पूर्व सीएम ने बताया जम्मू-कश्मीर में टारगेट किलिंग की समस्या का हल, कहा- 15 दिन का समय दे दें, सुधार नहीं दिया तो कहिएगा...

नई दिल्ली, 18 अक्टूबर 2021। आतंकवादियों द्वारा जम्मू कश्मीर में टारगेट किलिंग की जा रही है। भारतीय सेना द्वारा चलाए जा रहे एंटी टेरर ऑपरेशन से हड़बड़ाए आतंकवादी एक के बाद एक गैर कश्मीरियों को निशाना बनाते जा रहे हैं। कुलगाम जिले में आंतकवादियों ने रविवार को बिहार के दो मजदूरों की हत्या कर दी। इसके बाद बिहार में राजनीति गरमा गई है। पूर्व सीएम जीतन राम मांझी ने पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को ट्वीट किया है कि कश्मीर में लगातार निहत्थे बिहारी भाइयों की हत्या की जा रही है, जिससे मन व्यथित है। अगर हालात में बदलाव नहीं हो पा रहे हैं तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से आग्रह है कि कश्मीर को सुधारने की जिम्मेदारी हम बिहारियों पर छोड़ दीजिए। 15 दिन में सुधार नहीं दिया तो कहिएगा। बता दें कि कश्मीर में लगातार आतंकी घटनाएं हो रही हैं। आतंकवादी चुन-चुनकर लोगों की हत्या कर रहे हैं। इसी महीने आतंकवादी 11 लोगों की हत्या कर चुके हैं। आतंकियों के निशाने पर बाहरी लोग हैं। हालांकि सेना के जवान भी ऑपरेशन में आतंकवादियों को मार रहे हैं। साथ ही, केंद्र सरकार भी अलर्ट है।
