CG तस्वीरों में माटी पूजन: सिर पर साफा बांधे सीएम ने ट्रैक्टर से खेत की जुताई की, किसानों को बीज वितरण, देखें अक्ती तिहार पर शुरू हुई नई परंपरा की तस्वीरें

रायपुर, 03 मई 2022। सीएम भूपेश बघेल ने अक्ती (अक्षय तृतीया) पर माटी पूजन कर नई परंपरा की शुरुआत की। उन्होंने ठाकुर देवता की पूजा अर्चना कर खेती किसानी के नए कामों की शुरुआत की और प्रदेश के लोगों की सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, सीएम के सलाहकार प्रदीप शर्मा, कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल आदि मौजूद थे।
सीएम बघेल ने अक्षय तृतीया के अवसर पर खेत में हल और ट्रेक्टर चलाकर बीजों का रोपण भी किया।
अक्षय तृतीया का दिन बहुत शुभ माना गया है। इस दिन जिस काम की शुरुआत होती है, उसकी पूर्णता निश्चित मानी जाती है।
धरती और प्रकृति की रक्षा करने के संकल्प के साथ सीएम ने छत्तीसगढ़ में माटी पूजन महाभियान की शुरुआत की। इसके अंतर्गत राज्य में जैविक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा।
सीएम ने कहा कि माटी पूजन महाभियान का लक्ष्य रासायनिक खेती की जगह जैविक खेती की पुनर्स्थापना है। हमारी कृषि परम्परा में यह दिन विशेष महत्व रखता है।
खेती-किसानी में पानी का विशेष महत्व होता है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने परिसर में बनाए गए लघु वाटिका में कुआं का पूजन किया।
