CG Election 2025: 10 में से 5 मेयर महिला: तीन आरक्षित और दो मुक्त सीट पर भी नारी शक्ति ने लहराया जीत का परचम
CG Election 2025: प्रदेश के सभी 10 नगर निगमों का चुनाव परिणाम जारी हो गया है। सभी निकायों में बीजेपी प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। रोचक तथ्य यह है कि 10 में से 5 मेयर महिलाएं हैं। इनमें भी दो मुक्त सीटों से पुरुषों को हराकर मेयर बनी हैं।

CG Election 2025: रायपुर। छत्तीसगढ़ के 10 नगर निगमों में से 5 में महिलाएं मेयर चुनी गई हैं। इसमें रायपुर, बिलासपुर और अंबिकापुर जैसे बड़े नगर निगम भी शामिल है। मेयर चुनी गई सभी महिलाएं पहली बार मेयर का चुनाव लड़ी हैं।
प्रदेश के 10 नगर निगमों में से 5 में बीजेपी ने महिलाओं को मेयर का टिकट दिया था। इनमें बिलासपुर और अंबिकापुर की सीट भी शामिल है, जो महिला आरक्षित नहीं थी। इन सीटों पर बीजेपी की मेयर प्रत्याशियों का मुकाबला कांग्रेस के पुरुष प्रत्याशियों से हुआ। अंबिकापुर में तो बीजेपी प्रत्याशी ने वहां के निर्वतमान महापौर अजय तिर्की को हराया है।
इन निकायों में महिला मेयर
प्रदेश के जिन नगरीय निकायों में महिलाएं मेयर चुनी गई हैं उनमें महिला आरक्षित रायपुर से मनील चौबे, ओबीसी महिला आरक्षित दुर्ग से अल्का बाघमार और कोरबा से संजू राजपूत शामिल हैं। इसके अलावा बिलासपुर से बीजेपी की पूजा विधानी से जीत दर्ज की है। इसी तरह अंबिकापुर से मंजूषा भगत शामिल हैं। अंबिकापुर नगर निगम एसटी वर्ग के लिए आरक्षित था।
कांग्रेस ने दिया था तीन महिलाओं को टिकट
कांग्रेस ने मेयर पद के लिए तीन महिला आरक्षित सीटों से महिलाओं को टिकट दिया था। कांग्रेस ने किसी भी मुक्त सीट पर महिला को प्रत्याशी नहीं बनाया था।
रायपुर में 15 साल बाद वापसी
प्रदेश के कई नगरीय निकायों में बीजेपी लंबे अर्से बाद सत्ता में आई है। रायपुर में लगातार तीन चुनाव से कांग्रेस के मेयर चुने जा रहे थे। यानी 15 साल बाद बीजेपी की मेयर बनी हैं। सुनील सोनी के बाद रायपुर में कोई भी बीजेपी का मेयर नहीं बना था। इसी तरह बिलासपुर और अंबिकापुर में भी करीब 10 साल बाद बीजेपी के मेयर चुने गए हैं।