Chhattisgarh BJP News: CG भाजपा की सूची में मिस्टर इंडिया! 21वें नम्बर के नाम को लेकर चर्चाओं का दौर...

Chhattisgarh BJP News: रायपुर। बिहार चुनाव से फुर्सत पाते ही छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने प्रदेश भाजपा की मोर्चा और जिला स्तरीय समितियों में धड़ाधड़ नियुक्तियां की हैं। इनमें से कुछ सूची को लेकर असंतोष भी सामने आ रहा है।
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा छत्तीसगढ़ की प्रदेश कार्यकारिणी की सूची अभी चर्चा का विषय बन गई है। ऐसा नहीं है कि इस सूची को लेकर कोई विवाद पैदा हो गया हो, एक रोचक नाम की पतासाजी शुरू हो गई है। इस सूची में 21वें नंबर पर नाम लिखा है- मिस्टर इंडिया। पहली नजर में लग रहा है कि नाम लिखने में कोई चूक हो गई है। जबकि ऐसा नहीं है। ज्यादातर लोग इस नाम को देख कर पतासाजी कर रहे हैं और अनुमान लगाया जा रहा है कि गलती हो गई है। जबकि सच यह है कि मिस्टर इंडिया बिलासपुर ग्रामीण भाजपा का सदस्य हैं। इन्हें अनुसूचित जाति मोर्चा छत्तीसगढ़ का सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया है। इनके साथ दिनेश चावरिया को सोशल मीडिया सहप्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
छत्तीसगढ़ भाजपा ने सभी मोर्चा और संगठनों के खाली पदों को भरने का काम तेजी से किया है। यह काम पहले ही हो जाना था, मगर संगठन के जिम्मेदार पदाधिकारियों के बिहार चुनाव में व्यस्त होने के कारण देर हो गई है। हाल ही में भाजपा ने सभी 36 जिलों में संगठन प्रभारियों की भी घोषणा कर दी है। हालांकि अनुमान लगाया जा रहा है कि इसमें देरसबेर संशोधन किया जाएगा। अनुसूचित जाति मोर्चा में छह उपाध्यक्ष बनाए गए हैं, जिनमें दो महिलाओं को भी मौका दिया गया है। इसी तरह छह मंत्रियों में केवल एक महिला का नाम नजर आ रहा है। सूची में महिला प्रमुख और महिला सहप्रमुख की भी घोषणा की गई है।

गोपाल राव: रायपुर में ग्रेजुएशन करने के बाद पत्रकारिता को पेशा बनाया। विभिन्न मीडिया संस्थानों में डेस्क रिपोर्टिंग करने के बाद पिछले 11 सालों से NPG.NEWS से जुड़े हुए हैं। मूलतः रायपुर के रहने वाले हैं।
Tags
-
Home
-
Menu
