स्वास्थ्य मंत्री को उपकरण खरीदी और केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन में भ्रष्टाचार के सवालों का करना पड़ेगा सामना, गृह मंत्री को कानून व्यवस्था से लेकर ग्राम सड़क योजनाओं का देना होगा हिसाब
Chhattisgarh Vidhansabha Budget Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। प्रश्नकाल के दौरान गुरुवार को डिप्टी सीएम विजय शर्मा को अपने विभागों से संबंधित सवालों का सामना करना पड़ेगा। प्रश्नकाल के दौरान सदन में CGMSC उपकरण खरीदी घोटाला, आयुष्मान कार्ड से इलाज और कर्मचारियों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि में अनियमितता जैसे सवालों का स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल को सामना करना पड़ेगा।

npg.news
रायपुर 19 मार्च 2026, छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। प्रश्नकाल के दौरान गुरुवार को डिप्टी सीएम विजय शर्मा को अपने विभागों से संबंधित सवालों का सामना करना पड़ेगा। प्रश्नकाल के दौरान सदन में CGMSC उपकरण खरीदी घोटाला, आयुष्मान कार्ड से इलाज और कर्मचारियों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि में अनियमितता जैसे सवालों का स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल को सामना करना पड़ेगा।
विधायक रामकुमार टोप्पो ने पूछा, पुलिस वीरात पदक में सम्मान राशि दी जाती है क्या?
क्या छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस एवं सशस्त्र बल के जवानों और अधिकारियों एवं छत्तीसगढ़ राज्य में निवासरत देश के विभिन्न राज्य बलों व सेना में कार्यरत जवानों व अधिकारियों को वीरता कार्य पर मिलने वाले पुलिस वीरता पदक सहित वीरता के सभी पदकों के प्राप्तकर्ता को छत्तीसगढ़ राज्य में सरकार से किसी प्रकार की कोई सम्मान राशि दी जाती है? (ख) वर्ष 2024 से 26 जनवरी, 2026 तक कितने और कौन-कौन से वीरता पदक किस प्रकरण पर अधिकारियों और जवानों को वीरता पदक प्राप्त हुए? पदवार व नाम सहित जानकारी प्रदान करें?
विधायक जनक ध्रुव ने जीएसटी परफारमेंस गारंटी पर दागे सवाल
क्या विभाग द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजनान्तर्गत जीएसटी परफॉरमेंस सिक्योरिटी, सुरक्षा निधि, परफॉरमेंस गारंटी, रायल्टी राशि आदि के भुगतान हेतु वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में राशि रुपये 139.80 करोड़ प्रदान की गई थी? (ख) क्या उक्त राशि का व्यय वित्त विभाग के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजनान्तर्गत जीएसटी परफॉरमेंस सिक्योरिटी, सुरक्षा निधि, परफॉरमेंस गारंटी, रायल्टी राशि आदि के भुगतान हेतु किया गया है? यदि नहीं, तो उक्त राशि का व्यय किन-किन मदों से किसकी अनुमति से किया गया है? (ग) वर्तमान में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजनान्तर्गत जी एस टी परफॉरमेंस सिक्योरिटी, सुरक्षा निधि, परफॉरमेंस गारंटी, रायल्टी राशि आदि का कितना भुगतान ठेकेदारों को किया जाना शेष है?
विधायक कुंवर सिंह निषाद ने प्रोत्साहन राशि में अनियमितता को लेकर पूछे सवाल
जिला बालोद अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अर्जुन्दा में वर्ष 2025-26 में आयुष्मान कार्ड से ईलाज के तहत अधिकारी/कर्मचारियों को प्रदाय की जाने वाली प्रोत्साहन राशि में क्या अनियमितता की शिकायत प्राप्त हुई है? यदि हाँ, तो उक्त अनियमितता में कौन-कौन से अधिकारी/कर्मचारी संलिप्त पाए गए हैं तथा उन पर क्या कार्यवाही की गई है? पद नाम सहित जानकारी देवें?
विधायक भूलन सिंह मरावी ने स्वास्थ्य मंत्री ने मांगे ये हिसाब
जिला सूरजपुर के जिला चिकित्सालय सूरजपुर में स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी के कितने स्वीकृत पद रिक्त हैं तथा अभी तक कितने स्वीकृत पद भरे गये हैं एवं अन्य स्वीकृत पदों की भर्ती हेतु आपकी क्या कार्ययोजना है ? (ख) जिला सूरजपुर के जिला चिकित्सालय सूरजपुर में कौन-कौन से चिकित्सा जांच उपकरण (मशीन) हैं?
विधायक प्रबोध मिंज ने भवन विहिन थानों की मांगी जानकारी
सरगुजा जिले में कौन-कौन से पुलिस थाने एवं चौकियों के लिए भवन नहीं हैं? सूची उपलब्ध करावें? (ख) उक्त भवनविहीन थाने एवं पुलिस चौकी किस-किस विभाग के भवनों में कब से संचालित हैं? जानकारी देवें? (ग) प्रश्नांक 'क' अंतर्गत भवन कब तक बना लिए जाएंगे ?
विधायक चातुरी नन्द ने 15 वें वित्त की राशि का मांगा हिसाब
वर्ष 2023-24 से लेकर फरवरी, 2026 तक राज्य के ग्राम पंचायतों को मूलभूत राशि, 15 वें वित्त की राशि के रूप में कितनी राशि जारी की गई है? स्वीकृत राशि, स्वीकृति वर्षवार जानकारी जिलावार बताएं? (ख) क्या वित्तीय वर्ष 2024-25 में मूलभूत राशि, 15 वें वित्त की राशि में भुगतान में विलम्ब के मामले संज्ञान में आये हैं? यदि हाँ, तो विलम्ब के क्या कारण हैं और इसके लिए दोषी कौन है और क्या कार्रवाई की गई? जिलावार जानकारी दें?
