Begin typing your search above and press return to search.

केंद्रीय रक्षा मंत्री के आरोपों पर कांग्रेस बोली- घोषणा पत्र हमारे लिए पावन ग्रंथ, 95 प्रतिशत वायदों को किया पूरा

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कांकेर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। इस पर कांग्रेस ने पलटवार किया। पार्टी ने 95 प्रतिशत चुनावी वादों को पूरा करने का दावा किया है।

केंद्रीय रक्षा मंत्री के आरोपों पर कांग्रेस बोली- घोषणा पत्र हमारे लिए पावन ग्रंथ, 95 प्रतिशत वायदों को किया पूरा
X
By Sanjeet Kumar

रायपुर। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आरोपों पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि गंगा मैय्या के क्षेत्र से आने वाले राजनाथ सिंह ने रमन सिंह के बहकावे में आकर कांग्रेस के घोषणा पत्र को गंगाजल की सौंगध से जोड़कर गंगा मैय्या का अपमान किया है। राजनाथ सिंह अपने झूठ के लिए माफी मांगे। राजनैतिक स्वार्थ के लिये भाजपा के नेता हिन्दू धर्म की मान्यताओं का मखौल उड़ा रहे है यह इनके ढोंगी चरित्र का परिचायक है।


बता दें कि रक्षा मंत्री सिंह आज छत्‍तीसगढ़ (rajnath visit in Chhattisgarh) आए थे। यहां कांकेर में उन्‍होंने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्‍होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर कई आरोप लगाए। इसका जवाब देते हुए कांग्रेस के संचार विभाग के अध्‍यक्ष शुक्‍ला ने कहा कि कांग्रेस ने अपने पूरे जनघोषणा पत्र के लिए गंगाजल की शपथ नहीं लिया था। कांग्रेस ने सिर्फ किसानों की कर्ज माफी के लिए गंगा जल को हाथ में लेकर प्रेस के सामने प्रतिज्ञा किया था। इसकी भी जरूरत इसलिए पड़ी थी क्योंकि कांग्रेस के कर्ज माफी के वायदे पर भाजपा ने झूठा भ्रम फैलाया था।

शुक्‍ला ने बताया कि कांग्रेस नेताओं ने कहा था राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने के दस दिनों के अंदर किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा। राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मात्र तीन घण्टे के अंदर किसानों का कर्ज माफ कर दिया था।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र के सभी वायदों को गंगा जल की शपथ से जोड़ कर राजनाथ सिंह और भाजपा गंगाजल का न सिर्फ अपमान कर रहे गंगा जल की महत्ता का मखौल भी उड़ा रहे है। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में किसानों का धान 2500 में खरीदने का वायदा किया था जिसे छत्तीसगढ़ के किसानों ने शाश्वत सत्य माना था। कांग्रेस और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी किसानों से किये वायदे को पूरी निष्ठा से निभाया है।

सन 2018 में किसानों के धान की खरीदी 2500 में की गई। सन 2019 में भाजपा और उसके केंद्र सरकार के तमाम अड़ंगे बाजी के बावजूद किसानों के धान की खरीदी 2500 में करने के वायदे को पूरा करने राजीव गांधी किसान न्याय योजना लागू किया गया।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस के लिए उसका घोषणा पत्र पावन ग्रंथ है भले ही हमने गंगाजल किसान कर्जमाफी के लिये उठाया था लेकिन कांग्रेस की सरकार मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस के जनघोषणा पत्र 95 प्रतिशत से अधिक वायदों को पूरा कर दिया है। भाजपा के 15 साल धोखे वायदा खिलाफी का था कांग्रेस सरकार के साढ़े 4 साल वायदा निभाने और कमिटमेंट पूरा करने का है।

Sanjeet Kumar

संजीत कुमार: छत्‍तीसगढ़ में 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय। उत्‍कृष्‍ट संसदीय रिपोर्टिंग के लिए 2018 में छत्‍तीसगढ़ विधानसभा से पुरस्‍कृत। सांध्‍य दैनिक अग्रदूत से पत्रकारिता की शुरुआत करने के बाद हरिभूमि, पत्रिका और नईदुनिया में सिटी चीफ और स्‍टेट ब्‍यूरो चीफ के पद पर काम किया। वर्तमान में NPG.News में कार्यरत। पंड़‍ित रविशंकर विवि से लोक प्रशासन में एमए और पत्रकारिता (बीजेएमसी) की डिग्री।

Read MoreRead Less

Next Story