पीएम ने किया। जनजातीय समाज का योगदान भारत के गौरवशाली इतिहास का अहम हिस्सा रहा है। बस्तर की मुडिया दरबार की चर्चा करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि यह जनजातीय समाज और संस्कृति का गौरवशाली झलक है।
जनजातीय बहनों से विशेष लगाव
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि मैं जनजातीय समाज की बहनों से भेंट करने उनसे चर्चा करने को विशेष महत्व देती हूं। महिलाएं समाज का गौरव है, जननी है। महिलाएं आगे बढ़ेंगी तो समाज आगे बढ़ेगा। राष्ट्रपति ने जनजातीय समाज को दूसरे समाज के साथ मिलकर आगे बढ़ने पर बल दिया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की प्रशंसा
राष्ट्रपति मुर्मु ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की प्रशंसा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के तौर पर साय बेहतर कामकाज कर रहे हैं। राज्य को प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ाने के साथ ही जनजातीय समाज के उत्थान की दिशा में अच्छा काम कर रहे हैं। केंद्र व राज्य शासन की योजनाओं को जनजातीय समाज के बीच सफलतापूर्वक क्रियान्वयन की दिशा में काम कर रहे हैं।
समृद्धशाली रहा है छत्तीसगढ़ का जनजातीय इतिहास- सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मां महामाया की पवित्र भूमि में आयाेजित जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया गया है। आज छग के लिए सौभाग्य का विषय है इस भव्य महोत्सव में छग के निमंत्रण को स्वीकार करते हुए राष्ट्रपति यहां उपस्थित हैं। नक्सल पीड़ित लोग राष्ट्रपति भवन में आपसे मुलाकात की थी। वापस आकर आप-बीती बता रहे थे। जिन्होंने रायपुर नहीं देखा वे राष्ट्रपति भवन पहुंचकर आपसे सीधी बात की। आपने सभी से मुलाकात की। छग का जनजातीय इतिहास समृद्धशाली रहा है। 14 महापुरुषों ने आजादी की लड़ाई में अपना जीवन न्यौछावर किया है।
छग निर्माण का रजत जयंती वर्ष मना रहे हैं। छग राज्य निर्माता निर्माता स्व अटलजी को नमन करते हैं। सीएम ने कहा कि जनजातीय समाज के विकास में हमारी सरकार लगातार काम कर रही है। हमारा प्रदेश पीएम जनमन योजना में उत्कृष्ट कार्य किया है। धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना में हमारी सरकार ने बेहतर काम किया है। तेंदूपत्ता की कीमत चार हजार से बढ़ाकर पांच हजार कर दिया है।
बस्तर माओवाद के कारण लंबे समय से विकास से अछूता था। बस्तर के क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम करने में सफल हो रहे हैं। नक्सलवाद अंतिम सांसे ले रहा है। पूरा इलाका नक्सल मुक्त हो रहा है। नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से विकास कार्य को अंजाम दे रहे हैं। कृषि पशुपालन की दिशा में हम लगातार काम कर रहे हैं। छत्तीगसगढ़ की तीन करोड़ जनता की ओर से आपका आभार।
