CG को अब केंद्र से ज्यादा हिस्सा: भाजपा सांसद ने कहा- राज्य की आय से ज्यादा राशि दे रही केंद्र सरकार, कांग्रेस के सांसदों ने सदन में क्यों नहीं उठाया मामला
सांसद सुनील सोनी ने बताया केंद्र सरकार ने राज्य को किस साल में कितनी राशि दी

रायपुर, 18 अप्रैल 2022। केंद्र से छत्तीसगढ़ के हिस्से में कटौती के आरोपों पर जवाब देने के लिए सोमवार को सांसद सुनील सोनी आगे आए। सोनी ने दावा किया है कि केंद्र सरकार हर साल राज्य की आय से ज्यादा राशि दे रही है। ऐसे में कांग्रेस के आरोप गलत हैं। सांसद ने यह सवाल भी पूछा है कि यदि इतनी बड़ी राशि की कटौती की गई है तो कांग्रेस के सांसद लोकसभा और राज्यसभा में चुप क्यों रहे?
हर साल राशि में वृद्धि की जा रही है
एकात्म परिसर में पत्रकारों से चर्चा में सांसद सोनी ने बताया कि 2019-20 में केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को लगभग 34 हजार करोड़ रुपए दिए। यह राज्य की कुल आय का 53 प्रतिशत है। यानी केंद्र से मिली राशि राज्य की खुद की आय से ज्यादा रही। 2020-21 में भी हालत कुछ ऐसे ही थे। केंद्र सरकार ने राज्य को लगभग 38 हजार करोड़ रुपए दिए। वर्ष 2021-22 में लगभग 44 हजार करोड़ और आने वाले वर्ष के लिए केंद्र से 44,573 करोड़ मिलना प्रस्तावित है। हर साल केंद्र से मिली या मिलने वाली राशि कांग्रेस शासन में राज्य की कुल आय से ज्यादा है। सांसद ने बताया कि इस साल के केंद्रीय बजट में केंद्र सरकार ने राज्यों के विकास के लिए 2 लाख 92 हजार करोड़ की राशि अलग से पूंजीगत व्यय के लिए आवंटित की है, जिसमें 8 हजार करोड़ रुपए का अतिरिक्त लाभ छत्तीसगढ़ को मिलने जा रहा है।
पीएम मोदी ने बढ़ाई 10 फीसदी राशि
भाजपा सांसद के मुताबिक कांग्रेस शासन में छत्तीसगढ़ को करों की हिस्सेदारी के रूप में केवल 32 प्रतिशत राशि मिलती थी। मोदी सरकार में अब छत्तीसगढ़ को केंद्रीय करों का 42 प्रतिशत हिस्सा मिल रहा है। लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे पीएम मोदी ने ही राज्यों के हिस्से में 10 प्रतिशत की वृद्धि की है। केंद्र से मिलने वाले ग्रांट में प्रतिवर्ष 9 प्रतिशत की वृद्धि हो रही है। छत्तीसगढ़ राज्य को केंद्र से 178 प्रतिशत राशि ज्यादा मिल रही है। केंद्र द्वारा इतना सब कुछ देने के बाद भी राज्य का अनर्गल आरोप लगाना संघीय व्यवस्था उस अनैतिकता का चरम है। इस दौरान बीजेपी प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव, केदारनाथ गुप्ता, अमित चिमनानी और उमेश घोरमोड़े मौजूद थे।
