Begin typing your search above and press return to search.

CG 35 के फेर में BJYM: भाजयुमो में नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को अब 2 महीने होने को, इसलिए फंस रहा पेंच...

CG 35 के फेर में BJYM: भाजयुमो में नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को अब 2 महीने होने को, इसलिए फंस रहा पेंच...
X
By NPG News

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजयुमो की नई कार्यकारिणी फिर 35 साल की उम्र सीमा के पेंच में फंस गई है। नए अध्यक्ष रवि भगत की नियुक्ति को अब दो महीने होने को हैं, लेकिन अब तक नई कार्यकारिणी नहीं बनी है। अब पेंच इस बात पर है कि नई टीम 35 साल की होगी या पुरानी टीम के कुछ लोगों को मौका मिलेगा।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अरुण साव की नियुक्ति के बाद भाजयुमो में रवि भगत को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। इसके बाद से कार्यकारिणी नहीं बन पाई है, जबकि धमतरी में हुई बैठक में सभी नियुक्तियों को हर हाल में अक्टूबर तक पूरा करना था। अब यह जानकारी सामने आ रही है कि 35 साल की उम्र सीमा के कारण नियुक्ति में दिक्कत आ रही है। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल 35 साल तक के ही युवाओं को शामिल करने के पक्ष में हैं, वहीं प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय पुरानी टीम के कुछ युवाओं को जगह देना चाहते हैं।

बता दें कि अमित साहू की टीम में प्रमुख पदों पर भी कई ओवरएज की नियुक्ति की गई थी। इसे लेकर काफी बवाल मचा था। प्रदेश मंत्री के पद से एक को हटाना पड़ा था। हालांकि बाद में तत्कालीन प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने भी बोलना बंद कर दिया था। इस बीच उपाध्यक्ष और प्रदेश मंत्री के पद पर नियुक्ति नहीं हो पाई और प्रदेश को ही बदल दिया गया। अब चुनाव को सालभर का समय ही शेष है। ऐसे में युवा मोर्चा में नियुक्ति को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। एक खबर यह भी आ रही है कि 15 नवंबर तक नियुक्ति कर दी जाएगी।

राष्ट्रीय मंत्री का पद भी खाली

भाजयुमो की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में रवि भगत और गुंजन प्रजापति को शामिल किया गया था। रवि अब प्रदेश अध्यक्ष बन गए हैं। ऐसे में राष्ट्रीय मंत्री के पद पर किसी युवा की नियुक्ति हो सकती है। इसके लिए भी कई युवा हाथ पैर मार रहे हैं।

Next Story