Begin typing your search above and press return to search.

CG Vidhansabha Budget Session 2025: छबि से उलट CM विष्णुदेव ने दिखाए तीखे तेवर, अफसरशाही में नकली सरिया, सट्टे का प्रोटेक्शन मनी, भ्रष्टाचार का वायरस से लेकर शकुनी और धृतराष्ट्र का जिक्र कर डाला...

CG Vidhansabha Budget Session 2025: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की छबि विनम्र और सौम्य राजनीतिज्ञ की है। मगर कल विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए उन्होंने तीखे तेवर दिखाए वह चर्चा का विषय रहा। उन्होंने महादेव सट्टा पर प्रहार करते हुए कहा कि प्रोटेक्शपन मनी बढ़ता गया और सट्टा का कारोबार फैलता गया। राज्य सिविल सेवा शासन प्रणाली का सरिया होते हैं, इसमें भ्रष्टाचार का नकली सरिया घुसा लगा दिया गया।

CG Vidhansabha Budget Session 2025: छबि से उलट CM विष्णुदेव ने दिखाए तीखे तेवर, अफसरशाही में नकली सरिया, सट्टे का प्रोटेक्शन मनी, भ्रष्टाचार का वायरस से लेकर शकुनी और धृतराष्ट्र का जिक्र कर डाला...
X
By Gopal Rao

CG Vidhansabha Budget Session 2025: रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कल सधे अंदाज में विपक्ष पर चुन-चुनकर तीर चलाए। इशारे-इशारे में उन्होंने महाभारत की चर्चा करते हुए उसके किरदारों पर तंज कस डाला।

युवाओं का सपना टूट गया

उन्होंने कहा कि पिछली सरकार का हाल ये था कि पीएससी में डिप्टी कलेक्टरों के पदों पर कांग्रेस नेताओं के परिजन और अधिकारियों के बच्चे नजर आए। उस दिन छत्तीसगढ़ के हर युवा का सपना टूट गया। युवा सरकार से शिकायत करते रहे और सरकार की तरफ से एक लाईन की बाइट आती थी, शिकायत आएगी तो कार्रवाई होगी।

कुशासन का अंत

सीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता जनार्दन ने अपनी मुहर हमारी नीतियों पर विधानसभा, लोकसभा और स्थानीय निकायों के निर्वाचन में लगाई है। जनता का हमें भरपूर स्नेह और जनादेश मिला और कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया। “स्कोर शून्य रहा। ’ऐसी स्थिति क्यों बनी है, यह इनके पाँच वर्ष के कुशासन और अराजकता पर जनता का जवाब था ।

पिछली कांग्रेस सरकार ने महापौर का अप्रत्यक्ष निर्वाचन कराया। उन्होंने ऐसा इसलिये किया ताकि योग्य प्रत्याशी की जगह अपने गुट के अपने कृपा पात्र को महापौर बनवा दिया जाये।

’थोपे हुए मेयर पार्षद का चुनाव भी हमारे एक जमीनी कार्यकर्ता से हार गये।

हमने इस अलोकतांत्रिक परंपरा को समाप्त किया।

’कांग्रेस सरकार के कुशासन और भ्रष्टाचार से बनाये हुए गड्‌ढों को पाटते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए हमने एक नई राह खोली है।

’केवल कुशासन और भ्रष्टाचार ही कांग्रेस की सरकार की सच्चाई नहीं थी। संवेदनहीनता इस सरकार का सबसे कुरूप चेहरा था।

’रोटी और कपड़े के साथ मकान मनुष्य की सबसे बुनियादी जरूरत है। इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने प्रधानमंत्री आवास योजना आरंभ की।

छत्तीसगढ़ के 18 लाख लोग मकान की आस में रहे लेकिन संवेदनहीन कांग्रेस की सरकार ने आम जनता की तकलीफ की ओर नजर भी नहीं फेरी।

भूपेश जी, केंद्र सरकार अपना हिस्सा तो दे ही रही थी, आपने राज्यांश क्यों नहीं दिया। गरीबों के आवासों के लिए जरूरी संवेदनशीलता क्यों नहीं दिखाई।

’आपके मंत्रिमंडल के वरिष्ठ साथी आपको राशि देने के लिए पत्र लिखते रहे लेकिन आप टस से मस नहीं हुए ।

’ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि आपकी प्राथमिकताओं में गरीब लोग कभी थे ही नहीं।

’अब हमारी ट्रिपल इंजन की सरकार है। ’शपथ ग्रहण के अगले ही दिन हमने कैबिनेट में 18 लाख आवास स्वीकृत कर दिये हैं।

’नये वित्तीय वर्ष के लिए भी तीन लाख अतिरिक्त आवास स्वीकृत किये गये हैं। इनके लिए मार्च तक सर्वे पूरा हो जाएगा।

