Begin typing your search above and press return to search.

भूपेश बब्बर शेर: कांग्रेस बोली - रमन सिंह जिसे चूहा समझ रहे उसी बब्बर शेर ने दुम दबाकर भागने मजबूर किया

भूपेश बब्बर शेर: कांग्रेस बोली - रमन सिंह जिसे चूहा समझ रहे उसी बब्बर शेर ने दुम दबाकर भागने मजबूर किया
X
By NPG News

रायपुर। पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह द्वारा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को मुसवा कहने पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति दर्ज की है और माफी की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि रमन सिंह ने मुख्यमंत्री के लिए जिस भाषा का उपयोग किया है, वह बेहद ही आपत्तिजनक और अशिष्ट है। 15 साल मुख्यमंत्री रहे रमन सिंह सत्ता जाने के बाद इतना ज्यादा बौखला गए हैं कि वह तीन चौथाई बहुमत के साथ निर्वाचित मुख्यमंत्री के लिए अभद्र और अशिष्ट भाषा का प्रयोग करने के स्तर तक उतर गए हैं।

शुक्ला ने कहा, रमन सिंह ने सिर्फ भूपेश बघेल का नहीं छत्तीसगढ़ियों का अपमान किया है। वे भूल रहे हैं, जिसे वे चूहा समझ रहे हैं, उसी बब्बर शेर ने 2018 में उनको दुम दबाकर सरकार से भागने को मजबूर कर दिया था।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष ने कहा कि 15 साल मुख्यमंत्री रहने के दौरान छत्तीसगढ़ के हितों के लिए जो काम वे नहीं कर पाए, भूपेश बघेल ने 4 साल की सरकार में अपनी योजनाओं से लोगों का दिल जीत लिया है। छत्तीसगढ़ की तीज त्योहार, संस्कृति, लोककला, खेलकूद, छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति स्थापना, भगवान राम वनगमन मार्ग, कौशल्या माता मंदिर के पुनर्निर्माण से आम छत्तीसगढ़िया भूपेश बघेल में अपना अक्स देखता है, जिसको रमन सिंह बर्दाश्त नहीं कर पा रहे।

शुक्ला ने कहा, रमन सिंह के अंदर की सामंती प्रवृत्ति जाग गय है। वे अब राजनैतिक विरोध की मर्यादा को भूलकर मुख्यमंत्री को अपमानित करने पर तुले हैं। किसानों की कर्जा माफी, 2500 में धान खरीदी, स्वामी आत्मानंद स्कूल में गरीबों के बच्चों को मुफ्त शिक्षा, आदिवासियों की जमीन वापसी, बिजली बिल हाफ योजना, मुख्यमंत्री शहरी स्लम, दाई दीदी क्लिनिक जैसी लोक कल्याणकारी योजनाओं के कारण भूपेश बघेल जनता के दुलारे मुख्यमंत्री बन गए हैं।

Next Story