Begin typing your search above and press return to search.

न्याय का हक मिलने तक... नारे के साथ भारत जोड़ो न्याय यात्रा का लोगो लॉन्च, राहुल गांधी ने शेयर किया वीडियो....

न्याय का हक मिलने तक... नारे के साथ भारत जोड़ो न्याय यात्रा का लोगो लॉन्च, राहुल गांधी ने शेयर किया वीडियो....
X
By Sandeep Kumar Kadukar

नईदिल्ली। दिल्ली स्थित AICC मुख्यालय में आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का लोगो लॉन्च किया। ये यात्रा 14 जनवरी से शुरू हो रही हैं। राहुल गांधी के नेतृत्व में यह यात्रा मणिपुर के इंफाल से शुरू होगी और देश के 15 राज्यों से होकर गुजरेगी और मुंबई में खत्म होगी। यात्रा 110 जिलों, 100 लोकसभा सीटों और 337 विधानसभा सीटों को कवर करेगी।

'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' पर राहुल गांधी का कहना है, "हम फिर आ रहे हैं अपनों के बीच, अन्याय और अहंकार के विरुद्ध ‘न्याय की ललकार’ लेकर। सत्य के इस पथ पर मेरी शपथ है, यात्रा जारी रहेगी, न्याय का हक़, मिलने तक।" कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि 14 जनवरी से मणिपुर से मुंबई तक 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' शुरू की जा रही है। इस दौरान 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के माध्यम से हम जनता से जुड़े मुद्दों पर बात करेंगे। उन्होंने कहा कि 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा', देशवासियों को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय दिलाने की ओर हमारा एक मजबूत कदम है। 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' देश के सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और बुनियादी मुद्दों को लेकर निकाली जा रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जब हमने संसद में देश से जुड़े मुद्दे उठाने की कोशिश की तो सरकार ने हमें बोलने नहीं दिया। देश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है, जब 146 सांसदों को निलंबित कर दिया गया। इसलिए, हम 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' से लोगों के बीच जा रहे हैं ताकि हम अपनी बात उनसे कह सकें और समाज के हर वर्ग से मिलकर उनकी बात सुन सकें।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस बार न्याय होकर रहेगा, हर कमज़ोर को हक़ मिल के रहेगा। बराबरी का हक, रोज़गार का हक, सम्मान का हक। उन्होंने कहा कि हम महंगाई, बेरोजगारी, किसानों के मुद्दे, मजदूरों की बुरी हालत, अमीर-गरीब के बीच में बढ़ती खाई और जातिगत जनगणना से जुड़े मुद्दों पर जन जागरण करेंगे।

खड़गे के मुताबिक यात्रा के दौरान राहुल समाज के विभिन्न वर्गों से, संगठनों से बात करेंगे और उनकी समस्याओं के समाधानों पर विचार-विमर्श करेंगे। भाजपा सरकार खुलेआम ईडी, सीबीआई, आईटी का इस्तेमाल कर विपक्ष को डराने-धमकाने का काम कर रही है। यह लोग जब विपक्ष के लोगों को पकड़ते हैं, तो उनके ऊपर कोई भी केस थोप देते हैं। लेकिन, जैसे ही वह आदमी बीजेपी में शामिल होता है, उसकी छवि साफ हो जाती है। आखिर ये कहां का न्याय है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हमने 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' से जुड़ने के लिए इंडिया गठबंधन के नेताओं, विभिन्न राज्यों में कांग्रेस के मित्र दलों और सिविल सोसाइटी को आमंत्रित किया है। यात्रा के दौरान उन सभी लोगों से भेंट होगी और विचार-विमर्श किया जाएगा।

कांग्रेस अध्यक्ष का कहना है कि 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का मंच एनजीओ, पत्रकारों, किसान, छोटे व्यापारी, दलित-पिछड़े वर्ग, आदिवासियों और बौद्धिक वर्ग को जोड़ने का भी है। यह यात्रा केवल अपनी बात जनता तक पहुंचाने का नहीं बल्कि जनता की आवाज और उनकी समस्याओं को सुनने का भी मंच है। अन्याय के विरुद्ध न्याय की इस लड़ाई में हम फिर आ रहे हैं। करोड़ों देशवासियों की मोहब्बत और दुआएं साथ लेकर, तानाशाही और अहंकार को करारा जवाब देने। अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाइए, इस न्याय यात्रा में हमारे साथ जुड़िए।

Sandeep Kumar Kadukar

संदीप कुमार कडुकार: रायपुर के छत्तीसगढ़ कॉलेज से बीकॉम और पंडित रवि शंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी से MA पॉलिटिकल साइंस में पीजी करने के बाद पत्रकारिता को पेशा बनाया। मूलतः रायपुर के रहने वाले हैं। पिछले 10 सालों से विभिन्न रीजनल चैनल में काम करने के बाद पिछले सात सालों से NPG.NEWS में रिपोर्टिंग कर रहे हैं।

Read MoreRead Less

Next Story