Begin typing your search above and press return to search.

CG Rajyasabha: मार्च में दो नए सांसद, राज्यसभा के लिए कांग्रेस से चरणदास महंत की दावेदारी? तो भाजपा से चौंकाने वाले नाम!

CG Rajyasabha: मार्च में छत्तीसगढ़ को राज्यसभा सदस्य के रूप में दो नए सांसद मिल जाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग ने 10 राज्यों से निर्वाचित राज्य सभा के 37 सदस्यों के रिक्त होने वाले पदों के लिए निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा कर दी हैय इनका कार्यकाल अप्रैल 2026 में समाप्त होने वाला है।

CG Rajyasabha: मार्च में दो नए सांसद, राज्यसभा के लिए कांग्रेस से चरणदास महंत की दावेदारी? तो भाजपा से चौंकाने वाले नाम!
X

मार्च में छत्तीसगढ़ को मिलेंगे दो सांसद (Rajyasabha)

By Gopal Rao

CG Rajyasabha: रायपुर। छत्तीसगढ़ से इस बार राज्यसभा के लिए दो सीटों पर मार्च में चुनाव होने जा रहा है। विधानसभा की सीटों के समीकरण के हिसाब से एक सीट भाजपा और एक सीट कांग्रेस के खाते में जाएगी। इससे पहले भाजपा केवल 15 सीटों तक सिमट गई थी, इस कारण दोनों सीटें कांग्रेस के खाते में चली गई थी। अब भाजपा 54 और कांग्रेस 35 सीट पर है, इस कारण भाजपा की एक सीट में वापसी हो रही है। 90 सीट की विधानसभा में 18 सीट के अनुपात में राज्य सभा की पांच सीटें हैं। इसी अनुपात के हिसाब से सीट के लिए पार्टी का निर्धारण होता है।

राज्यसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित होते ही भाजपा और कांग्रेस में दावेदार सक्रिय हो गए हैं। कांग्रेस में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत पहले से राज्यसभा जाने की इच्छा काफी समय से व्यक्त कर रहे हैं। उनकी दिली ख्वाहिश है कि एक बार राज्यसभा सदस्य बन जाएं, इस बात को वे कई बार सार्वजनिक रूप से बोल चुके हैं। माना जा रहा है कि उनकी दावेदारी रहेगी, भले ही आखिरी समय में कोई दूसरा नाम तय हो जाए। दूसरी ओर भाजपा में अभी किसी का नाम ऊपर तैर नहीं रहा है, अंदरखाने की बात करें तो कुछ पूर्व विधायक और ओबीसी नेता सक्रिय हो चुके हैं। जबकि समीकरण बता रहे हैं कि इस बार एससी अथवा सामान्य वर्ग से भाजपा कोटे से किसी को राज्यसभा भेजा जा सकता है।

तुलसी और फूलोदेवी रिटायर

चुनाव आयोग ने 37 सीटों के लिए 26 फरवरी को अधिसूचना जारी करने का निर्णय लिया है। छत्तीसगढ़ में केटीएस तुलसी और फूलोदेवी नेताम के पद रिक्त होने जा रहे हैं। नामांकन करने की अंतिम तिथि 5 मार्च, 2026 (गुरुवार) है और इसके अगले दिन नामांकन पत्रों की जांच होगी। सामान्यत एक प्रत्याशी होने पर इसी दिन भावी राज्य सभा सदस्य का नाम फाइनल हो जाएगा और मतदान की नौबत नहीं आएगी। नामांकन वापसी की तारीख 9 मार्च, सोमवार रखी गई है। एक से अधिक प्रत्याशी होने पर 16 मार्च, सोमवार को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। इसके तत्काल बाद शाम पांच बजे वोटों की गिनती होगी। आयोग ने 20 मार्च से पहले निर्वाचन प्रक्रिया खत्म करने का लक्ष्य रखा है।

इन राज्यों में इनका कार्यकाल होगा खत्म

महाराष्ट्र- कराड, डॉ. भगवत किशनराव, खान, डॉ. (श्रीमती) फौजिया तहसीन अहमद, चतुर्वेदी प्रियंका विक्रम, पवार शरदचंद्र गोविंदराव, पाटिल धैर्यशील मोहन, रजनी अशोकराव, अठावले रामदास बंदू

ओडिशा- ममता मोहंता, मुजीबुल्ला खान, सुजीत कुमार, निरंजन बिशी

तमिलनाडु- एन.आर. एलांगो, पी. सेल्वारासु, एम. थंबीदुराई, तिरुचि शिव, डॉ. कनिमोझी एन.वी.एन. सोमू, जीके वासन

पश्चिम बंगाल- साकेत गोखले, रितब्रता बनर्जी, बिकाश रंजन भट्टाचार्य, मौसम नूर (05.01.2026 से रिक्त), सुब्रत बख्शी

असम- रामेश्वर तेली, भुवनेश्वर कलिता, अजीत कुमार भुयान

बिहार- अमरेंद्र धारी सिंह, प्रेम चंद गुप्ता, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा, हरिबंश नारायण सिंह

छत्तीसगढ़- कवि तेजपाल सिंह तुलसी, फूलो देवी नेताम

हरि­याणा- किरण चैधरी, राम चंदर जांगरा

हिमाचल प्रदेश- इंदु बाला गोस्वामी

तेलंगाना- डॉ. अभिषेक मनु सिंघवी, के.आर. सुरेश रेड्डी


Gopal Rao

गोपाल राव: रायपुर में ग्रेजुएशन करने के बाद पत्रकारिता को पेशा बनाया। विभिन्न मीडिया संस्थानों में डेस्क रिपोर्टिंग करने के बाद पिछले 11 सालों से NPG.NEWS से जुड़े हुए हैं। मूलतः रायपुर के रहने वाले हैं।

Read MoreRead Less

Next Story