Begin typing your search above and press return to search.

Lok Sabha elections 2024: राजनांदगांव में 4 लोगों ने वापस लिया नाम: महासमुंद में एक प्रत्‍याशी ने छोड़ा मैदान, जानिए..कांकेर में क्‍या हुआ

Lok Sabha elections 2024: छत्‍तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण में शामिल 3 सीटों के लिए आज नाम वापसी का अंतिम दिन था। राजनांदगांव में 4 प्रत्‍याशियों ने नाम वापस ले लिया है। वहीं, महासमुंद में भी एक प्रत्‍याशी ने दावेदारी छोड़ दी है।

Lok Sabha elections 2024: राजनांदगांव में 4 लोगों ने वापस लिया नाम: महासमुंद में एक प्रत्‍याशी ने छोड़ा मैदान, जानिए..कांकेर में क्‍या हुआ
X
By Sanjeet Kumar

Lok Sabha elections 2024: रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में दूसरे चरण की सीटों में शामिल हाई प्रोफाइल सीट राजनांदगांव में आज 4 प्रत्‍याशियां चुनाव मैदान से हट गए। नाम वापसी के अंतिम दिन 4 लोगों ने आज अपना नाम वापस ले लिया। इस सीट से कांग्रेस की तरफ से पूर्व मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल चुनाव मैदान में हैं। वहीं, बीजेपी ने अपने सीटिंग एमपी संतोष पांडेय पर फिर दांव लगाया है। इसकी वजह से यह सीट हाई प्रोफाइल बनी हुई है। महासमुंद सीट से भी एक प्रत्याशी ने अपना नाम वापस ले लिया है। वहीं , दूसरे चरण की तीसरी सीट कांकेर से नामांकन दाखिल करने वाले किसी भी प्रत्‍याशी ने नाम वापस नहीं लिया है। वहां 9 लोगों के बीच मुकाबला होगा। इसमें बीजेपी के भोजराज नाग और कांग्रेस के बीरेश ठाकुर प्रमुख है।

नाम वापसी खत्‍म होने के बाद अब राजनांदगांव में 15 प्रत्‍याशी मैदान में रह गए हैं। वहां कुल 23 लोगों ने नामांकन दाखिल किया था। जांच के दौरान 4 लोगों के नामांकन निरस्‍त कर दिए गए थे। वहीं, आज 4 लोगों ने नाम वापस ले लिया। अब राजनांदगांव के चुनावी रण में कुल 15 लोग बच गए हैं। 13 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं।

वहीं, महासमुंद में 24 लोगों ने नामांकन दाखिल किया था। जांच के दौरान 6 लोगों के नामांकन रिजेक्‍ट कर दिए गए थे। आज एक प्रत्‍याशी ने नाम वापस ले लिया। अब वहां 17 प्रत्‍याशी बचे हैं। इनमें कांग्रेस की तरफ से पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्‍वज साहू और बीजेपी की तरफ से रुप कुमार चौधरी शामिल हैं। इनमें 1 महिला व 17 पुरुष उम्‍मीदवार शामिल हैं। कांकेर में 10 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। इनमें से एक का नामांकन रिजेक्‍ट हो गया। कांकेर सीट से किसी ने नाम वापस नहीं लिया है। ऐसे में वहां 9 लोग मैदान में रह गए हैं। सभी प्रत्‍याशी पुरुष हैं।

राजनांदगांव में इन लोगों ने लिया नाम वापस

श्रीकांत कसेर, रेखचंद, महेंद्र कुमार साहू और रमेश यादव शामिल हैं।

कांकेर में दो भोजराज....

कांकेर संसदीय सीट से एक ही नाम के दो प्रत्‍याशी मैदान में हैं। बीजेपी ने इस सीट से भोजराज नाग को प्रत्‍याशी बनाया है। इस सीट से एक और भोजराज ने नामांकन जमा किया है। दूसरे का पूरा नाम भोजराम मंडावी है। उन्‍होंने राष्‍ट्रीय जनसभा पार्टी के प्रत्‍याशी के रुप में नामांकन जमा किया है। कांकेर सीट से नामांकन जमा करने वालों में तिलक राम मरकाम- बहुजन समाज पार्टी, राजा राम नाग- भारतीय संस्‍कार पार्टी, जीवन लाल- सर्व आदि दल, सुखचंदन नेताम- गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, थाकेश माहला- भारतीय शक्ति चेतना पार्टी, बीरेश ठाकुर- कांग्रेस और सोन सिंह- आंबेडकराईट पार्टी ऑफ इंडिया शामिल हैं।

कृषि मजदूर ने 2 सीटों से जमा किया नामांकन

एक प्रत्‍याशी ने 2 सीटों राजनांदगांव और महासमुंद से नामांकन जमा किया है। इनका नाम नारद प्रसाद निषाद है। निषाद ने शक्ति सेना पार्टी की तरफ से नामांकन फार्म जमा किया है। चुनाव आयोग को दिए शपथ पत्र में खुद को कृषि मजदूर बताया है। इनकी पत्‍नी भी कृषि मजदूर हैं। यहां दिलचस्‍प बात यह भी है कि राजनांदगांव और महासमुंद लोकसभा सीट से ताल ठोंक रहे नाराद प्रसाद रायपुर के रहने वाले हैं। उन्‍होंने शपथ पत्र में अपना पता पठारीडीह धरसींवा बताया है।

गोंगपा प्रत्‍याशी का नामांकन रिजेक्‍ट

दूसरे चरण की 3 सीटों पर 8 प्रत्‍याशियों के नामाकंन रिजेक्‍ट हुआ था। इनमें गोंगपा के नरेश मोटघरे भी शामिल हैं। इनके साथ दाऊ सिंह चौहान, गजेंद्र साहू और सच्चिदानंद कौशिक का भी नामांकन रिजेक्‍ट हुआ है। तीनों निर्दलीय हैं। इसी तरह महासमुंद सीट से चंपालाल पटेल राइट टू रिकॉल पार्टी, मानिक और संतोष बंजारे का नामांकन रिजेक्‍ट हुआ है।

Sanjeet Kumar

संजीत कुमार: छत्‍तीसगढ़ में 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय। उत्‍कृष्‍ट संसदीय रिपोर्टिंग के लिए 2018 में छत्‍तीसगढ़ विधानसभा से पुरस्‍कृत। सांध्‍य दैनिक अग्रदूत से पत्रकारिता की शुरुआत करने के बाद हरिभूमि, पत्रिका और नईदुनिया में सिटी चीफ और स्‍टेट ब्‍यूरो चीफ के पद पर काम किया। वर्तमान में NPG.News में कार्यरत। पंड़‍ित रविशंकर विवि से लोक प्रशासन में एमए और पत्रकारिता (बीजेएमसी) की डिग्री।

Read MoreRead Less

Next Story