बड़े बचेली के वार्ड आठ में कोई नामांकन नहीं: पालिका से वापस ग्राम पंचायत बनाए जाने की माँग पर अडिग है ग्रामीण.. आयोग ने आचार संहिता शून्य घोषित की

रायपुर/ दंतेवाड़ा,9 दिसंबर 2021। खुद को ग्राम पंचायत में शामिल करने की माँग को पूरा करने के लिए आंदोलित बड़े बचेली के वार्ड क्रमांक आठ से किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल ही नहीं किया है। नतीजतन आयोग ने इस वार्ड को आदर्श आचार संहिता से प्रभाव शून्य घोषित कर दिया है।
बड़े बचेली को नगर पालिका परिषद बनाया गया है, लेकिन वार्ड क्रमांक आठ के संदर्भ में मसला दूसरा है। वार्ड क्रमांक आठ पहले ग्राम पंचायत का हिस्सा था, उसे नगर पालिका में शामिल कर दिया गया लेकिन निवासी इससे असहमत हो गए। नतीजतन वार्ड क्रमांक आठ में इस बार किसी ने नामांकन ही दाखिल नहीं किया।
सुभाष चंद्र वार्ड के नाम से पहचाने जाने वाले इस इलाक़े में 827 मतदाता हैं।प्रशासकीय सूत्रों के अनुसार इन नागरिकों की माँग को लेकर जानकारी और प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा जा चुका है, निर्णय राज्य स्तर पर लंबित है।
