Begin typing your search above and press return to search.

Loksabha Chunav 2024: हमने 3 महीने में ही कई वादों को कर दिया पूरा: सीएम साय बोले- सीना ठोककर उतरना है लोकसभा चुनाव में

Loksabha Chunav 2024: बीजेपी प्रदेश मुख्‍यालय में आज लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा के सभी मोर्चों की संयुक्त बैठक हुई। इसमें सीएम विष्‍णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री साव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री जम्वाल, प्रदेश संगठन महामंत्री साय ने भी किया मार्गदर्शन। प्रदेश अध्यक्ष देव ने कहा :कांग्रेस के पास न नीति है न नियत कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को कंगाल किया।

Loksabha Chunav 2024: हमने 3 महीने में ही कई वादों को कर दिया पूरा: सीएम साय बोले- सीना ठोककर उतरना है लोकसभा चुनाव में
X
By Sanjeet Kumar

Loksabha Chunav 2024: रायपुर। भारतीय जनता पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अपनी तैयारियों को तेजी से अमलीजामा पहनाने में जुट गई है। इसी कड़ी में भाजपा के सभी सात मोर्चों की सोमवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आहूत संयुक्त बैठक हुई जिसमें प्रदेश व केंद्रीय नेताओं ने चुनावी रणनीति पर मार्गदर्शन देकर कार्यकर्ताओं से कमर कसकर चुनाव मैदान में उतरने के लिए आह्वान किया। बैठक में लोकसभा प्रत्याशियों की घोषणा का स्वागत करते हुए कार्यकर्ताओं से सघन जन सम्पर्क और जन संवाद करने को कहा गया।


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस मौके पर अपने संबोधन की शुरुआत में भाजपा में प्रवेश करने वाले सभी लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि आप सभी कार्यकर्ताओं का भाजपा परिवार में अभिनंदन है। साय ने इस मौके पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव का शंखनाद कभी भी हो सकता है। छत्तीसगढ़ के सभी 11 संसदीय क्षेत्रों के भाजपा प्रत्याशियों के नाम घोषित हो गए हैं और अब कार्यकर्ताओं को कटिबद्ध होकर छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटें जीतकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिर प्रधानमंत्री बनाने के लिए परिश्रम करना है। साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को 10 वर्ष हो गए हैं और इन 10 वर्षों के कार्यकाल में भाजपा की सरकार ने देश में चहुँमुखी विकास और जनकल्याण के कार्य करके अनेक उपलब्धियों से देश का माथा गर्व से ऊँचा किया है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 2014 में भाजपा को 282 सीटें मिलीं और फिर सन 2019 में जनता ने एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी पर विश्वास करते हुए 303 सीटों पर भाजपा को विजयी बनाकर अपना आशीर्वाद दिया। इस बार के चुनाव में हम सबको 'चार सौ पार' का लक्ष्य लेकर केंद्र में भाजपा की ऐतिहासिक जीत दर्ज कराने के लिए कार्य करना है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने 10 वर्षों के कार्यकाल में कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। धारा 370, जिसे कोई समाप्त नहीं कर पाया और जिसके लिए यह हौआ खड़ा किया जाता रहा कि इसे खत्म करने से देश में खून-खराबा हो जाएगा, को प्रधानमंत्री मोदी ने दृढ़ राजनीतिक इच्छा शक्ति का परिचय देकर खत्म कर दिया। इसी प्रकार तीन तलाक पर कानून बनाकर और अयोध्या में भव्य राममंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करके वहाँ भगवान रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा कर मोदी ने महिलाओं को सामाजिक न्याय दिलाने और देशवासियों की आस्था का सम्मान करने का काम किया है।


मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनते ही लगातार बड़े-बड़े फैसले लिए जा रहे हैं। पहली ही कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास, जो कांग्रेस सरकार ने रोक दिया था, के लिए राज्यांश की घोषणा कर दी गई। 12 लाख किसानों के खाते में 3,716 करोड़ रुपए धान के दो वर्षों के बकाया बोनस का भुगतान कर दिया गया। 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से खरीदी की गई। इस वर्ष रिकॉर्ड 1.45 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी कुल 24 लाख 72 हजार किसानों से की गई। धान की अंतर की राशि का भुगतान आगामी 12 मार्च को कर दिया जाएगा। महतारी वंदन योजना के तहत चुनाव से पहले प्रदेश की 70 लाख 14 हजार महिलाओं के खाते में प्रतिमाह 1000 रुपए (सालाना 12 हजार रु.) दिया जाएगा और जो माताएं बहने महतारी वंदन योजना का फॉर्म किसी कारणवश नहीं भर पाई या कोई छूट गई हों तो वह भी फिर से फॉर्म भरकर इस योजना का लाभ ले सकेंगी। प्रधानमंत्री आवास बनाने के लिए सभी लाभार्थियों को नि:शुल्क रेत भी दी जाएगी। प्रदेश के युवाओं के साथ हुए छल को देखते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार ने पीएससी घोटाले की जाँच सीबीआई को सौंप दी है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में सीना ठोककर उतरना है और भाजपा प्रत्याशियों को जिताना है। इस बार छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटों पर हमें जीत हासिल कर केंद्र में मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाना है। साय ने कटाक्ष किया कि आज कांग्रेस पार्टी में कोई रहना नहीं चाहता। कांग्रेस पार्टी देश में कहीं दिख नहीं रही है। भारत जोड़ो यात्रा निकालने वाले कांग्रेसी पहले अपने पार्टी के लोगों को जोड़ें। देश में न्याय यात्रा निकालने वाली कांग्रेस पार्टी पहले अपने लोगों के साथ तो न्याय करे। आज कांग्रेस की नैया डूबती हुई नजर आ रही है जिसमें कोई सवार नहीं होना चाह रहे हैं।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने भाजपा की सदस्यता लेने वाले लोगों का स्वागत करते हुए अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की पहचान नीति और सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत से होती है। यहां जो कार्यकर्ता बैठे हुए हैं, राष्ट्रीय कार्यक्रमों को निचले स्तर पर ले जाकर लेकर जाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 5 वर्षों से विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता सिद्ध हुए हैं। देव ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में पूरी गंभीरता के साथ नीचे स्तर तक जाना है। विधानसभा चुनाव में भाजपा के कार्यक्रमों को जनता ने आशीर्वाद दिया। सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत से छत्तीसगढ़ में 54 सीटों के साथ भाजपा की सरकार बनी। जीत का यह सिलसिला निरंतर जारी रहे। भाजपा जो कहती है, वह करती है और हमने करके दिखाया भी है। भाजपा की सरकार बनने के बाद छत्तीसगढ़ में मोदी की गारंटी पर प्रदेश की भाजपा सरकार तेजी से काम कर रही है। कांग्रेस की सरकार ने तो छत्तीसगढ़ को कंगाल करके छोड़ दिया था। कांग्रेस के पास न तो नीति है और न ही नियम है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने कहा कि केंद्र नेतृत्व द्वारा कार्यकर्ताओं को जो निर्देश दिए गए हैं, उनको पूरा करना है। 1 जनवरी से लेकर 31 दिसंबर तक भाजपा के कार्यकर्ता लगातार कार्य करते हैं, भाजपा का कार्य वर्षभर चलता है। प्रधानमंत्री मोदी का मूलमंत्र है- सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास। केंद्रीय योजनाओं का लाभ सभी लोगों को मिल रहा है। हमें सभी कार्यों को मंडल से लेकर बूथ स्तर तक पहुँचाना है। भाजपा और कांग्रेस में यही अंतर है कि भाजपा का कार्यकर्ता स्वाभिमानी होता है। देव ने तंज कसा कि कांग्रेस पार्टी तो गोबर और गौठान से ही आगे नहीं बढ़ी। कांग्रेस पार्टी ने घोषणा पत्र में 36 वादे किए, लेकिन उन वादों को कभी पूरा नहीं किया। कांग्रेस लगातार झूठ-पर-झूठ बोलती रही, लेकिन जनता ने उनके झूठ पर नहीं, बल्कि भाजपा के कार्यों पर भरोसा जताया।


प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन कहा कि यह गर्व की बात है कि छत्तीसगढ़ का चुनाव फार्मूला राष्ट्रीय स्तर का चुनाव फार्मूला बन रहा है। अब लोकसभा चुनाव का अवसर आया है तो छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटें जीतनी है, इस बार छत्तीसगढ़ का रिजल्ट शत-प्रतिशत भाजपा के पक्ष में हो, इसके लिए कार्यकर्ता तैयार हो जाएँ। कार्यकर्ताओं को मंडल स्तर पर सक्रिय करना है, और अभी से मैदान में उतरना है। हमें मैदान में पूरी तैयारी के साथ उतरना है। हमारे सभी कार्यक्रम निश्चित ही पूरे होने चाहिए। भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में छत्तीसगढ़ की चर्चा होती है, यह छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं की लिए गौरव की बात है। नबीन ने कहा कि राजनीति में कभी शॉर्टकट को जगह नहीं देनी चाहिए। शॉर्टकट को अलग रखकर काम करना चाहिए। हमें पार्टी के कार्यों को प्रदेश के पूरे 35 जिलों में करना है। इसके साथ ही किए गए कार्यों का आकलन भी करना है। छोटी-छोटी बैठकें करके अलग-अलग समाज के लोगों को भाजपा से जोड़ना है। उन सभी विधानसभा क्षेत्रों तक भी पहुँचना है जहां पर भाजपा को कम अंतर से जीत मिली हो।

