Begin typing your search above and press return to search.

CG BJP कार्यसमिति हैदराबाद की तर्ज पर: इस बार राजनांदगांव में कार्यसमिति, पहले दिन बूथ में समय बिताएंगे पदाधिकारी

बस्तर में चिंतन शिविर और धमतरी में मंथन के बाद अब राजनांदगांव में प्रदेश कार्यसमिति का आयोजन।

CG BJP कार्यसमिति हैदराबाद की तर्ज पर: इस बार राजनांदगांव में कार्यसमिति, पहले दिन बूथ में समय बिताएंगे पदाधिकारी
X
By NPG News

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति इस बार हैदराबाद में हुई राष्ट्रीय कार्यसमिति के तर्ज पर होगी। प्रदेश कार्यसमिति प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के बजाय राजनांदगांव में होगी। 24 और 25 दिसंबर को होने वाली कार्यसमिति के पहले दिन सभी प्रदेश पदाधिकारी, कोर ग्रुप के सदस्य, संभाग, जिला प्रभारी और जिलाध्यक्ष एक-एक बूथ में दिनभर बिताएंगे। इसके बाद शाम को कार्यसमिति स्थल पहुंचेंगे। 25 दिसंबर को दिनभर राजनीतिक मुद्दों, कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी। बता दें कि हाल ही में हुए भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव में हार, जनवरी में पीएम आवास योजना को लेकर प्रस्तावित आंदोलन आदि के संबंध में चर्चा की जाएगी। अब खेती-किसानी समय खत्म हाेने के बाद भाजपा ग्राउंड लेवल तक लोगों के बीच जाने की तैयारी में है। इसे लेकर भी चर्चा की जाएगी। आने वाले समय में अलग-अलग शहरों में कार्यसमिति व अन्य महत्वपूर्ण बैठकें करने के संबंध में भी कार्ययोजना बनाई जा सकती है, जिससे संबंधित क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में उत्साह आए।

चुनिंदा सदस्यों को ही बुलावा

प्रदेश कार्यसमिति में सभी कार्यसमिति सदस्यों को नहीं बुलाया गया है, बल्कि चुनिंदा लोग ही शामिल होंगे। इनमें कोर ग्रुप के सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी, सांसद-विधायक, जिलाध्यक्ष, संभाग व जिला प्रभारी शामिल हैं। इसके लिए सभी अपेक्षित पदाधिकारियों को सूचना दे दी गई है। इनमें से कौन-कौन पदाधिकारी किन बूथों के कार्यक्रम में शामिल होंगे, इसकी सूचना जिला संगठन द्वारा दी जाएगी।

माथुर का कार्यक्रम नहीं आया

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश प्रभारी ओमप्रकाश माथुर आएंगे या नहीं, इस बात पर अभी संशय है। अभी माथुर का कार्यक्रम नहीं आया है। संभवत: कल या परसों शाम तक यह स्पष्ट हो पाएगा। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल रायपुर में हैं। वे शामिल होंगे। इसके अलावा सह प्रभारी नितिन नबीन के भी शामिल होने की जानकारी है। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश का भी कार्यक्रम नहीं आया है।


119 विधानसभाओं में गए थे

इस साल जुलाई महीने में हैदराबाद में भाजपा की राष्ट्रीय का आयोजन किया गया था। पहले दिन देशभर से आए पदाधिकारियों को 119 विधानसभाओं में दिनभर का समय बिताने और फीडबैक लाने के लिए भेजा गया था। छत्तीसगढ़ के भी नेताओं को जिम्मेदारी दी गई थी। इसी तर्ज पर छत्तीसगढ़ के नेता राजनांदगांव के एक-एक बूथ में जाएंगे और वहां लोगों व कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेंगे। इस पर चर्चा की जाएगी।

शक्ति केंद्रों तक जाने का प्लान

छत्तीसगढ़ भाजपा ने बूथों और शक्ति केंद्रों तक जाने का प्लान बनाया है। छत्तीसगढ़ में पहले प्रवास पर पहुंचे प्रदेश प्रभारी अजय जम्वाल ने कहा था कि किसी शहर में सैकड़ों की संख्या में बड़ा आंदोलन करना ही सफलता का पैमाना नहीं है। एक मंडल में 50 लोगों का कार्यक्रम करने के बजाय 50 शक्ति केंद्रों में 10-10 लोगों के साथ कार्यक्रम किया जाए। इस तरह 500 की संख्या में लोग भाजपा से जुड़ेंगे। इसे आगे बढ़ाते हुए 11 लोकसभा क्षेत्रों के लिए प्रभारी बनाए गए हैं। तीन से पांच नेताओं की कमेटी बनाई गई है, जो अपने-अपने प्रभार वाले लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत एक-एक विधानसभा में जाएंगे। हर विधानसभा में रात बिताएंगे। लोगों और कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा करेंगे। उनकी बातों को समझेंगे। कार्यकर्ताओं के घर पर ही भोजन करेंगे।

Next Story