Begin typing your search above and press return to search.

Chhatisgarh Vidhansbha Mansoon Session 2025: धान पर सदन में घिरे मंत्री दयालदास बघेल: विधायक संगीता सिन्हा ने 184 करोड़ के शार्टेज को लेकर मंत्री को घेरा

Chhatisgarh Vidhansbha Mansoon Session 2025: समितियों से धान के उठाव को लेकर बरती जा रही लापरवाही और फर्जीवाड़े को लेकर विधायक संगीता सिन्हा ने खाद्य मंत्री दयालदास बघेल को जमकर घेरा। बिलासपुर जिले के मस्तूरी और मल्हार खरीदी केंद्रों में फर्जी खरीदी को लेकर विधायक अटल श्रीवास्तव व दिलीप लहरिया ने सवाल खड़े किए। मंत्री ने बताया कि दोनों समितियों में जिम्मेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया गया है।

Chhatisgarh Vidhansbha Mansoon Session 2025: धान पर सदन में घिरे मंत्री दयालदास बघेल: विधायक संगीता सिन्हा ने 184 करोड़ के शार्टेज को लेकर मंत्री को घेरा
X
By Radhakishan Sharma

Chhatisgarh Vidhansbha Mansoon Session 2025: रायपुर। खरीदी केंद्रों से धान का उठाव ना होने, समितियों में धान के शार्टेज और फर्जी खरीदी का मुद्दा सदन में छाया रहा। विधायक संगीता सिन्हा ने बालोद के खरीदी केंद्रों में 184 करोड़ रुपये से अधिक के धान के शार्टेज का मुद्दा उठाया। विधायक ने दस्तावेज लहराते हुए कहा कि खाद्य विभाग के आफिशियल वेबसाइट में कुछ और मंत्री द्वारा दी गई जानकारी कुछ और है। विधायक ने मंत्री से पूछा कि दोनों से कौन सी जानकारी सही है। मंत्री को जवाब देते नहीं बना। इस बीच पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने शार्टेज को सवाल किया।

प्रश्नकाल की शुरुआत विधायक संगीता सिन्हा के सवालों से हुआ। मानसून सत्र के अंतिम दिन सदन में धान का मुद्दा छाया रहा। विधायक संगीता सिन्हा ने दस्तावेज लहराते हुए कहा कि 24 जून 2025 की स्थिति में बालोद 184 करोड़ रुपये के धान का शार्टेज दिखा रहा है। यह आंकड़ा और जानकारी खाद्य विभाग के आफिशियल वेबसाइट की है। विधायक ने सवाल उठाते हुए कहा कि धान के आंकड़े को लेकर एक ही दिन में दो अलग-अलग जानकारी कैसे दी जा रही है। अफसर अलग जवाब दे रहे हैं और वेबसाइट में अलग जानकारी बताई जा रही है। मंत्री दयालदास बघेल ने सफाई देते हुए कहा कि वेबसाइट में डाटा बदलते रहता है। तब विधायक ने मंत्री से कहा कि आप गोलमाेल जवाब मत दीजिए। करोड़ों का मामला है। इतना बड़ा अंतर है। जवाबदेही किसकी है। मंत्री को घिरते देख स्पीकर डा रमन सिंह ने कहा कि मंत्री जो जवाब दे रहे हैं वह सही है। इस बीच पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने पूछा कि बालोद विधानसभा के खरीदी केंद्रों में एक हजार मीट्रिक टन धान बचा है। ये आपने बताया। नान और एफसीआई को कितना धान दिया है। धान खरीदी केंद्रों से उठ गया हैतो फिर 50 हजार मीट्रिक टन धान कहां गया। किसने गायब कर दिया।

विधायक ने किया ये सवाल

खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में संजारी-बालोद विधान सभा क्षेत्र के अंतर्गत उपार्जन केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर कितनी-कितनी मात्रा में धान की खरीदी की गई? उपार्जन केन्द्रवार जानकारी देवें? (ख) कण्डिका 'क' में उपार्जित धान को किन-किन संग्रहण केन्द्रों में कितनी-कितनी मात्रा में संग्रहित किया गया तथा 24 जून 2025 की स्थिति में उक्त संग्रहण केन्द्रों में धान की कितनी-कितनी मात्रा शेष/संग्रहित है? धान को धूप एवं बारिश से बचाने हेतु क्या प्रबंध किये गये हैं?

खाद्य मंत्री बघेल का लिखित जवाब

खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में संजारी-बालोद विधान सभा क्षेत्र के अंतर्गत उपार्जन केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर 2,22,500.48 मे. टन धान की खरीदी की गई है। उपार्जन केन्द्रवार जानकारी संलग्न प्रपत्र'अ' अनुसार है। (ख) कण्डिका 'क' में संजारी-बालोद विधान सभा क्षेत्र के अंतर्गत उपार्जित धान को जिले धान संग्रहण केन्द्रों में कुल संग्रहित धान एवं दिनांक 24.06.2025 की स्थिति में संग्रहण केन्द्रों में शेष/संग्रहित धान की जानकारी संलग्न प्रपत्र 'ब' अनुसार है। खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में बालोद जिले में संग्रहण केन्दों में कुल 262219.36 मे.टन भण्डारित किया गया है एवं दिनांक 24.06.2025 की स्थिति में 209961.33 मे. टन धान उठाव हेतु शेष है। संग्रहण केन्द्रों में भण्डारित धान के स्टेक को धूप एवं बारिश से बचाने हेतु जल निकासी हेतु उचित व्यवस्था किया गया है एवं धान के स्टेक को कैप कव्हर से सुरक्षित ढक कर रखा गया है।

विधायक संगीता ने कहा, धान में आ गया है अंकुरण

विधायक संगीता सिन्हा ने विभागीय अधिकारियों पर रखरखाव में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्रों में धान खुले में रखा हुआ है। धान में अंकुरण आ गया है। यह खुलासा करने के साथ ही उसने फोटोग्राफ्स भी दिखाए। इस पर मंत्री ने कहा कि केंद्रों में धान सुरक्षित है। स्पीकर डा सिंह ने विधायक संगीता सिंह से कहा कि आप सवाल करिए आप क्या चाहती हैं। तब विधायक ने गड़बड़ी की जांच की मांग की। इस पर मंत्री बघेल ने कहा कि मिलान होने के बाद ही सही स्थिति की जानकारी मिलेगी।

विधायक अटल के सवाल पर मंत्री ने एफआईआर की दी जानकारी

विधायक अटल श्रीवास्तव ने बिलासपुर जिले के मस्तूरी व मल्हार खरीदी केंद्रों में फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सवाल पूछा। इस पर मंत्री ने बताया कि उप पंजीयक के माध्यम से एफआईआर करा दी गई है। शार्टेज की जांच की जा रही है। विधायक श्रीवास्तव ने पूछा कि खरीदी केंद्रों में 10,886 क्विंटल धान की कमी है। इसकी रिकवरी किससे करेंगे।

Next Story