विधायक धर्मजीत सिंह ने स्व सहायता समूह के गठन की मांगी जानकारी
बिलासपुर जिला अंतर्गत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन योजना (बिहान) के तहत कुल कितने महिला स्वसहायता समूहों का गठन किया गया है? (ख) कंडिका "क" के कितने समूहों का बैंक लिंकेज किया जा चुका है? (ग) तखतपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गनियारी में स्थित मल्टी यूटिलिटी सेंटर (आजीविका अंगना) का निर्माण किसके द्वारा किया गया है एवं उसमें कौन-कौन से कार्य किये जा रहे हैं? (घ) विगत वर्षों में कंडिका "ग" के निर्माण से लेकर वर्ष 2025 तक कौन-कौन से मद से कौन-कौन से कार्य स्वीकृत हुए हैं और उनकी अद्यतन स्थिति क्या है?
विधायक रिकेश सेन ने स्पर्श हॉस्पिटल में गड़बड़ी को लेकर दागे सवाल
क्या वर्ष 2025 में वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में स्थित स्पर्श हॉस्पिटल, रामनगर, सुपेला, भिलाई के बेसमेंट में अवैध रूप से संचालित ऑक्सीजन प्लांट और मेनीफोल्ड रूम के संबंध में शिकायतें प्राप्त हुई हैं? यदि हों, तो उस पर अब तक शासन के द्वारा क्या कार्रवाई की गई है? (ख) क्या प्रश्नांश (क) अनुसार अस्पताल के बेसमेंट में भारी मात्रा में ऑक्सीजन सिलेंडर और मेनीफोल्ड रूम (भंडारण कक्ष) का संचालन सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है? (ग) प्रश्नांश (ख) अनुसार ऑक्सीजन प्लांट से निकलने वाली आक्सीजन औषधि के रूप में मरीजों को दी जाती है, क्या इसका प्रमाण पत्र औषधि विभाग ने दिया है? (घ) प्रश्नांश (ग) अनुसार क्या प्लांट के संचालन हेतु विस्फोटक नियंत्रण विभाग (पी.ई.एस.ओ), नगर पालिक निगम भिलाई, फायर सेफ्टी विभाग व जिला स्वास्थ्य विभाग से आवश्यक अनुमतियां प्राप्त की गई हैं? यदि नहीं, तो अवैध संचालन पर कब तक कार्रवाई की जावेगी?
विधायक सुशांत शुक्ला ने सीजीएमएससी फर्जीवाड़ा को लेकर पूछे सवाल
वर्ष 2020 से 15.02.2026 अवधि तक सीजीएमएससी द्वारा छत्तीसगढ़ के शासकीय अस्पतालों हेतु किन-किन दवाओं / सर्जिकल उपकरणों एवं अन्य सामग्रियों की खरीदी कितनी-कितनी मात्रा में किस-किस दर पर की गई? इसमें कितनी-कितनी राशि का व्यय हुआ? वर्षवार जानकारी उपलब्ध करावें? (ख) क्या प्रश्नांश "क" की खरीदी गई दवाओं, उत्पादों एवं अन्य सामग्रियों को विगत दो वर्षों में उपयोग से पृथक करने का आदेश जारी किया गया है? यदि हाँ, तो किन-किन दवाओं, उत्पादों एवं अन्य सामग्रियों को किन कारणों से पृथक करने का आदेश दिया गया है? (ग) क्या उपयोग से पृथक की गई दवा, सर्जिकल उपकरण एवं अन्य सामग्रियों की गुणवत्ता की जांच की गई? यदि हाँ, तो जांच में क्या पाया गया? जिनकी रिपोर्ट अमानक पाई गई उन कंपनियों पर क्या-क्या कार्यवाही की गई?
विधायक भोलाराम साहू ने पीएमजीएसवाय को लेकर पूछे सवाल
क्या वर्ष 2022-23 से 10 फरवरी, 2026 तक खुज्जी विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क एवं मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क निर्माण की सड़कें अत्यधिक क्षतिग्रस्त अथवा अगम्य सड़कों के रूप में पहचान की गई हैं? यदि हों तो निरीक्षणकर्ता के नाम निरीक्षण दिनांक सहित जानकारी देवें? (ख) क्या प्रश्नांक "क" की इन ग्रामीणी सड़कों की मरम्मत एवं रखरखाव के लिए राशि आबंटित की गई है? यदि हों, तो वर्षवार, जिलेवार, राशिवार एवं किए गये व्यय की जानकारी देवें?
विधायक संगीता सिन्हा ने महिलाओं व बालिकाओं के गुम होने का मांगा हिसाब
जनवरी, 2023 से 31 जनवरी, 2026 तक प्रदेश में बालिकाओं एवं महिलाओं के गुम होने, अपहरण एवं बहला-फुसलाकर ले जाने की कितनी सूचनाएं थानों को प्राप्त हुई है? जिलेवार, वर्षवार जानकारी देवें? (ख) कण्डिका 'क' के कितने प्रकरणों पर गुमशुदगी एवं अपहरण के मामले दर्ज किये गये हैं एवं कितने में नहीं? प्राथमिकी दर्ज नहीं किये जाने के संबंध में पुलिस के उच्च अधिकारियों को कितनी शिकायतें प्राप्त हुई है? जिलेवार, वर्षवार जानकारी देवें? (ग) दिनांक 15 फरवरी, 2026 की स्थिति में कण्डिका 'क' के कितने प्रकरणों में बालिकाओं एवं महिलाओं को ढूँढ पाने में सफलता प्राप्त हुई है? शेष को ढूँढने के क्या प्रयास किया गया।
