CG Politics News:कलश यात्रा से अमर ने दिखाई ताकत, वीडियो में देखिए शहर में उमड़ी ऐतिहासिक भीड़, महिलाओं की भीड़ के आगे सड़कें पड़ीं छोटी
CG Politics News: शहर में अद्भूत नजारा देखने को मिला। पीले रंग की साड़ी और सिर पर कलश लिए हजारों की संख्या में महिलाएं सड़क पर चल रही थीं। महाकलश यात्रा में जुटी भीड़ के चलते शहर की सड़कें छोटी पड़ गई। चारों तरफ जयश्री राम का उद्घोष हो रहा था। शहर विधायक अमर अग्रवाल पत्नी शशि अग्रवाल के साथ कलश यात्रा की अगुवाई कर रहे थे। आयोजन पूरी तरह धार्मिक है। छत्तीसगढ़ की बदली हुई राजनीतिक परिस्थितियों में इस यात्रा के अपने सियासी मायने भी हैं। अमर ने एक बार फिर महाकलश यात्रा के जरिए अपनी ताकत की नुमाइश की है। न्यायधानी में निकली कलश यात्रा की राजधानी तक गुंज स्वाभाविक है।

CG Politics News: बिलासपुर। विजय कौशल महाराज आज से शहरवासियों को श्रीराम कथा सुनाएंगे। श्रीराम कथा आयोजन समिति बीते पखवाड़ेभर से तैयारियों में जुटी हुई है। रविवार को श्रीराम कथा आयोजन समिति के बैनर तले शहर में महाकलश यात्रा निकाली गई थी। यात्रा की सबसे खास बात ये कि हजारों की संख्या में महिलाएं स्वस्फूर्त जुटीं। पीले की रंग की साड़ी पहने महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर यात्रा में शामिल हुईं। महाकलश यात्रा में जुटी भीड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सड़कें छोटी पड़ गई है। भीड़ की शुरुआत और आखिरी छोर का पता नहीं चल पा रहा था। रविवार को शहर में निकली महाकलश यात्रा की वीडियो अब सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म पर जमकर वायरल हो रहा है। शहरवासियों की जुबान पर एक ही बात है,इतनी भीड़ इसके पहले किसी आयोजन में नहीं जुटी।
रविवार होने के कारण लोग घर पर ही थे। महाकलश यात्रा ने शहर में उत्सव का माहौल बना दिया। जिस तरह महिलाओं का जुड़ाव नजर आया, धार्मिक आयोजन करने वाले तो भौचक रहे, सियासत में रुचि रखने वाले और राजनीति को करीब से देखने वाले भी हैरान रह गए। छत्तीसगढ़ भाजपा की राजनीतिक परिस्थितियों को करीब से देखने वाले यह बात अच्छी तरह जानते हैं कि सत्ता के गलियारे से विधायक व पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल की दूरी बनी हुई है। अमर जैसे दिग्गज नेताओं की मौजूदा सियासी माहौल में सत्ता से दूरी जगजाहिर है। आमतौर पर यह बात भी कही और सुनी जाती है कि सत्ता से दूरी बनी रहने के दौर में आम लोग तो छोड़िए कार्यकर्ता भी किनारे करने लग जाते हैं। रविवार को शहर की सड़कों पर जो कुछ देखने को मिला, और जिसने भी देखा, हैरान रहे गए। भीड़ ऐसी कि जैसे अमर की सत्ता के गलियारे से अब भी उतनी ही करीब का रिश्ता रहा हो जैसा पहले हुआ करता था। महाकलश यात्रा के दौरान जुटी भीड़ ने एक बार फिर उनके सियासी कद में इजाफा ही करेगा। गुटीय राजनीति पर भरोसा करने वालों के लिए रविवार को शहर में जो माहौल बना और जैसी भीड़ जुटी, हैरान ओर परेशान करने वाला माना जा सकता है। सियासी गलियारों में पूर्व मंत्री व विधायक अमर के प्रबंधन की आज भी उसी अंदाज में चर्चा शुरू हो गई है।
भीड़ के आगे यहां की सड़कें पड़ गईं छोटी
पुराना बस स्टैंड, अग्रसेन चौक, सत्यम चौक, मध्य नगरी चौक, सराफा लाइन, सदर बाजार और गोल बाजार से जब कलश यात्रा गुजरी तो भीड़ के आगे यहां की सड़कें छोटी पड़ गई। पूरी सड़क और आसपास की गलियां लोगों की भीड़ से खचाखच भरी हुई थी।
