Begin typing your search above and press return to search.

राजधानी में 148 कार्यों में भ्रष्टाचार : भाजपा का बड़ा आरोप – स्मार्ट सिटी के कार्यों में बड़ी अनियमितता, केंद्रीय मंत्री से करेंगे शिकायत

राजधानी में 148 कार्यों में भ्रष्टाचार : भाजपा का बड़ा आरोप – स्मार्ट सिटी के कार्यों में बड़ी अनियमितता, केंद्रीय मंत्री से करेंगे शिकायत
X
By NPG News

रायपुर। भाजपा ने रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड पर भारी भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। भाजपा ने दावा किया है कि 176 में से 148 कार्यों में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। इसकी शिकायत केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी से करेंगे। राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय, रायपुर सांसद सुनील सोनी, पूर्व मंत्री राजेश मूणत और शहर अध्यक्ष जयंती पटेल के साथ भाजपा के 26 पार्षद बुधवार शाम को दिल्ली जाएंगे और केंद्रीय मंत्री से भेंट कर भ्रष्टाचार की केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने की मांग करेंगे। भाजपा नेताओं ने स्मार्ट सिटी में भ्रष्टाचार का पुलिंदा तैयार किया है।

राजधानी में साइंस कॉलेज ग्राउंड पर चौपाटी निर्माण के विरोध चल रहे अनिश्चितकालीन धरने की कड़ी में मंगलवार शाम को मशाल रैली निकाली गई। इसमें वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय और पूर्व विधानसभा स्पीकर धरमलाल कौशिक शामिल हुए। इससे पहले साय, कौशिक के अलावा रायपुर संभाग प्रभारी सौरभ सिंह, प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव धरने को समर्थन देने पहुंचे।


वरिष्ठ आदिवासी नेता साय ने कहा कि यह सत्य का संघर्ष है। छात्रों के भविष्य का संघर्ष है। हमारे आने वाले कल के संरक्षण का संघर्ष है। इस दिशाहीन सरकार के राज में कोई ऐसा वर्ग नहीं बचा है, जो परेशान ना हो। कोई ऐसा विभाग नहीं है, जहां भ्रष्टाचार ना हो। अब माफिया के सरगना की नजर शैक्षणिक केंद्र पर है। साय ने कहा, मेरी बातों को कान खोल के सुन ले सरकार, छात्र शक्ति को कम आंक कर आपने बहुत बड़ी गलती कर दी। छात्र शक्ति राष्ट्र शक्ति है। किसी भी सरकार की कुर्सी के पैरदान हिला कर रख देती है। अब बारी कांग्रेस सरकार की है।

पूर्व विधानसभा स्पीकर कौशिक ने कहा कि जन भावनाओं के विरुद्ध शैक्षणिक संस्थाओं में चौपाटी का निर्माण कांग्रेस की सरकार अपने कथित स्वार्थ के लिए करवा रही है। इसका सर्वत्र विरोध हो रहा है। इसलिये ही हम सब जुटे हुए हैं कि इसके निर्माण पर अंकुश लगाया जाए ताकि इन शैक्षणिक संस्थाओं व परिसर का सौंदर्य बना रहे। उन्होंने कहा, कायदा कानून को ताक में रखकर स्मार्ट सिटी की गाइडलाइन के विरुद्ध इस चौपाटी का अवैध निर्माण किया जा रहा है। कांग्रेस अपनी हठधर्मिता की वजह से ऐसे विरोधी कार्य कर रही है, जिसका विरोध समाज के हर वर्ग द्वारा किया जा रहा है।


विधायक सौरभ सिंह ने कहा कि लूट की अंधी रेस में दौड़ने वाली कांग्रेस पार्टी के महापौर केंद्र सरकार द्वारा जन सुविधाओं के लिए स्मार्ट सिटी के मद से दिए जा रहे पैसों का ना सिर्फ दुरुपयोग कर रही है, बल्कि उसमें भ्रष्टाचार का खुला खेल जारी है।

Next Story