अब मकान की बात चल रही है तो एक बात मेरे दिमाग में आ रही है कि हम मकान की मजबूती के लिए सरिया भी उपयोग करते हैं।

’सरिया अच्छी क्वालिटी का नहीं हुआ तो मकान कब भरभराकर गिर जाए, कहा नहीं जा सकता।

भ्रष्टाचार का नकली सरिया

राज्य सिविल सेवा, शासन प्रणाली की मजबूती के लिए सरिये की तरह काम करती है। वर्ष 2021 में पीएससी की परीक्षा हुई। जब नतीजे आये तो चौंकाने वाले रहे। डिप्टी कलेक्टरों के पदों में कांग्रेस नेताओं के परिजन दिखे। पीएससी के अधिकारियों के बच्चे नजर आये। उस दिन छत्तीसगढ़ के हर युवा का सपना टूट गया था। पूरे सिस्टम को पता था कि सिविल सेवा के ढांचे में भ्रष्टाचार के नकली सरिये की आपूर्ति हो चुकी है और यह पूरे ढांचे को तबाह कर देगा,’ फिर भी सिस्टम की चुप्पी दिल तोड़ देने वाली थी।

महाभारत की कहानी

’महाभारत की कहानी हर युग में दोहराई जाती है। दुशासन, दुर्योधन और शकुनी छल के बल पर जुआ खेलते हैं। द्रौपदी का चीरहरण होता है। इस कहानी में सर्वाधिक पीड़ा का विषय धृतराष्ट्र की चुप्पी थी। वे राजा थे, उनकी जिम्मेदारी अधिक थी कि उनके दरबार में हो रहा यह अंधेर रूके। लेकिन कुछ नहीं हुआ क्योंकि इसमें उनकी सहमति थी।

प्रोटेक्शन मनी

कांग्रेस सरकार के संरक्षण में महादेव एप खुलकर फला-फूला। प्रोटेक्शन मनी जितनी तेजी से बंटती गई, सट्टे का कारोबार उतनी ही तेजी से फैलता गया। कांग्रेस की सरकार ने आबकारी नीति में ऐसे बदलाव किये जिससे सरकारी राजस्व को ही चूना लगा दिया गया। यह नंबर दो का पैसा किस किस रास्ते पर कहां कहां पहुंच गया, इसकी जांच अभी एजेंसियां कर रही हैं।

भ्रष्टाचार का वायरस

भ्रष्टाचार एक ऐसा वायरस है जो सबसे तेजी से फैलता है। छत्तीसगढ़ में एक सिंडिकेट बना जिसने अपने भ्रष्टाचार के भरपूर अनुभव का लाभ स्वयं तो लिया ही, दूसरी राज्य सरकारों को भी अपनी सेवा दी। झारखंड और दिल्ली की शराब नीति में बदलाव भी अमूमन ऐसे ही थे। साफ था कि एक ही सिंडीकेट हर जगह काम कर रहा था।

लालच की पूर्ति नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि ’गांधी जी कहते थे कि “धरती हर मनुष्य की आवश्यकता की पूर्ति के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराती है लेकिन इससे मनुष्य के लालच की पूर्ति नहीं हो पाती। सिंडिकेट ने आनन-फानन में पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की पारदर्शी आनलाइन पालिसी को बदल दिया और मैनुअल ट्रांजिट पास आरंभकर दिया। इसके बाद जो खेल हुआ, वो तो सब ने देखा है।’ संसाधनों की ऐसी लूटखसोट छत्तीसगढ़ ने पहले कभी नहीं देखी थी।

काम करूंगा तो फोटो छपेगी

पूर्व मुख्यमंत्री जी ने सदन में मेरी फोटो को लेकर टिप्पणी की थी। मैं यह बताना चाहता हूँ कि मेरा विश्वास जमीन पर काम करने में ज्यादा है। काम अच्छा होगा मीडिया फोटो अपने-आप छाप देगा।

खनिजों का ऑनलाइन ट्रांजिट पास

हमने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टालरेंस के साथ काम किया। खनिजों का आनलाइन ट्रांजिट पास पुनः आरंभ किया। भ्रष्टाचारियों में आज एसीबी का जो खौफ है पहले कभी नहीं रहा।

हमने आबकारी की पुरानी नीति को समाप्त किया और नई नीति के चलते फर्जीवाड़े पर रोकथाम लगी और आबकारी राजस्व दोगुना हो गया। खरीदी प्रक्रिया के भ्रष्टाचार को रोकने हमने जेम पोर्टल से खरीदी की अनिवार्यता करने का निर्णय लिया।

Gopal Rao

गोपाल राव रायपुर में ग्रेजुएशन करने के बाद पत्रकारिता को पेशा बनाया। विभिन्न मीडिया संस्थानों में डेस्क रिपोर्टिंग करने के बाद पिछले 8 सालों से NPG.NEWS से जुड़े हुए हैं। मूलतः रायपुर के रहने वाले हैं।

Read MoreRead Less

Next Story