Begin typing your search above and press return to search.

नीतीश कुमार का लकी आवास...सीएम आवास खाली करके यहीं होंगे शिफ्ट! निरीक्षण भी कर लिया

Nitish Kumar Resignation : नीतीश कुमार बिहार विधान परिषद से इस्तीफा देने के बाद 10 अप्रैल को राज्यसभा की सदस्यता लेंगे। इसी के साथ उनके सरकारी आवास बदलने की चर्चा तेज है। अभी वह पटना स्थित 1 अणे मार्ग में मुख्यमंत्री आवास में रह रहे हैं।

नीतीश कुमार का लकी आवास...सीएम आवास खाली करके यहीं होंगे शिफ्ट! निरीक्षण भी कर लिया
X

नीतीश कुमार। इमेज-सोशल मीडिया

By Ranjan Kumar

Nitish Kumar New Awas : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। अब वह 10 अप्रैल को राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। इसी के साथ वह सीएम पद से इस्तीफा देंगे। सीएम का पद छोड़ने के साथ उनका आवासीय पता बदल जाएगा। नीतीश कुमार 1 अणे मार्ग स्थित सरकारी आवास छोड़कर 7 सर्कुलर रोड स्थित नए आवास में शिफ्ट होंगे। उन्होंने मंगलवार को अपने संभावित नए आवास का निरीक्षण भी किया था।

7 सर्कुलर रोड से नीतीश कुमार का खास लगाव

नीतीश कुमार पहले भी 7 सर्कुलर रोड स्थित आवास में रहे हैं। जीतन राम मांझी मुख्यमंत्री बनाए गए थे, तब नीतीश कुमार इसी आवास में शिफ्ट हुए थे। तब से 7 सर्कुलर रोड का यह आवास उनके नाम ही आवंटित है। सूत्रों के अनुसार इस आवास से नीतीश कुमार का भावनात्मक जुड़ाव है। वे अक्सर यहां आते रहे हैं। परिसर में लगे बोधि वृक्ष को नमन करते हैं। यही कारण है कि मुख्यमंत्री आवास खाली करने के बाद वह दोबारा 7 सर्कुलर रोड में शिफ्ट होना चाहते हैं।

7 सर्कुलर रोड स्थित आवास इतना खास क्यों?

7 सर्कुलर रोड का आवास राजनीतिक रूप से काफी अहम है। 2015 के विधानसभा चुनाव के दौरान नीतीश कुमार इसमें रह रहे थे। तब उन्होंने महागठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। फिर गठबंधन के सहयोग से राज्य में सरकार बनाई। उस जीत के बाद उनकी राजनीतिक वापसी को इसी आवास से जोड़ा जाता है। इस वजह से इस पते का उनके लिए खास महत्व है।

पिता के इस्तीफे पर निशांत कुमार ने क्या कहा?

मंगलवार को निशांत कुमार पटना के एक दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना करके बाहर निकले तो पत्रकारों के सवालों का जवाब दिया। निशांत कुमार से पूछा गया कि नीतीश कुमार ने एमएलसी पद से इस्तीफा दे दिया है, उस पर क्या कहेंगे। निशांत ने कहा कि पिताजी ने फैसला लिया है। मैं स्वीकार करता हूं। जनता का स्नेह-प्यार जैसे पिताजी पर बना रहा, वैसे ही मेरे ऊपर भी बना रहे। हमारी पार्टी पर बना रहे। बता दें, दो दिन पहले ही नीतीश कुमार ने एमएलसी पद से इस्तीफा दिया है। उनके इस्तीफे के बाद जदयू के नेता और राज्य सरकार में मंत्री अशोक चौधरी रो पड़े थे। उनका वीडियो काफी वायरल हुआ था। इसी दिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी बांकीपुर के विधायक पद से इस्तीफा दिया था।

Next Story