Begin typing your search above and press return to search.

CG BJP का राजनांदगांव मंथन : भाजपा कार्यसमिति की बैठक अब 8-9 को, 165 बूथों में जाएंगे प्रदेश के नेता

राजनांदगांव में एक-एक बूथों में भेजे जाएंगे वरिष्ठ नेता। दिनभर कार्यकर्ताओं के साथ समय बिताएंगे। रात्रि विश्राम भी करेंगे।

CG BJP का राजनांदगांव मंथन : भाजपा कार्यसमिति की बैठक अब 8-9 को, 165 बूथों में जाएंगे प्रदेश के नेता
X
By NPG News

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा अब चुनावी कार्ययोजना बनाने के लिए 8-9 जनवरी को राजनांदगांव में जुटेगी। इसमें प्रदेश प्रभारी ओमप्रकाश माथुर, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, सह प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन के साथ कोर ग्रुप, प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक, जिला अध्यक्ष और जिलों के प्रभारी व सह प्रभारी शामिल होंगे। तेलंगाना में हुई राष्ट्रीय कार्यसमिति की तर्ज पर राजनांदगांव के 165 बूथों में एक-एक पदाधिकारी जाएंगे। हालांकि 8 जनवरी को कोर ग्रुप की बैठक है, इसलिए इसमें शामिल 18 नेताओं को छूट दी गई है। कार्यसमिति का आयोजन सोमनी स्थित रिसॉर्ट में किया जाएगा।

विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है। पहली बार प्रदेश कार्यसमिति में शक्ति केंद्र प्रवास की पहल की जा रही है। राजनांदगांव संगठन जिले में 165 शक्ति केंद्र हैं। इन केंद्रों में एक-एक पदाधिकारी जाएंगे। कुछ पदाधिकारियों को दो शक्ति केंद्र की जिम्मेदारी भी दी गई है। इस दौरान वे कार्यकर्ताओं के साथ पूरा दिन बिताएंगे। कार्यसमिति स्थल से लगे शक्ति केंद्रों के प्रभारी रिसॉर्ट में ही रुकेंगे, बाकी किसी एक कार्यकर्ता के घर पर रात्रि विश्राम करेंगे। इससे पहले तेलंगाना में राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों को एक-एक विधानसभा की जिम्मेदारी दी गई थी। छत्तीसगढ़ के नेता भी इसमें शामिल हुए थे।


पीएम आवास पर बड़ा आंदोलन

भाजपा का अब फोकस बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को चार्ज करने पर होगा। इससे पहले एक बड़े आंदोलन की तैयारी है। पीएम आवास को लेकर यह आंदोलन दुर्ग में होगा। इसमें हितग्राहियों को शामिल करने की तैयारी है, जिन्हें राशि नहीं मिलने के कारण मकान नहीं बन पाया है। छत्तीसगढ़ में पीएम आवास (ग्रामीण) में सबसे ज्यादा खराब स्थिति है। इसके अलावा कानून व्यवस्था, धर्मांतरण, अपराध, आरक्षण जैसे मुद्दों पर भी आने वाले समय में आंदोलन की रूपरेखा बनाई जाएगी।

खेती का काम पूरा, अब राजनीति

छत्तीसगढ़ में खेती का काम पूरा हो गया है। धान खरीदी की प्रक्रिया भी लगभग पूरी हो चुकी है। अब मेले-मड़ई का दौर शुरू होगा। भाजपा इस समय को ज्यादा से ज्यादा लोगों के बीच जाकर बिताने की तैयारी में है। हाल ही में 11 लोकसभा क्षेत्रों को केंद्रित कर 11 टीमें बनाई गई थीं, जिन्होंने हर लोकसभा के अंतर्गत अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जाकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें की। इसी कड़ी में राष्ट्रीय स्तर पर बनी कार्ययोजना के अंतर्गत केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कोरबा लोकसभा में सभा लेंगे।

Next Story