Begin typing your search above and press return to search.

Chhattisgarh News: भिलाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने भांजी लाठी: बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से मारपीट के आरोपी सभापति की गिरफ्तारी का कर रहे थे विरोध

Chhattisgarh News: भिलाई में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने आज जमकर लाठी भांजी, इसमें कई कार्यकर्ताओं को चोट भी लगी है। कांग्रेस ने इसे सरकार की तानाशाही करार देते हुए सरकार पर प्रदेश का राजनीतिक वातावरण बिगाड़ने का आरोप लगा रही है।

Chhattisgarh News: भिलाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने भांजी लाठी: बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से मारपीट के आरोपी सभापति की गिरफ्तारी का कर रहे थे विरोध
X
By Sanjeet Kumar

Chhattisgarh News: रायपुर। चरोदा निगम के सभापति कृष्णा चंद्राकर की गिरफ्तारी के विरोध में थाना घेरने पहुंचे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने आज दौड़ा-दौड़कर पीटा। कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस ने चंद्राकर के खिलाफ झूठा एफआईआर दर्ज की। इस मामले में कांग्रेस ने प्रदेश मुख्‍यालय राजीव भवन में प्रेसवार्ता लेकर लाठी चार्ज का विरोध किया। कांग्रेस ने पुलिस पर बीजेपी के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया है।

दरअसल, पूरा मामला 2 दिन पहले सिरसा गेट के पास हुए पूर्व मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल के घेराव से जुड़ा हुआ है। दुर्ग जा रहे बघेल को बजरंग दल के कार्याकर्ताओं ने घेरकर जमकर नारेबाजी की। इस मामले में पुलिस ने कुछ लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि सोमवार की शाम को चरोदा निगम के सभापति चंद्राकर ने बघेल को घेरने वालों में शामिल रहे 2 युवकों को पकड़कर मारपीट की। इतना ही नहीं दोनों को भिलाई-3 थाना लेकर गए और वहां भी पुलिस के सामने मारपीट की। इस मामले में पुलिस ने चंद्राकर को गिरफ्तार किया है।

सभापति चंद्राकर की गिरफ्तारी और पूर्व सीएम को घरने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस ने आज भिलाई में प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं के अनुसार भिलाई-3 थाना ज्ञापन सौंपने जा रहे कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया। इधर, राजीव भवन में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भिलाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज की कांग्रेस पार्टी कड़ी निंदा करती है।भाजपा सरकार अपना लोकतांत्रिक चरित्र खो चुकी है। भाजपा सरकार के पुलिस का आतातायी चेहरा सर्वथा अस्वीकार्य है। सरकार अपनी राजनैतिक मर्यादा का उल्लंघन कर रही। प्रदेश के राजनैतिक वातावरण को दूषित करने की कोशिश कर रही है।

शुक्‍ला ने पहले तो पूर्व मुख्यमंत्री के काफिले को रोक कर अभद्रता की जाती है। कार्यवाही की मांग पर लाठीचार्ज किया जाता है यह सरकार अपनी विदाई का मार्ग स्वयं तैयार कर रही है। कांग्रेस के कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे थे। भाजपा के अनुषांगिक संगठन बजरंग दल एवं विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता दादागिरी किये थे, सड़क जाम करके उपद्रव मचा रहे थे, पूर्व मुख्यमंत्री के साथ, उनके सुरक्षा कर्मियों के साथ बदतमीजी कर रहे थे। पुलिस उन पर कार्यवाही करने के बजाय कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा है। सरकार सोचती है कि लाठियां चलवाकर वह कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को दबा लेगी तो सरकार मुगालते में है।

