Begin typing your search above and press return to search.

CG Election 2025: टिकट वितरण को लेकर फूटा गुस्सा: त्रिलोक और तैय्यब का आरोप, दोनों BJP की बी टीम की तरह कर रहे काम….

CG Election 2025: टिकट वितरण को लेकर कांग्रेस में बवाल थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। मेयर पद के केंडिडेट त्रिलोक श्रीवास और निवृतमान पार्षद व दावेदार तैय्यब हुसैन का गुस्सा आज फूट पड़ा। त्रिलोक और तैय्यब ने अपने अंदाज में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी और शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय पांडेय पर गंभीर आरोप लगाए। दोनों नेताओं ने कहा कि ये दोनों अध्यक्ष भाजपा की बी टीम की तरह काम कर रहे हैं। कांग्रेस की लुटिया डुबाने में कोई नहीं छोड़ रहे हैं। भाजपा नेताओं से सेटिंग कर टिकट रेवड़ी की तरह बांट दी है। दोनों अध्यक्ष कांग्रेस का भला चाहने वाले नहीं है। वीडियो में सुनिए किस अंदाज में फूटा गुस्सा और क्या-क्या लगाए आरोप।

CG Election 2025: टिकट वितरण को लेकर फूटा गुस्सा: त्रिलोक और तैय्यब का आरोप, दोनों BJP की बी टीम की तरह कर रहे काम….
X
By Radhakishan Sharma

CG Election 2025: बिलासपुर। कांग्रेस का आंतरिक कलह उस वक्त सार्वजनिक हो गई और अनुशासन तार-तार हो गया जब मेयर पद के दावेदार कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास ने जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी पर पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल के साथ सांठगांठ का आरोप लगाया। त्रिलोक यहीं चुप नहीं हुए, उन्होंने कहा कि विजय भाजपा की बी टीम की तरह काम कर रहे हैं। कांग्रेस की लुटिया डुबाना चाहते हैं। त्रिलोक से पहले निवृतमान पार्षद तैय्यब हुसैन ने शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय पांडेय पर जमकर आरोप लगाए। त्रिलोक की तर्ज पर तैय्यब ने भी वही कहा। विजय पांडेय पर भाजपा नेताओं से सेटिंग टिकट रेवड़ी की तरह बांटने का आरोप लगाया।

त्रिलोक और तैय्यब ने विजय केशरवानी और विजय पांडेय पर जमकर आरोप लगाए और कहा कि टिकट वितरण में पारदर्शिता की कमी ने निष्ठावान कार्यकर्ताओं को हाशिए पर धकेल दिया है। इससे पार्टी का जनाधार कमजोर हो रहा है। दोनों नेताओं के सार्वजनिक रूप से लगाए गंभीर आरोप ने गुटीय राजनीति को धरातल पर ला खड़ा किया है।

पार्टी के भीतर मची खलबली

त्रिलोक और तैय्यब के गंभीर आरोप के चलते कांग्रेस की आंतरिक राजनीति में हलचल सी मच गई है। त्रिलोक ने तो यहां तक कह दिया कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी का भाजपा नेताओं के साथ मिलीभगत है। पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल के पिता स्व लखीराम अग्रवाल की स्मृति में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन कराने वाले विजय केशरवानी को ना तो शहरवासी और ना ही कांग्रेस के नेता व पदाधिकारी भूल पाए हैं। अमर के साथ उनकी गजब की सियासी ट्यूनिंग है। टिकट वितरण में सब दिखाई दे रहा है। त्रिलोक ने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी पार्टी के मूल सिद्धांतों और कार्यकर्ताओं की भावनाओं के खिलाफ काम कर रहे हैं। केशरवानी पर पार्टी में गुटबाजी बढ़ाने और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को दरकिनार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी की एकता और कार्यकर्ताओं का विश्वास बहाल करने के लिए निर्णायक कदम उठाने होंगे।

तैय्यब ने भी लगाए गंभीर आरोप

कांग्रेस नेता एवं पूर्व पार्षद तैयब हुसैन ने शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय पांडे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। तैय्यब ने कहा कि विजय पांडेय पार्टी के सिद्धांतों के विपरीत काम कर रहे हैं और उनकी कार्यशैली भाजपा की “बी टीम” जैसी दिखाई दे रही है। टिकट वितरण प्रक्रिया में यह साफ झलकता है कि शहर अध्यक्ष ने कांग्रेस के हितों को नजरअंदाज किया है। उन्होंने ऐसे फैसले लिए हैं जो भाजपा को सीधे तौर पर फायदा पहुंचाते हैं।

सोशल मीडिया में वायरल होने लगा वीडियो

टिकट वितरण को फूट रहे गुस्से के बीच कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास व पूर्व पार्षद तैय्यब हुसैन द्वारा जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों के खिलाफ लगाए गए गंभीर आरोप के बाद कांग्रेस की राजनीति में खलबली मच गई है। इसके साथ ही समर्थक कार्यकर्ताओं द्वारा बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर जमकर वायरल भी कर रहे हैं। इसमें कमेंट्स भी आने लगा है।


Next Story