Begin typing your search above and press return to search.

CG Youth Congress: यूथ जोड़ो बूथ जोड़ो अभियान चलाएंगे कांग्रेस के युवा, वोटर आईडी, आधार और पैन कार्ड भी बनाएंगे

छत्तीसगढ़ में 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले यूथ कांग्रेस ने बड़े स्तर पर जनसंपर्क अभियान की रूपरेखा बनाई है।

CG Youth Congress: यूथ जोड़ो बूथ जोड़ो अभियान चलाएंगे कांग्रेस के युवा, वोटर आईडी, आधार और पैन कार्ड भी बनाएंगे
X
By NPG News

रायपुर। छत्तीसगढ़ यूथ कांग्रेस के युवा 'यूथ जोड़ो-बूथ जोड़ो' अभियान के तहत बड़े स्तर पर जनसंपर्क अभियान शुरू करने की तैयारी में हैं। इस संबंध में हाल ही में शिविर में भविष्य की योजना और उसकी रूपरेखा से सभी पदाधिकारियों को अवगत कराया गया है। इसे कांग्रेस की चुनावी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, क्योंकि युवाओं को न सिर्फ एक-एक बूथ तक जाकर राज्य सरकार की उपलब्धियों और केंद्र की भाजपा सरकार की नाकामियों को बताना है, बल्कि युवा वोटर आईडी, आधार और पैन कार्ड बनाने के लिए भी शिविर लगाएंगे। यूथ कांग्रेस के लिए आयोजित शिविर में इस रणनीति की जानकारी दी गई। सीएम भूपेश बघेल, सीएम के सलाहकार राजेश तिवारी ने भी शिविर को संबोधित किया था।


संभाग-जोन और सेक्टर में बांटेंगे

युवा मोर्चा के सभी पदाधिकारियों, जिला व विधानसभा अध्यक्षों के साथ-साथ टीम के सभी कार्यकर्ताओं को संभाग, जोन व सेक्टर में बांटकर जिम्मेदारियां दी जाएंगी। इन्हें एक-एक बूथ में कम से कम 10 कार्यकर्ता जोड़ना होगा। यही चुनावी मैनेजमेंट का अहम हिस्सा होगा, क्योंकि इसके जरिए कांग्रेस एक-एक बूथ स्तर तक पहुंच बनाएगी। लोगों को राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है, या नहीं, अलग-अलग योजनाओं के पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा नए वोटरों की तलाश कर उनके लिए वोटर लिस्ट के साथ-साथ जिन लोगों के पास अब तक आधार कार्ड या पैन कार्ड नहीं हैं, उनके लिए यह सब भी तैयार किया जाएगा, जिससे डाटाबेस उपलब्ध होगा।


काम नहीं तो टीम से तत्काल बाहर

यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों का एयरपोर्ट के सामने जैनम मानस भवन में तीन दिन के शिविर का आयोजन किया गया। इसमें एक्सपर्ट्स ने यूथ जोड़ो-बूथ जोड़ो अभियान के अंतर्गत डोर टू डोर कैम्पेन की जानकारी दी थी। साथ ही, यह भी स्पष्ट किया गया है कि जो टीमें बनाई जाएंगी, उनके सदस्यों को हर हाल में आउटपुट देना होगा। इसमें जो भी कमजोर साबित होंगे, उन्हें बाहर कर तत्काल दूसरे पदाधिकारी या कार्यकर्ता को रीप्लेस किया जाएगा। 2018 में हुए विधानसभा चुनाव से पहले भी कांग्रेस ने बड़े स्तर पर ट्रेनिंग और बूथ मैनेजमेंट के जरिए अपनी टीमों को लगाया, जिसका फायदा देखने को मिला और कांग्रेस 68 सीटें जीतने में कामयाब रही। इसके रिकॉर्ड को बनाए रखने के लिए अब निचले स्तर तक यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को एक्टिवेट किया जाएगा।

Next Story