भाजपा प्रदेश सह प्रभारी नबीन ने कहा कि हमें भाजपा के फैसले मंडल व बूथ स्तर पर लेकर जाना है और इसे पूरा भी करना है। महिला स्व-सहायता समूह की बहनों से मुलाकात करनी है। महिलाओं से सतत संपर्क करना है। महतारी वंदन योजना आने वाले समय में देश की बहुत बड़ी योजना बन जाएगी। 70 लाख महिलाओं ने महतारी वंदन योजना का फॉर्म भरा है और महिला मोर्चा को इन 70 लाख महिलाओं तक पहुँचना है। जो भी कार्यक्रम हो रहे हैं, इन कार्यक्रमों में आप सभी की पूरी सक्रियता हो। सभी मोर्चो को प्रतिष्ठित एवं प्रभावित व्यक्तियों से लगातार में लेना है।


उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पहले राजनीतिक दल अपने परिवार को अपने भाई अपने भतीजे अपने बेटे को स्थापित करने के लिए काम करते थे लेकिन नरेंद्र मोदी जी की सरकार है जो केवल देश की विकास के लिए काम कर रही है। 'फिर एक बार, मोदी सरकार'; 'अबकी बार 400 पार' का नारा लगाते हुए साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटों पर कमल खिलाकर नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है। सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत से छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में 46 प्रतिशत वोट शेयर के साथ छत्तीसगढ़ के 54 विधानसभा क्षेत्रों में जीत हासिल करने के कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए साव ने कि अब आगामी लोकसभा चुनाव में और अधिक परिश्रम करना है और देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बनानी है।


भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि भाजपा के प्रत्याशियों की घोषणा हो चुकी है। हमारा नारा है- अबकी बार 400 पार, और छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटों पर कमल खिलाना है। इस दृष्टि से संगठन के कार्य और दायित्वों का चुस्त-दुरुस्त होकर निर्वहन करना है। जनता के बीच जाकर उनसे सघन सम्पर्क और संवाद करना है। जम्वाल ने कहा कि देश की जनता आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति और भी ज्यादा विश्वास प्रकट कर रही है। लेकिन हमें अति आत्मविश्वास में नहीं रहना है और पार्टी के लिए कार्य करना है। हमें एक बार फिर कड़ी मेहनत करनी है तभी अबकी बार 400 पार होंगे। आज हमें यह संकल्प लेना है कि छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटों पर जीत हासिल करनी है। राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपील की थी कि हमारी सभी योजनाओं का लाभ हर बूथ तक पहुँचे। हमें हर बूथ में 370 वोट प्लस करना है। लाभार्थियों से कहना है कि देश के प्रधानसेवक ने आप सभी को अपना प्रणाम भेजा है। इसके लिए हम सबको मिलकर एक निश्चित कार्य योजना बनाकर कार्य करना है।


भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि आगामी 30 मार्च तक भाजपा कार्यकर्ताओं को 10 लाभार्थियों और 200 परिवारों से सम्पर्क करना है। इसी तरह प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 250 दीवारों पर लेखन कार्य करना है और उसे सोशल मीडिया विभिन्न प्लेटफार्म पर अपलोड करना है। 10घरों में भाजपा का झंडा लगाना है। विकसित भारत संकल्प सुझाव कार्यक्रम के तहत 10 प्रतिष्ठित व्यक्तियों के सुझाव लेकर उसे सुझाव पेटी में संग्रहित करना है और नमो एप पर अपलोड करना है। सभी मोर्चों की कम-से-कम दो बैठकें जिला स्तर पर रखी जाएँ। एक निश्चित कार्य योजना बनाकर आगामी लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 11 सीटों पर भाजपा का कमल खिलाना है।

बैठक की कार्यवाही का संचालन कार्यक्रम का संचालन समस्त मोर्चा प्रभारी भरतलाल वर्मा ने किया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, जगदीश (रामू) रोहरा, रामजी भारती, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत, अनुसूचित जाति प्रदेश अध्यक्ष नवीन मार्कंडेय, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राकेश चंद्राकर, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शकील अहमद सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता समस्त मोर्चा के पदाधिकारी-कार्यकर्ता सम्मेलन में उपस्थित रहे।

Sanjeet Kumar

संजीत कुमार: छत्‍तीसगढ़ में 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय। उत्‍कृष्‍ट संसदीय रिपोर्टिंग के लिए 2018 में छत्‍तीसगढ़ विधानसभा से पुरस्‍कृत। सांध्‍य दैनिक अग्रदूत से पत्रकारिता की शुरुआत करने के बाद हरिभूमि, पत्रिका और नईदुनिया में सिटी चीफ और स्‍टेट ब्‍यूरो चीफ के पद पर काम किया। वर्तमान में NPG.News में कार्यरत। पंड़‍ित रविशंकर विवि से लोक प्रशासन में एमए और पत्रकारिता (बीजेएमसी) की डिग्री।

Read MoreRead Less

Next Story