Begin typing your search above and press return to search.

बधाई हो: छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष चुने जाने से पहले ही नारायण चंदेल को बधाइयों का दौर शुरू

बधाई हो: छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष चुने जाने से पहले ही नारायण चंदेल को बधाइयों का दौर शुरू
X
By NPG News

CG News: रायपुर। नारायण चंदेल को छत्तीसगढ़ का नेता प्रतिपक्ष चुने जाने की औपचारिकता अभी पूरी नहीं हुई है, मगर बधाइयों का दौर शुरू हो गया हैं। यहां तक कि नारायण चंदेल की वजह से खाली हो रहे महामंत्री पद के लिए भी जोड़ तोड़ शुरू हो गई है। हालाकि, यह पहली बार हो रहा कि बिना औपचारिक ऐलान के किसी नेता की ताजपोशी तय मानी जा रही है।

भाजपा के कोई नेता इस बारे में मुंह नहीं खोल रहा मगर इशारों में इजहार किया जा रहा। आज दोपहर से चंदेल को लोग बधाइयां दे रहे हैं। बड़ी संख्या में कल बीजेपी कार्यकर्ता जांजगीर से रायपुर आ रहे हैं।

चंदेल को मिलाकर छत्तीसगढ़ बीजेपी में महामंत्री के तीन पद हैं। चंदेल के खाली हो रहे पद के लिए भाजपा नेताओं में जोर आजमाइश शुरू हो गई है। इससे पता चलता है, चंदेल को नेता प्रतिपक्ष बनने को लेकर बीजेपी नेता कितना आश्वस्त हो चुके हैं।

बहरहाल, नेता प्रतिपक्ष को बदला जाना तय हो गया है। इसके लिए कल भाजपा विधायक दल की बैठक हो रही है। बैठक के लिए प्रदेश प्रभारी डी0 पुरंदेश्वरी कल सुबह रायपुर पहुंच रही हैं। सह प्रभारी नीतिन नवीन आज शाम रायपुर पहुंच गए। पता चला है, बीजेपी के लिए कल का दिन काफी गहमागहमी वाला रहेगा। कल कोर ग्रुप की पहले बैठक होगी। फिर विधायक दल का। खबर है, सांसदों की बैठक भी हो सकती है।

पार्टी के विश्वस्त सूत्रों का कहना है, पुरंदेश्वरी को दिल्ली में नए नेता प्रतिपक्ष का नाम लिफाफे में बंद करके सौंप दिया गया है। कल वे लिस्ट लेकर यहां आएंगी। विधायक दल की बैठक में नाम को वे औपचारिक ऐलान करेंगी। इससे पहले दिसंबर 2019 में जब धरमलाल कौशिक को नेता प्रतिपक्ष बनाया गया था, तब के प्रदेश प्रभारी अनिल जैन दिल्ली से नाम लेकर आए थे और यहां विधायकों से उस पर मुहर लगवा लिया गया। इस बार पुरंदेश्वरी को यह जिम्मा सौंपा गया है। हालांकि, नए नेता प्रतिपक्ष के लिए नारायण चंदेल के अलावा बृजमोहन अग्रवाल और शिवरतन शर्मा का नाम चर्चा में था, मगर अंदर की पुख्ता खबर है कि नारायण चंदेल का नाम नए नेता प्रतिपक्ष के लिए फायनल कर दिया गया है। कल इसका औपचारिक ऐलान कर दिया जाएगा।

नारायण चंदेल के समर्थकों ने नए नेता प्रतिपक्ष के स्वागत की तैयारी भी शुरू कर दी है। कल जांजगीर से काफी संख्या में चंदेल के समर्थक रायपुर आ रहे हैं। भाजपा के एक शीर्ष नेता ने एनपीजी से बातचीत में इस बात की तस्दीक की...सब कुछ ठीक रहा मतलब ओवरनाइट कुछ चेंज नहीं हुआ तो नारायण चंदेल के नाम पर मुहर लगना हंड्रेड परसेंट तय है। बताते हैं, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक को दिल्ली बुलाकर पार्टी अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा ने सूचित कर दिया है कि उन्हें बदला जा रहा है।

Next Story