चक्काजाम मसले पर कांग्रेस ने फिर किया हमला प्रवक्ता आर पी सिंह का बयान "भाजपा का चक्काजाम मोदी को चुनौती है.."

रायपुर,18 नवंबर 2021। भाजपा के प्रस्तावित बीस नवंबर के प्रदेशव्यापी चक्काजाम पर कांग्रेस ने फिर हमला किया है। अब कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता आर पी सिंह ने बयान जारी कर इस चक्काजाम पर सवाल उठाया है।
आर पी ने कहा :- "प्रस्तावित चक्का जाम दरअसल राज्य सरकार के खिलाफ नहीं है बल्कि अप्रत्यक्ष रूप से मोदी सरकार के खिलाफ है। मैं विष्णु देव साय और उनकी पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई देता हूँ कि पूरे हिंदुस्तान में कम से कम छत्तीसगढ़ से ही सही भाजपा में मोदी के खिलाफ आवाज तो उठनी शुरू हो गई है। डॉ मनमोहन सिंह की सरकार में पेट्रोल पर 9.48 रुपए और डीजल पर 3.56 रुपए एक्साइज ड्यूटी लगा करती थी जिसे नरेंद्र मोदी की सरकार ने बढ़ाकर क्रमशः पेट्रोल पर 27.90 रुपए और डीजल पर 21.80 रुपए कर दिया है। पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी की यह दर डीजल में ₹10 और पेट्रोल पर ₹5 कम करने के बाद की हैं। स्पष्ट है कि मोदी सरकार ने पेट्रोल पर लगभग 300 प्रतिशत और डीजल पर लगभग 700 प्रतिशत की वृद्धि एक्साइज ड्यूटी में की है और यही पेट्रोलियम पदार्थों के महंगे होने की असली वजह है"
कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा :- "आज जब अखबारों में यह समाचार आ चुका है कि छत्तीसगढ़ सरकार वैट में कमी करके पेट्रोलियम पदार्थों की दर कम रखने पर 22 नवंबर को प्रस्तावित कैबिनेट में विचार करने वाली है तब चक्का जाम का आयोजन हड़बड़ी में करना यह बताता है कि भाजपा झूठा श्रेय लेने के लिए तड़प रही है"
