Begin typing your search above and press return to search.

CG Election 2025: निकाय चुनाव: घोषणा के साथ आरोप पत्र भी जारी करेगी बीजेपी, एक फरवरी से शुरू होगा घर-घर झंडा अभियान

CG Election 2025: नगरीय निकाय चुनाव को लेकर बीजेपी अपना घोषणा पत्र जारी करेगी। इसके साथ ही पार्टी पूर्ववर्ती परिषद के खिलाफ आरोप पत्र भी जारी करेगी।

CG Election 2025: निकाय चुनाव: घोषणा के साथ आरोप पत्र भी जारी करेगी बीजेपी, एक फरवरी से शुरू होगा घर-घर झंडा अभियान
X
By Sanjeet Kumar

CG Election 2025: रायपुर। बीजेपी नगरी निकाय चुनाव में पूर्ववर्ती कांग्रेस परिषद के खिलाफ आरोप पत्र जारी करेगी। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व नगरीय निकाय चुनाव के प्रदेश संयोजक भूपेंद्र सवन्नी ने कहा निकाय चुनाव का घोषणा पत्र शीघ्र ही जारी किया जाएगा। साथ ही भाजपा जनता के बीच ही आरोप पत्र भी लेकर आएगी। भाजपा का जनघोषणा पत्र प्रदेश की निकायों के विकास और भाजपा के सुशासन की अवधारणा से पूरिपूर्ण होगा। सवन्नी ने कहा कि एक फरवरी को प्रदेशभर के भाजपा कार्यकर्ता अपने घरों में भाजपा का झंडा लगाने का अभियान चलाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता घर-घर विष्णुदेव साय सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच जा रहे है, साथ ही कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान निकायों में हुए भ्रष्टाचार और विकास कार्य की अनदेखी का मुद्दा भी जनता के बीच उठाया जाएगा।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सवन्नी ने कहा कि कांग्रेस की पूर्ववर्ती भूपेश सरकार में नगरीय निकायों में विकास कार्य शून्य रहा। कांग्रेस के निकायों के जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों में भ्रष्टाचार को अंजाम दिया। जनता अब कांग्रेस से ऊब चुकी है। इसलिए जनता ने ठान लिया है कि नगरीय निकाय में भी भाजपा का सुशासान लाना है। इस बार भाजपा नगरीय निकाय चुनावों में पूरा क्लीन स्वीप करेगी। प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह से नकार दिया है। यही कारण भी है कि कांग्रेस नगरीय निकायों के चुनाव में अपनी हार मान चुकी है और कांग्रेस, भाजपा से हर तैयारी में पीछे हो गई। जहां भाजपा के सभी पार्षद पद के उम्मीदवारों ने एक साथ अपने मेयर और अध्यक्षों के साथ नामांकन किया।

वहीं कांग्रेस के पार्षदों ने अलग-अलग नामांकन भरे। हालात यह है कि नामांकन के अंतिम दिन तक कांग्रेस निकायों के प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं कर पाई। कांग्रेस नगरीय निकाय चुनाव में भी अंतर्कलह से जूझ रही है। सवन्नी ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकार्ता और पदाधिकारियों ने खुद कांग्रेस में टिकट बेचे जाने का आरोप लगा रहे हैं। ये कोई नई बात नहीं है, क्योंकि कांग्रेस हर चुनाव में कांग्रेस टिकट बेचती है, फिर उनके जनप्रतिनिधि चुनाव जीतने के बाद भ्रष्टाचार कर दिए हुए पैसे की पूर्ति करते हैं। कांग्रेस का जनता के कल्याण और विकास कार्य से कोई मतलब नहीं है। वे जब भी सत्ता में आते हैं, सिर्फ भ्रष्टाचार और लूट मचाते हैं। इसके अनगिनत उदाहरण जनता के सामने हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का संकल्प है कि पार्लियामेंट से लेकर निकाय और पंचायतों तक भाजपा का झंडा लहराना है। सवन्नी ने कहा कि भाजपा विकास और राष्ट्रवाद की नीति पर नि:स्वार्थ भाव से जनसेवा करती है। यही कारण है कि प्रदेश की जनता ने लोकसभा और विधानसभा के चुनाव में अपार जनसर्मथन दिया।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सवन्नी ने कहा केंद्र और राज्य में भाजपा की डबल इंजन की सरकार छत्तीसगढ़ हर क्षेत्र में तेजी के साथ विकास कर रही है। आज विष्णुदेव साय सरकार ने पीएम मोदी की सभी गारंटी की योजनाओं को करने का काम किया है। विष्णुदेव साय के सुशासन की प्रदेश में प्रचंड लहर चल रही है। इससे जनता का विश्वास और साथ भाजपा के साथ है और निकाय चुनावों में भाजपा ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी।

Sanjeet Kumar

संजीत कुमार: छत्‍तीसगढ़ में 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय। उत्‍कृष्‍ट संसदीय रिपोर्टिंग के लिए 2018 में छत्‍तीसगढ़ विधानसभा से पुरस्‍कृत। सांध्‍य दैनिक अग्रदूत से पत्रकारिता की शुरुआत करने के बाद हरिभूमि, पत्रिका और नईदुनिया में सिटी चीफ और स्‍टेट ब्‍यूरो चीफ के पद पर काम किया। वर्तमान में NPG.News में कार्यरत। पंड़‍ित रविशंकर विवि से लोक प्रशासन में एमए और पत्रकारिता (बीजेएमसी) की डिग्री।

Read MoreRead Less

Next Story