Begin typing your search above and press return to search.

बाल पथ संचलन: श्री गुरुनानक जयंती पर संघ के बाल स्वयंसेवकों का घोष वादन के साथ निकला पथ संचलन

बाल पथ संचलन: श्री गुरुनानक जयंती पर संघ के बाल स्वयंसेवकों का घोष वादन के साथ निकला पथ संचलन
X
By NPG News

रायपुर। श्री गुरुनानक जयंती के पर्व पर मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, रायपुर महानगर द्वारा बाल स्वयंसेवकों के पथ संचलन का कार्यक्रम भाठागांव नया बस स्टैंड के पास स्थित रावणभाठा मैदान में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कृष्णा पब्लिक स्कूल के संचालक आशुतोष त्रिपाठी, मुख्य वक्ता के रूप में प्रांत के संपर्क प्रमुख धीरेन्द्र नशीने एवं महानगर संघ चालक महेश बिड़ला मंच पर उपस्थित थे।


प्रमुख अतिथि आशुतोष त्रिपाठी ने कहा कि, आज का दिन श्री गुरुनानक देव की जयंती एवं कार्तिक पूर्णिमा के रूप में पूरे देश में मनाया जाता है। ऐसे पावन पर्व पर संघ के स्वयसेवकों का संचलन बहुत ही सराहनीय है। श्री गुरुनानक जी ने सम्पूर्ण मानव समाज को श्रेष्ठ जीवनमूल्यों की शिक्षा दी थी और धर्म की रक्षा के लिए उनका मार्गदर्शन आज भी प्रासंगिक हैं।


कार्यक्रम के मुख्य वक्ता धीरेन्द्र नशीने ने कहा कि, हमारी संस्कृति ने भारत में हुए विभिन्न आक्रमणों के बाद भी सभी को अपने में समाहित कर लिया। स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात हम फिर कभी पराधीन न हो, और मातृभूमि की सेवा के लिए संगठित शक्ति के रूप में डॉ. हेडगेवार जी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की। डॉ. हेडगेवार जी बाल्यकाल से ही देशभक्त थे। भारतीय संस्कृति की रक्षा के लिए सम्पूर्ण देश को सुसंगठित करने के लिए अपना जीवन देश के लिए समर्पित किया। संघ का मंत्र प्रार्थना एवं तंत्र शाखा को नित्य प्रति जीवन में लाने का आवाहन करते हुए भारत मां को विश्वगुरु के रूप में प्रतिष्ठित करने का प्रण लेने का संकल्प लेने को कहा।


श्री गुरुनानक जयंती के पर्व पर बाल स्वयंसेवकों का पथ संचलन रावणभाठा से प्रोफेसर कॉलोनी, राधास्वामी नगर, कुकरी पारा, मठपारा होते हुए वापस रावणभाठा मैदान पर संपन्न हुआ। इस अवसर पर संघ अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Next Story