Chhattisgarh Loksabha Chunav 2024: CG एक और कांग्रेस नेता का विवादित बोल- बिलासपुर में बोले कन्हैया कुमार- संविधान की रक्षा के लिए हमें मिलकर देश से जनरल कायर को भगाना है

Chhattisgarh Loksabha Chunav 2024: बिलासपुर। बिलासपुर में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने पहुंचे कन्हैया कुमार पीएम मोदी को लेकर दिए एक बयान की वजह से फंस गए हैं। पहले प्रेसवार्ता और फिर जनसभा में कन्हैया ने पीएम को लेकर आपत्तिजनक बात कही। हालांकि इस दौरान उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके इस बयान को लेकर बीजेपी हमलावार हैं।
दिल्ली स्थित जवाहर लाल नेहरु विश्व विद्यालय के अध्यक्ष रहते चर्चा में आए कन्हैया कुमार अब कांग्रेस में हैं और एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। चुनाव प्रचार के लिए बिलासपुर पहुंचे कन्हैया कुमार ने जनसभा से पहले प्रेसवार्ता को संबोधित किया। मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने जलियावाल बाग हत्याकांड के सूत्राधार जनरल डायर के बहाने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा। कन्हैया ने कहा कि आज जलियावालाबाग कांड दिवस है। कल बाबा साहब की जयंति है। संविधान की रक्षा के लिए हमें मिलकर देश से जनरल कायर को भगाना है।उन्होंने कहा कि हमने गोलियां खाकर जनरल डायर को भगाया है…अब संविधान की रक्षा के लिए जनरल कायर को हटाना है। कन्हैया ने कहा कि हमारे न्याय पत्र को मुस्लिम लीग प्रभावित बताकर प्रधानमंत्री ने देश की जनता का अपमान किया है। प्रधानमंत्री देश की जनता को मूर्ख समझ रहे हैं। भाजपा सरकार अहंकार में डूबी है।
सात फेरा लेकर सात जन्मों की गारंटी को एक ही जन्म में तोड़ दिया
इसके बाद मस्तुरी में एक जनसभा को भी कन्हैया ने संबोधित किया। कन्हैया ने कहा कि क्या महिलाओं को एक लाख रूपये सालाना देने की घोषणा करना मुस्लिम लीग प्रभावित है। बेरोजगारों को रोजगार देना, महंगाई की चर्चा करना क्या अपराध है। कन्हैया ने कहा कि दरअसल प्रधानमंत्री और भाजपा को अहंकार हो गया है। कन्हैया ने कहा कि मोदी की गारंटी पर भरोसा करना मतलब धोखा देना है। मोदी ने सात फेरा लेकर सात जन्मों की गारंटी को एक ही जन्म में तोड़ दिया।
प्रधानमंत्री के लिए अपशब्दों का प्रयोग
कार्यक्रम स्थल पर कन्हैया की मौजूदगी में उनके समर्थकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया। इस दौरान कन्हैया हंसते रहे। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
बीजेपी विधायक का पलटवार- भारत के टुकड़े करने वाले ने बदली वल्दीयत
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने प्रधानमंत्री को जनरल कायर कहे जाने पर पलटवार किया है। कहा कि कन्हैया कुमार भाड़े से निकले चूजा है। उन्होंने देखते ही देखते अपनी वल्दीयत बदल ली है। आश्चर्य होता है कि कल तक भारत के टुकड़े टुकड़े की बात कहने वाला कन्हैया..अवसर पाते ही राष्ट्रवादी बन गया है। देश की जनता को आज भी जेएनयू की घटना याद है। छद्म राष्ट्रवादी कन्हैया को हर्जाना चुनाव में ही चुकाना होगा।

संजीत कुमार: छत्तीसगढ़ में 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय। उत्कृष्ट संसदीय रिपोर्टिंग के लिए 2018 में छत्तीसगढ़ विधानसभा से पुरस्कृत। सांध्य दैनिक अग्रदूत से पत्रकारिता की शुरुआत करने के बाद हरिभूमि, पत्रिका और नईदुनिया में सिटी चीफ और स्टेट ब्यूरो चीफ के पद पर काम किया। वर्तमान में NPG.News में कार्यरत। पंड़ित रविशंकर विवि से लोक प्रशासन में एमए और पत्रकारिता (बीजेएमसी) की डिग्री।
-
Home
-
Menu
