Begin typing your search above and press return to search.

CG Politics News: सियासी बवाल के बाद एक मंच पर दिखे तोखन साहू-अरुण साव, मगर रहे खिंचे-खिंचे से

CG Politics News: बिलासपुर में लोक निर्माण विभाग के लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम को राजनीतिक बवाल के बाद रद्द कर दिया गया था। इसके बाद पहली बार बिलासपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री अरुण साव एक साथ एक मंच पर नजर आए।

CG Politics News: सियासी बवाल के बाद एक मंच पर दिखे तोखन साहू-अरुण साव, मगर रहे खिंचे-खिंचे से
X
By Radhakishan Sharma

CG Politics News: बिलासपुर। बिलासपुर संभाग की राजनीति में एकाएक नया मोड़ आ गया है। इस संभाग से भाजपा के कई दिग्गज नेता हैं और इस कारण से राजनीतिक समीकरण में भी बदलाव आ जाता है। अभी बिलासपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू हैं और बिलासपुर के सांसद भी हैं। इनका लोरमी से नाता है और दिलचस्प यह है कि उप मुख्यमंत्री अरुण साव का भी लोरमी से नाता है। दोनों ही नेता ओबीसी का प्रतिनिधित्व करते हैं। इनके अलावा बिलासपुर जिले में ही कई पुराने दिग्गज भाजपा नेता सत्ता में हैं। इनमें पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल के साथ तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह भी विधायक हैं।

बीते दिनों बिलासपुर में लोक निर्माण विभाग का एक बड़ा सरकारी कार्यक्रम था। वहां 49 करोड़ रुपये की सौगात के साथ लोकार्पण और शिलान्यास होना था। आमंत्रण कार्ड पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू का नाम नहीं था, जबकि प्रोटोकाल के हिसाब से क्षेत्रीय सांसद का नाम होना चाहिए। न तो उनका नाम था और न ही आमंत्रित किए गए थे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि खुद अरुण साव थे। उस वक्त तोखन दिल्ली में थे। बताते हैं कि उनकी ओर से जिले और विभाग के आला अफसरों को फोन आ गया कि उनकी जानकारी के बिना क्यों कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। बवाल इतना बढ़ा कि कार्यक्रम प्रारंभ होने के ठीक एक घंटे पहले निरस्त हो गया।

दोनों एक मंच पर

सोमवार को बिलासपुर में स्वामी विवेकानंद जयंती पर एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया और इसमें तोखन व अरुण साव, दोनों उपस्थित थे। बताते हैं कि दोनों के बीच बहुत कम सीमित संवाद ही हुआ। एक मंच पर दोनों नजदीक बैठे थे, जबकि दूसरे मंच पर वे अलग- अलग बैठे दिखे। इस कार्यक्रम में बिल्हा विधायक धरम लाल कौशिक और तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह भी उपस्थित थे।

कोपरा में नहीं दिखे साव

इससे पहले रामसर साइट में शामिल किए गए कोपरा जलाशय में भी एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। उस कार्यक्रम में केवल केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ही दिखे। ज्ञात हो कि तोखन ने ही प्रयास कर कोपरा जलाशय को जैव संरक्षण के लिए रामसर साइट में शामिल करवाया है। कार्यक्रम इसी संदर्भ में आयोजित किया गया था। जबकि जिले के बाकी विधायक इस कार्यक्रम में नजर आए।

टले कार्यक्रम का जिक्र नहीं

बिलासपुर में लोक निर्माण विभाग के जिस कार्यक्रम को निरस्त कर दिया गया था। उसका अब कहीं पर कोई जिक्र नहीं हो रहा है। अफसर दबी जुबान से कह रहे हैं कि रायपुर से मिलने वाले निर्देश की प्रतीक्षा है और कार्यक्रम उसी हिसाब से किया जाएगा। तब अफसरों ने तर्क दिया था कि कुछ नए विकास कार्य को लोकार्पण शिलान्यास कार्यक्रम में जोड़ना था, इस कारण से कार्यक्रम टाला गया था। देखना है कि इसमें कितने नए कार्यक्रम जुड़ते हैं।

Radhakishan Sharma

राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।

Read MoreRead Less

Next Story