CG में SIR विवाद: कांग्रेस पदाधिकारियों के नाम वोटर लिस्ट से डिलीट कराने फार्म-7 के दुरुपयोग का आरोप, FIR दर्ज करने की मांग
CG SIR: छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण SIR के अंतिम दौर तक पहुंचते-पहुंचते विवाद की स्थिति बनने लगी है। उत्तर छत्तीसगढ़ से लेकर छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में बवाल मच गया है।

फोटो सोर्स- npg.news
रायपुर 19 फरवरी 2026, छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण SIR के अंतिम दौर तक पहुंचते-पहुंचते विवाद की स्थिति बनने लगी है। उत्तर छत्तीसगढ़ से लेकर छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में बवाल मच गया है। उत्तर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के पदाधिकारियों के नाम मतदाता सूची से डिलीट कराने फार्म-7 के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी परवेज आलम ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कर फर्जी फार्म-7 जमा करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
अंबिकापुर विधानसभा में 1143 मतदाताओं का नाम काटने के लिए फ़ार्म 7 का दुरुपयोग की जानकारी मिली है। कांग्रेस के पदाधिकारियों व अन्य लोगों के शामिल है। इसी तरह बिलासपुर में 119 लोगों के नाम मतदाता सूची से विलोपित कराने के लिए फार्म-7 जमा किया गया है। बीएलओ को जिन लोगों ने आवेदन दिया है,उस नाम का व्यक्ति संबंधित वार्ड में ही नहीं है। कांग्रेस के पदाधिकारियों ने फर्जी तरीके से बीएलओ को आवेदन देकर नाम विलोपित कराने की साजिश का आरोप लगाया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के पदाधिकारी परवेज आलम का नाम मतदाता सूची से विलोपित कराने बीलएओ को आवेदन दिया गया है। इसकी जानकारी मिलते ही परवेज ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराया है और दोषी व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर की मांग की है। परवेज ने अपनी शिकायत में लिखा है, मैं परवेज आलम, निवासी-बरेजपरा, अंबिकापुर, जिला सरगुजा (छत्तीसगढ़) का स्थायी निवासी एवं विधिवत पंजीकृत मतदाता हूं।
मुझे यह ज्ञात हुआ है कि मेरे संबंध में निर्वाचन आयोग के समक्ष फॉर्म-7 के माध्यम से यह झूठी, भ्रामक एवं तथ्यहीन शिकायत प्रस्तुत की गई है कि मैं उक्त पते पर निवासरत नहीं हूं तथा मुझे "Absent/Permanently Shifted" दर्शाते हुए मेरा नाम मतदाता सूची से विलोपित किए जाने का प्रयास किया गया है। उक्त शिकायत पूर्णतः असत्य, दुर्भावनापूर्ण तथा जानबूझकर मिथ्या तथ्यों पर आधारित है।
परवेज ने लिखा है, मैं निरंतर अपने स्थायी पते बरेजपरा, अंबिकापुर में निवासरत हूँ तथा क्षेत्र में सार्वजनिक रूप से परिचित व्यक्ति हूं। शिकायतकर्ता द्वारा दी गई जानकारी प्रथम दृष्टया तथ्यात्मक रूप से गलत, मनगढ़ंत तथा सत्यापन योग्य अभिलेखों के विपरीत है। इस प्रकार की झूठी आपत्ति का उद्देश्य मेरे वैधानिक मताधिकार को प्रभावित करना, मुझे मतदाता सूची से वंचित करना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अवैध हस्तक्षेप करना प्रतीत होता है। उक्त कृत्य सुनियोजित, दुर्भावनापूर्ण एवं स्पष्ट आपराधिक आशय (Mens Rea) से प्रेरित प्रतीत होता है, जिससे मेरे संवैधानिक एवं वैधानिक अधिकारों का हनन हुआ है।
शिकायकर्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग
मेरे विरुद्ध झूठी शिकायत प्रस्तुत करने वाले व्यक्ति जवाहर सिंह उम्र 36 वर्ष मो.न. -9826440495 EPICNUM- ZSW0624338 अम्बिकापुर के विरुद्ध नामजद प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) तत्काल दर्ज की जाए। संबंधित फॉर्म-7, सर्वर लॉग, आईपी एड्रेस, टाइम-स्टैम्प एवं अन्य डिजिटल अभिलेख सुरक्षित कर विधिवत वैज्ञानिक जांच कराई जाए। दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध प्रचलित विधि के अनुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
