Begin typing your search above and press return to search.

Chhattisgarh Loksabha Chunav 2024: लोकसभा के बाद विधानसभा का उप चुनाव: छत्‍तीसगढ़ में दिसंबर से पहले फिर बन रही चुनाव की संभावना...

Chhattisgarh Loksabha Chunav 2024: छत्‍तीगसढ़ में इस वर्ष फिर उप चुनाव की संभावना बन रही है। दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों की तरफ से लोकसभा के मैदान में उतारे गए प्रत्‍याशियों को देखते हुए यह संभावना व्‍यक्‍त की जा रही है।

Chhattisgarh Loksabha Chunav 2024:  लोकसभा के बाद विधानसभा का उप चुनाव: छत्‍तीसगढ़ में दिसंबर से पहले फिर बन रही चुनाव की संभावना...
X
By Sanjeet Kumar

Chhattisgarh Loksabha Chunav 2024: रायपुर। देश में इस समय लोकसभा चुनाव की तैयारी चल रही है। पहले चरण के चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। लोकसभा के चुनाव की पूरी प्रक्रिया 6 जून तक खत्‍म होगी। उससे पहले ही छत्‍तीसगढ़ में विधानसभा के उप चुनाव को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

दरअसल, छत्‍तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों के लिए दोनों प्रमुख राजनीतिक पार्टियों में बीजेपी सभी 11 और कांग्रेस 7 सीटों पर प्रत्‍याशियों के नाम की घोषणा कर चुकी है। इन 18 प्रत्‍याशियों में 3 भूपेश बघेल, बृजमोहन अग्रवाल और कवासी लखमा विधायक हैं। बघेल पाटन, अग्रवाल रायपुर दक्षिण और लखमा कोंटा सीट के सीटिंग एमएलए हैं। ऐसे में इनमें से कोई भी जीत जाता है तो उप चुनाव जरुर होंगे। अब यह उप चुनाव विधानसभा के लिए होगा या लोकसभा के लिए यह जीतने वाले के ऊपर निर्भर करेगा कि वह विधानसभा से इस्‍तीफा देगा या लोकसभा से।

पिछली बार हुए सबसे ज्‍यादा उप चुनाव

पिछली विधानसभा (2018 से 2023) में प्रदेश में सबसे ज्‍यादा 5 बार विधानसभा के उप चुनाव हुए। 6वीं सीट पर भी उप चुनाव की संभावना बन रही थी, लेकिन विधानसभा चुनाव में छह महीने का ही वक्‍त रह गया था इस वजह से छठवां उप चुनाव नहीं हुआ। यह वैशाली नगर सीट थी। वहां से विधायक रहे विद्यारतन भसीन का 23 जून 2023 को निधन हो गया था। वैशाली नगर में उप चुनाव नहीं हुआ लेकिर चित्रकोट, दंतेवाड़ा, मरवाही और खैरागढ़ सीट पर उप चुनाव हुए थे।

जानिए 2018 से 2023 के बीच किन-किन सीटों पर हुए उप चुनाव

- 2018: सबसे पहले चित्रकोट विधानसभा सीट पर उप चुनाव हुआ। 2018 में वहां से विधायक चुने गए कांग्रेस के दीपक बैज के 2019 में बस्‍तर से सांसद चुने जाने के बाद उन्‍होंने विधानसभा से इस्‍तीफा दे दिया। इसके बाद वहां उप चुनाव कराया गया।

- 2019: बस्‍तर संभाग की ही दंतेवाड़ा सीट से विधायक चुने गए भाजपा के भीमा मंडावी की नक्‍सली हमले में मौत की वजह से वहां 2019 में ही उप चुनाव करना पड़ा।

- 2020: इसके अगले वर्ष यानी 2020 में पूर्व मुख्‍यमंत्री अजीत जोगी का निधन हो गया। जोगी मरवाही सीट से विधायक थे। उनके निधन के बाद नवंबर 2020 में वहां उप चुनाव कराया गया।

- 2022: जोगी की ही पार्टी जनता कांग्रेस छत्‍तीसगढ़ के विधायक देवव्रत सिंह का नवंबर 2021 में दिल का दौरा पड़ने के कारण निधन हो गया। इसकी वजह से रिक्‍त हुई खैरागढ़ विधानसभा सीट पर अप्रैल 2022 में उपचुनाव कराया गया।

- 2022: कांग्रेस जिला की भानुप्रातापुर सीट से कांग्रेस विधायक और विधानसभा के उपाध्‍यक्ष मनोज सिंह मंडावी का अक्‍टूबर 2022 में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। इसके बाद दिसंबर 2022 में वहां उपचुनाव कराया गया।

इन विधायकों का हुआ निधन

- नौ अप्रैल 2019: दंतेवाड़ा से भाजपा विधायक भीमा मंडावी की 2019 में लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान नक्‍सली हमले में मौत हो गई थी।

- 29 मई 2020: मरवाही सीट से जनता कांग्रेस छत्‍तीसगढ़ के विधायक रहे पूर्व मुख्‍यमंत्री अजीत जोगी की बीमारी की वजह से मौत हो गई।

- चार नवंबर 2021: जनता कांग्रेस छत्‍तीसगढ़ के ही खैरागढ़ से विधायक रहे देवव्रत सिंह का दिल का दौरा पड़ने की वजह से निधन हो गया।

- 16 अक्‍टूबर 2022: अंतागढ़ से कांग्रेस विधायक और विधानसभा के उपाध्‍यक्ष मनोज मंडावी का दिल का दौरा पड़ने के कारण निधन हो गया।

Sanjeet Kumar

संजीत कुमार: छत्‍तीसगढ़ में 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय। उत्‍कृष्‍ट संसदीय रिपोर्टिंग के लिए 2018 में छत्‍तीसगढ़ विधानसभा से पुरस्‍कृत। सांध्‍य दैनिक अग्रदूत से पत्रकारिता की शुरुआत करने के बाद हरिभूमि, पत्रिका और नईदुनिया में सिटी चीफ और स्‍टेट ब्‍यूरो चीफ के पद पर काम किया। वर्तमान में NPG.News में कार्यरत। पंड़‍ित रविशंकर विवि से लोक प्रशासन में एमए और पत्रकारिता (बीजेएमसी) की डिग्री।

Read MoreRead Less

Next Story