Begin typing your search above and press return to search.

नीतीश कुमार के नक्शे कदम पर बेटे निशांत कुमार, जल्द शुरू करेंगे जनता के लिए यह काम

Nishant Kumar to hold Janata Darbar : जदयू की सदस्यता लेने के बाद निशांत कुमार ने अब जनता दरबार लगाने का फैसला लिया है। पिता नीतीश कुमार की तरह निशांत कुमार भी जन सुनवाई के माध्यम से लोगों की शिकायतें सुनेंगे और समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रयास करेंगे।

नीतीश कुमार के नक्शे कदम पर बेटे निशांत कुमार, जल्द शुरू करेंगे जनता के लिए यह काम
X

इमेज-सोशल मीडिया

By Ranjan Kumar

Nitish Kumar And Nishant Kumar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नक्शे कदम पर उनके बेटे निशांत कुमार अब जनता दरबार लगाएंगे। वो लोगों की शिकायतें सुनेंगे। उन्होंने दावा किया समस्याओं के त्वरित निदान की दिशा में पहल करेंगे। निशांत ने शुक्रवार के राजधानी पटना स्थित जदयू कार्यालय में जनता दरबार लगाने के संबंध में बताया कि वो जल्द आम लोगों से सीधे मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे।

इससे पहले जदयू नेता निशांत कुमार ने प्रदेश कार्यालय में पार्टी की सक्रिय सदस्यता ग्रहण की। जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा ने उन्हें सक्रिय सदस्यता दिलाई। इस दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ, मुख्य सचेतक संजय सिंह समेत अन्य गणमान्य नेता मौजूद रहे।

नीतीश की शैली से मिलता-जुलता कदम

निशांत कुमार ने यह भी कहा कि उनका प्रयास होगा कि शिकायतों का त्वरित समाधान हो सके। इसके लिए वो अपने लेवल पर प्रयास करेंगे। निशांत कुमार का यह कदम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की शैली से मिलता-जुलता है। नीतीश लंबे समय तक जनता दरबार लगाते रहे हैं। सीएम बनने के बाद नीतीश ने जनता दरबार में लोगों की समस्याएं सुनीं और उनका समाधान भी कराया। स्वास्थ्य कारणों, किसी दौरे की वजह से कई बार जनता दरबार नहीं लगा, लेकिन पटना में होने पर निश्चित रूप से वो लोगों की समस्याएं सुनते रहे हैं।

नेताओं के साथ बैठक

निशांत कुमार ने शुक्रवार को तिरहुत प्रमंडल के जदयू जिलाध्यक्षों और प्रखंड अध्यक्षों के साथ बैठक भी की। इसमें जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। उमेश कुशवाहा ने बताया कि निशांत पार्टी को समझने और मजबूत करने के लिए लगातार बैठकों में हिस्सा ले रहे।

8 मार्च को ली थी पार्टी की सदस्यता

इसी 8 मार्च को निशांत कुमार ने औपचारिक रूप से जदयू की सदस्यता ग्रहण की थी। तब से वह लगातार पार्टी के छोटे-बड़े नेताओं से मिल रहे हैं। अब वे जल्द बिहार के अलग-अलग जिलों का दौरा करेंगे, जिससे जमीनी हालात को करीब से समझ सकें। बता दें, पार्टी के कई नेता मानते हैं कि भविष्य में निशांत पार्टी की कमान संभाल सकते हैं। वैसे, उन्हें कोई आधिकारिक पद नहीं दिया गया है। इस पर वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि समय आने पर शीर्ष नेतृत्व उनकी भूमिका तय करेगा।

Next Story