उन्‍होंने कहा कि जितना अत्याचार करेंगे हमारा हौसला उतना मजबूत होगा। कांग्रेस की आक्रामकता से हमारे द्वारा लगातार चलाये जा रहे आंदोलनों से सरकार डर गयी है, घबरा गयी है। वह बर्बरता पर उतर गयी है। हम सरकार के खिलाफ आंदोलन को और तेज करेंगे। हम इनके लाठियों, गोलियों से डरने वाले नहीं है। पुलिस चोरी ऊपर से सीनाजोरी कर रही एक तो पूर्व मुख्यमंत्री के काफिले पर हमला होता है, दूसरा हमारे पदाधिकारियों के खिलाफ पुलिस एफआईआर दर्ज कर रही। चरोदा निगम के सभापति कृष्णा चंद्राकर के खिलाफ झूठा एफआईआर दर्ज किया गया। पुलिस की सह पर भाजयुमो प्रदर्शन करता है, पहले खुद अभद्रता करते है बाद में दबाव बनाते है।भाजपा और सरकार अपने अराजक कार्यकर्ताओं पर अंकुश लगाये अन्यथा कांग्रेस के कार्यकर्ता उन्हीं की भाषा में जवाब देंगे। पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, वरिष्ठ प्रवक्ता आरपी सिंह, धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा, प्रवक्ता नितिन भंसाली, सत्यप्रकाश, सारिक रईस खान उपस्थित थे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बेवजह लाठीचार्ज दमन की कार्रवाईः दीपक बैज

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि भिलाई-3 में शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन करते ज्ञापन देने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने जिस तरह से लाठीचार्ज किया है वह दमन की कार्रवाई है. उन्होंने कहा है कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन सबका अधिकार है और ऐसे प्रदर्शन से सत्तारूढ़ भाजपा को विचलित होकर ग़ैरलोकतांत्रिक क़दम नहीं उठाना चाहिए.

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भिलाई-3 में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सुरक्षा में बजरंग दल के गुंडा तत्वों ने जिस तरह से सेंध लगाई वह चिंता की बात है। सुरक्षा में गंभीर सेंध पर पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई न किए जाने पर कांग्रेस की ओर से धरना दिया गया था और थाने में जाकर पुलिस को ज्ञापन देना था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि मीडिया की ओर से वीडियो से स्पष्ट है कि शांतिपूर्ण ढंग से नारे लगाते जा रहे कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने बेवजह ही लाठीचार्ज किया है। कुछ कार्यकर्ताओं और मीडियाकर्मियों को तो पुलिस द्वारा घेरकर पीटा गया है. कई लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस से कार्रवाई की मांग करना भी भाजपा सरकार को बर्दाश्त नहीं हो रहा है. वह लाठीचार्ज करके अपनी नाकामी छिपाना चाहती है.

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि कांग्रेस झीरम के हमले में अपने वरिष्ठ नेताओं को गंवा चुकी है. वह भी भाजपा सरकार में हुआ था और सुरक्षा व्यवस्था में खामी की वजह से ही हुआ था. इसलिए अब कांग्रेस सचेत है और अपने किसी भी नेता की सुरक्षा में चूक को बर्दाश्त नहीं करेगी. अगर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाने वालों और बेवजह लाठीचार्ज करने वालों के खिलाफ समुचित कार्रवाई नहीं करती है तो कांग्रेस फिर से विरोध प्रदर्शन के लिए बाध्य होगी।

Sanjeet Kumar

संजीत कुमार: छत्‍तीसगढ़ में 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय। उत्‍कृष्‍ट संसदीय रिपोर्टिंग के लिए 2018 में छत्‍तीसगढ़ विधानसभा से पुरस्‍कृत। सांध्‍य दैनिक अग्रदूत से पत्रकारिता की शुरुआत करने के बाद हरिभूमि, पत्रिका और नईदुनिया में सिटी चीफ और स्‍टेट ब्‍यूरो चीफ के पद पर काम किया। वर्तमान में NPG.News में कार्यरत। पंड़‍ित रविशंकर विवि से लोक प्रशासन में एमए और पत्रकारिता (बीजेएमसी) की डिग्री।

Read MoreRead Less

Next Story