Chhatisgarh Vidhansabha Mansooon Session 2025: नेता प्रतिपक्ष डा महंत ने गृह मंत्री से कहा: विद्वान मंत्री हैं, आपको परेशान नहीं करुंगा, पढ़िए प्रश्नकाल के दौरान की महत्वपूर्ण झलकियां
Chhatisgarh Vidhansabha Mansooon Session 2025:– विधानसभा के मानसून सत्र का आज तीसरा दिन है। बीते दो दिनों से प्रश्नकाल के दौरान सत्ता व विपक्ष के सदस्यों के बीच जिस तरह नोक-झोंक की स्थिति बनी थी,तीसरे दिन वैसा दिखाई नहीं दिया। विधानसभा अध्यक्ष डा रमन सिंह भी आज अच्छे मूड में दिखाई दिए। नेता प्रतिपक्ष डा महंत अलग अंदाज में नजर आए। स्पीकर ने जब डा महंत को सवाल पूछने के कहा तब डा महंत ने गृह मंत्री को संबोधित करते हुए कहा कि मंत्री जी विद्वान हैं। उनको परेशान नहीं करुंगा। बस छोटे-छोटे सवाल करुंगा। पढ़िए प्रश्नकाल के तीसरे दिन सदन में कुछ इस तरह के रोचक नजारे दिखाई दिए।

Chhatisgarh Vidhansabha Mansooon Session 2025: रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज तीसरा दिन है। प्रश्नकाल के दौरान सदन का मूड अच्छा दिखाई दिया। रोकच अंदाज और इसी तरह के नजारे नजर आए। सत्ता व विपक्ष के सदस्य आज एक दूसरे से चुहलबाजी करते नजर आए। पढ़िए सत्र के तीसरे दिन प्रश्नकाल के दौरान कुछ रोचक नजारे, विधायकों के बीच आपसी संवाद और विधानसभा अध्यक्ष के अच्छे मूड के बीच कही गई बातें।
0 एआई पर नहीं डिपार्टमेंट के कामकाज पर रखिए भरोसा
साइबर क्राइम को लेकर सदन में सवाल-जवाब चल रहा था। विधायक सुनील सोनी साइबर क्राइम और नेशनल क्राइम ब्यूरो की रिपोर्ट के साथ ही एआई की रिपोर्ट का हवाला दे रहे थे। गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि एआई पर भरोसा मत करिए। आज आप जो कुछ लिख देंगे, कल उसी के संबंधित सवाल करेंगे तो आपका लिखा ही एआई बता देगा। इतना कहने के साथ ही उन्होंने विधायक से कहा कि एआई पर नहीं डिपार्टमेंट की बातों और आंकड़ों पर भरोसा रखिए।
0 एआई को लेकर जब विधानसभा अध्यक्ष डा रमन सिंह ने कही ये बातें
बात एआई के भरोसे को लेकर हो रही थी। गृह मंत्री ने कहा कि एआई पर भरोसा ना करिए। आंकड़े बहुत ज्यादा भरोसेमंद नहीं होते। तब स्पीकर डा रमन सिंह ने कहा कि यह सही है। एआई आंकड़ा बताने के साथ आखिरी में लिखता है कि इसकी प्रमाणिकता आप खुद तय करिए।
0 मोहले जी वरिष्ठ हैं,उनके सवालों का जवाब दें
मुंगेली के विधायक पुन्नूलाल मोहले जब सवाल कर रहे थे तब विधानसभा अध्यक्ष डा सिंह ने गृह मंत्री से कहा कि मोहले जी वरिष्ठ होने के साथ ही अनुभवी भी हैं। उनके एक-एक प्रश्न का जवाब देना है। तब मंत्री ने कहा कि सदन के भीतर भी और बाहर भी उनके सवालों का जवाब देता हूं। कुछ सवाल के लिए भाग जाना पड़ता है। मंत्री ने जब यह कहा तब सदन में ठहाके गूंजने लगा था। हाजिर जवाबी विधायक अजय चंद्राकर ने कहा मोहलेजी का जीवन एआई से चल रहा है। इस बीच नेता प्रतिपक्ष ने भी अपनी बात रखी। तब मुस्कराते हुए विधानसभा अध्यक्ष डा सिंह ने डा महंत की ओर मुखातिब होते हुए कहा कि आप दाेनों एमपी रहे हैं। तब नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि तब तो साथ-साथ ही रहना होता था। उनका इतना कहना था कि सदन में विधायकों की हंसी छूट गई। विधानसभा अध्यक्ष भी मुस्कराते नजर आए।
0 स्पीकर ने कहा- मंत्रीजी विधायक जी को प्रसन्न रखिए आज उनका सम्मान होना है
चर्चा के बीच विधानसभा अध्यक्ष की नजर विधायक लखेश्वर बघेल की ओर गया। तब उन्होंने मंत्री विजय शर्मा से कहा कि मंत्री जी विधायक जी को प्रसन्न रखिए। आज इनका सम्मान होने वाला है।
