Chhattisgarh News: छत्‍तीसगढ़ कैबिनेट की अयोध्‍या उड़ान: मंत्रिमंडल के साथियों के साथ कल श्रीराम लला के दर्शन करने जाएंगे विष्‍णुदेव

Chhattisgarh News: छत्‍तीसगढ़ कैबिनेट की अयोध्‍या उड़ान: मंत्रिमंडल के साथियों के साथ कल श्रीराम लला के दर्शन करने जाएंगे विष्‍णुदेव
X
Chhattisgarh News: छत्‍तीसगढ़ की पूरी सरकार (कैबिनेट) कल अयोध्‍या जाएगी। मुख्‍यमंत्री विष्‍णुदेव और उनके मंत्री वहां श्रीराम लला के दर्शन करेंगे।

Chhattisgarh News: रायपुर। मुख्‍यमंत्री विष्‍णुदेव साय कल (13 जुलाई) अपने मंत्रियों के साथ अयोध्‍या जा रहे हैं। पूरी कैबिनेट विशेष विमान से श्रीराम लला के दर्शन करने जाएगी। वहां दर्शन के बाद कल ही राजधानी रायपुर लौट आएंगे। कैबिनेट के श्रीराम लला के दर्शन के लिए अयोध्‍या जाने के संबंध में सीएम विष्‍णुदेव ने मीडिया को जानकारी दी है। 22 सीटर विशेष विमान कल सुबह विष्‍णुदेव मंत्रिमंडल को लेकर अयोध्‍या के लिए उड़ान भरेगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उनके कैबिनेट के सहयोगी श्रीरामलला के दर्शन करने शनिवार को अयोध्याधाम जाएंगे। मुख्यमंत्री इस अवसर पर माता शबरी की पवित्र धरती शिवरीनारायण से बेर फल की टोकरी भी उपहार स्वरूप रामलला को भेंट करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री साय विष्णुभोग चावल, कोसा वस्त्र, कारी लड्डू, अनरसा और सीताफल सहित अन्य सामग्री भी रामलला को भेंट करेंगे।

उल्लेखनीय है कि प्रभु श्रीराम ने शिवरीनारायण में ही माता शबरी के जूठे बेर खाये थे। यह ननिहाल से अपने भांचा राम को भेंट होगी। उल्लेखनीय है कि प्रभु श्रीराम का छत्तीसगढ़ के जनजातीय लोगों से गहरा स्नेह था। माता शबरी के जूठे बेर की कहानी रामायण की सबसे मर्मस्पर्शी कहानियों में से एक है।

मुख्यमंत्री अपने कैबिनेट के साथ प्रभु श्रीराम के दर्शन करेंगे और प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना करेंगे। उल्लेखनीय है कि अयोध्या धाम में श्रीरामलला के दर्शन के लिए प्रदेश के श्रद्धालुओं हेतु अयोध्याधाम श्रीरामलला दर्शन योजना भी संचालित की जा रही है जिससे हजारों श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर चुके हैं। योजना के शुभारंभ के समय मुख्यमंत्री ने कहा था कि शीघ्र ही वे कैबिनेट के साथ अयोध्या धाम में रामलला के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त करने जाएंगे।

बता दें कि पहले 28 जून को मंत्रिमंडल का अयोध्‍या दर्शन का कार्यक्रम बना था, लेकिन सीएम की व्‍यस्‍तता और दिल्‍ली दौरा के कारण कार्यक्रम टाल दिया गया। लोकसभा चुनाव से पहले श्रीराम लला दर्शन योजना की शुरुआत करते हुए मुख्‍यमंत्री साय ने कहा था कि वे अपने मंत्रिमंडल के साथ अयोध्‍या जाएंगे। इसके बाद लोकसभा चुनाव की व्‍यस्‍तता के कारण साय अयोध्‍या नहीं जा पाए थे, लेकिन अब चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्‍व में फिर से एनडीए की सरकार बन गई है।

अयोध्‍या दौरा कार्यक्रम

कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 13 जुलाई शनिवार को प्रातः 9.30 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से प्रस्थान कर पूर्वान्ह 11 बजे महर्षि वाल्मिकी इंटरनेशनल एयरपोर्ट अयोध्या धाम पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री पूर्वान्ह 11.15 बजे से शाम 5 बजे तक श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या धाम में श्री रामलला का दर्शन और मंदिर भ्रमण करेंगे। मुख्यमंत्री शाम 5.15 बजे अयोध्या धाम एयरपोर्ट से प्रस्थान कर संध्या 6.45 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर लौट आएंगे।

राज्‍य सरकार आम लोगों को करा रही श्रीराम लला के दर्शन

बताते चले कि विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने श्रीराम लला दर्शन योजना शुरू करने की घोषणा की थी। अपने वादे को पूरा करते हुए राज्‍य सरकार ने यह योजना शुरू कर दी है। इस योजना के तहत प्रदेश के लोगों को नि:शुल्‍क आयोध्‍या में श्रीराम लला के साथ ही अन्‍य स्‍थानों का दर्शन कराया जा रहा है।

Tags

Next Story